केवल बसपा प्रत्याशी के लिए होगी नॉमिनेशन प्रक्रिया, संसदीय क्षेत्र बैतूल के लिए अब 7 मई को होगा मतदान: कलेक्टर
✓लोकसभा निर्वाचन 2024: निर्वाचन आयोग के निर्णय से स्टेंडिंग कमेटी के सदस्यों को कराया अवगत
✓केवल बसपा प्रत्याशी के लिए होगी नॉमिनेशन प्रक्रिया
✓संसदीय क्षेत्र बैतूल के लिए मतदान की नई तिथि 7 मई
परिधि न्यूज बैतूल
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन 2024 के अनुक्रम में संसदीय क्षेत्र बैतूल-29 में 7 मई को मतदान किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्टेंडिंग कमेटी के सदस्यों के साथ चर्चा करते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा बैतूल संसदीय क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के लिए नॉमिनेशन प्रक्रिया का बिन्दुवार कार्यक्रम घोषित किया है।
उल्लेखनीय है कि बैतूल संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी स्व. अशोक भलावी के निधन हो जाने पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बैतूल में आगामी आदेश तक मतदान स्थगित किया गया था। इसके पश्चात निर्वाचन आयोग को मतदान स्थगित किए जाने की सूचना दिए जाने के बाद ईसीआई द्वारा नॉमिनेशन एवं मतदान तिथि की घोषणा की गई।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंचायत अक्षत जैन, पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया, एडीएम जयप्रकाश सैय्याम, एडीएम राजीव नंदन श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर अनिल सोनी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी राजीव कहार उपस्थित थे।
बसपा प्रत्याशी के लिए नॉमिनेशन प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सूर्यवंशी ने निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नॉमिनेशन कार्यक्रम से अवगत कराते हुए बताया कि नॉमिनेशन प्रक्रिया केवल बहुजन समाज पार्टी द्वारा नामांकित प्रत्याशी के लिए ही होगी। नॉमिनेशन के संबंध में शुक्रवार 12 अप्रैल 2024 को अधिसूचना जारी की जाएगी। नॉमिनेशन की अंतिम तिथि 19 अप्रैल 2024 निर्धारित की गई है। 20 अप्रैल को नामांकन प्रपत्र की संवीक्षा की जाएगी। 22 अप्रैल को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के बसंत बाबा माकोड़े एवं कैलाश धोटे, आईएनसी हेमंत पगारिया एवं देवेन्द्र वाद्य, बसपा के रमेश कुमार उबनारे, निर्दलीय उम्मीदवार भागचरण वरकड़े एवं जादोराव सूर्यवंशी, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेश वाईकर, निर्दलीय उम्मीदवार भूरेलाल बैठेकर एवं निर्दलीय रूपेश जावलकर तथा बीएपी के अनिल उईके उपस्थित थे।