भीमपुर के खेत में उग आई कॉलोनी की फसल
अवैध कॉलोनाईजर ने दिखाएं सब्जबाग, ठगे गए भीमपुर के आदवासी
✓भीमपुर के खेत में उग आई कॉलोनी की फसल
✓अवैध कॉलोनाईजर ने दिखाएं सब्जबाग, ठगे गए भीमपुर के आदवासी
✓1993 में बसी कॉलोनी के लोगों को अब पता चला कि खेत में बस गए
✓ज्ञापन के माध्यम से अब नियमों का दिया जा रहा हवाला
परिधि न्यूज बैतूल

भीमपुर विकासखंड में अवैध कॉलोनी निर्माण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अवैध कॉलोनाईजर्स द्वारा गरीब आदिवासियों को सब्जबाग दिखाकर उनके खून पसीने की कमाई खेत में मकान बनाने के लिए लगवा दी। अवैध कॉलोनी का मामला जब सुर्खियों में आया तो यहां के आदिवासियों को इस बात का अहसास हुआ कि वह तो ठगे गए है। लिहाजा अपना घर बचाने के लिए अचानक जागरुक हुए अवैध कॉलोनी के रहवासी अब जिम्मेदारी अधिकारियों को नियमों का हवाला देकर ज्ञापन सौंपकर राहत मांग रहे है।

अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने वाले भले ही किसी नियम कायदे का हवाला दे रहे है लेकिन हाल ही में 18 अप्रैल 2024 को एसडीएम द्वारा जारी एक निर्देश में स्पष्ट उल्लेख है कि कॉलोनाईजर /भूमिस्वामी द्वारा अवैध रुप से बिना डायवर्सन तथा सक्षम अधिकारी से ले आऊट एवं प्राक्कलन स्वीकृत कराए छोटे-छोटे भूखंडों का विक्रय किये जाकर यदि अवैध कॉलोनी का निर्माण किया है तो वह नियम विरुद्ध होकर अवैध कॉलोनी की श्रेणी में आता है। लिहाजा यह स्पष्ट है कि अभी-अभी जागे आदिवासियों के बहाने अवैध कॉलोनाईजर कार्रवाई से बचने के दांव खेल रहे है। यह तो स्पष्ट है कि जिस अवैध कॉलोनी को लेकर बवाल मचा हुआ है वहां भू माफिया ने खेत में कॉलोनी तो बसा दी लेकिन कॉलोनीवासियों को बिजली, रोड, नाली, की सुविधा तक नहीं दी। कृषि भूमि को बिना डायवर्ट किए बाकायदा कमर्शियल लाभ कमाया गया। भीमपुर में बालाजी पेट्रोलपम्प के सामने कृषि प्रयोजन की भूमि को महानगरों की दरों पर आदिवासियों को बेचने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। यहां अवैध कॉलोनाईजर न सिर्फ आदिवासियों को ठग रहे है अपितु शासन को भी चूना लगा रहे है। बहरहाल सवाल यह है कि खेत में उगी कॉलोनी की फसल कटेगी या बचेगी यह जिम्मेदार तय करेंगे या उनका मौन?