लोकसभा निर्वाचन 2024 : ईव्हीएम को लेकर पूरी संजीदगी बरतें: कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
लोकसभा निर्वाचन 2024
✓ईव्हीएम को लेकर पूरी संजीदगी बरतें: कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
✓ईडीसी का वितरण करें सुनिश्चित
परिधि न्यूज बैतूल
जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शनिवार को मतदान संबंधी व्यवस्था की पूर्व समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ईव्हीएम मशीनों के साथ प्रत्येक क्रिया में संजीदगी एवं गंभीरता बरते। ईव्हीएम अथवा मतदान प्रक्रिया के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से समन्वय कर शत प्रतिशत मतदान करायें। सभी अधिकारी अपने साथियों, अधीनस्थों को परिवार सहित मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। यह प्रयास करें कि हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
स्वीप के नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन ने कहा कि मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि के लिए स्वीप के अंतर्गत विभिन्न माध्यमों से मतदाता जागरूकता के लिए प्रचार श्रृंखला प्रारंभ की गई थी। जिसके तहत वाहन रैली, अक्षत लगाकर मतदान हेतु घर-घर निमंत्रण दिया गया। उन्होंने कहा कि अभी एआरओ को वोटर लिस्ट का वितरण सुनिश्चित करें। यह भी सुनिश्चित हो कि वोटर पर्ची भी मतदाता तक पहुंच जाए। इसके साथ मतदाता को यह भी बताए कि पर्ची के साथ उन्हें 13 परिचय पत्रों में से फोटो युक्त कोई एक परिचय पत्र साथ लाना होगा। श्री जैन ने कहा कि मतदान दलों के प्रशिक्षण का काम भी 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। उपस्थिति लगभग पूरी रही। मेन पॉवर रिजर्व दल के रूप में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सभी को चेक लिस्ट प्रदान की गई है। चेक लिस्ट के द्वारा अपने काम को सहजता से कर सकेंगे।
72 घंटे अत्यधिक महत्वपूर्ण
एडीएम जेपी सैय्याम ने कहा कि मतदान दिवस के अंतिम 72 घंटे अत्यंत महत्वपूर्ण होते है। इसी अवधि में लॉ एंड आर्डर की स्थिति निर्मित होती है, इसलिए सजगता बरते। धारा 144 मतदान दिवस के 48 घंटे के पूर्व लागू रहेगी। आवश्यक सभी प्रतिबंध एवं व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 48 घंटे पूर्व राज्य की सीमाओं को सील कर वाहनों आदि की सघन चेकिंग करें।
अपर पुलिस अधीक्षक सुश्री कमला जोशी ने बताया कि 5590 जवान मतदान व्यवस्था की सुरक्षा में लगे है। शेडो एरिया में मोबाईल और रेडियो सेक्शन इस अवधि में एक्टिव रहेगा। पर्याप्त संख्या में रिजर्व बल की कंपनियां उपलब्ध है।
मतदान दलों के लिए वाहन व्यवस्था
परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि मतदान दलों के लिए वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। उन्होंने सभी एआरओ से कहा कि वाहनों में डीजल पर्याप्त मात्रा में भरवाएं। डीजल के कारण कोई भी वाहन कहीं रुके नहीं। सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा है, जिसकी मॉनिटरिंग निर्वाचन कार्यालय द्वारा की जा रही है। यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित समय के अंदर अपने गंतव्य पर पहुंचे। मतदान दलों के साथ वाहन चालक एवं कंडक्टर के भोजन आदि की व्यवस्था भी की जाए। बैठक में एडीएम राजीव नंदन श्रीवास्तव, सहायक कलेक्टर एश्वर्य वर्मा एवं जेपी सैय्याम, सभी नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी ऑनलाइन जुड़े हुए थे।