पिता के निधन के बाद नाजुक कंधो पर उठाई परिवार की जिम्मेदारी, बोर्ड परीक्षा में इस छात्र ने प्राप्त किए 85 प्रतिशत अंक
✓पिता के निधन के बाद नाजुक कंधो पर उठाई परिवार की जिम्मेदारी, बोर्ड परीक्षा में इस छात्र ने प्राप्त किए 85 प्रतिशत अंक
परिधि न्यूज शाहपुर
अक्सर मुश्किलें और ठोकरें इंसान को संभलकर चलना सिखाती है और हादसे पूरा जीवन ही बदल देते है। हाल ही में कक्षा 10 वी और 12वी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी किए।इसके बाद से प्रदेश और जिले की टॉपर लिस्ट में शामिल विद्यार्थियों की चर्चाएं जोरों पर है। सोशल मीडिया पर अभिभावक अपने सफल हुए बच्चो को शाबासी दे रहे है। होनहारों की लंबी सूची में शाबाशी का हकदार जिले का एक और छात्र भी है जिसे वक्त से पहले ही समझदार और जिम्मेदार होना पड़ा। 12 वी कक्षा में पहुंचते ही इस छात्र के सर से पिता का साया उठ गया है एक साल में पिता के साथ दादी भी छोड़ गई। पिता के समय निधन के बाद अपनी पढ़ाई को पूरा करने के साथ परिवार की भी जिम्मेदारी इस छात्र पर थी।मुश्किल दौर से गुजर रहे इस छात्र ने खुद को संभालते हुए जहां एक ओर कक्षा 5वी से 10 वी तक के बच्चो की ट्यूशन लेना शुरू किया वही खुद अपनी पढ़ाई पर भी फोकस किया। 17 वर्षीय इस छात्र का नाम है कन्हैया पिता स्व मुकेश सोनी।जो बड़ा चौक शाहपुर निवासी है और मॉडल स्कूल शाहपुर का छात्र है। कन्हैया ने 85 प्रतिशत अंक के साथ बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण कर साबित कर दिया कि मुश्किलें संभलना भी सिखाती है और लड़ना भी।
2022 में पिता के निधन के बाद बना परिवार का सहारा
कन्हैया के पिता मुकेश सोनी का निधन वर्ष 2022 में हो गया था।उस वक्त कन्हैया मात्र 16 वर्ष का था।पिता की मौत के बाद घर की जिम्मेदारी संभालने वाला कोई नही था ऐसे में कन्हैया ने अपने से छोटी क्लास के बच्चो की ट्यूशन लेना शुरू कर दिया।2023 में दादी का भी देहांत हो गया जो परिवार के लिए कठिन समय था। अब परिवार में मां गौरी सोनी और दीदी मुस्कान सोनी है।तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कन्हैया ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने परिवार का भी सहारा बना। कन्हैया जैसे होनहार विद्यार्थी को जिम्मेदारिया भले ही वक्त से पहले निभाना पड़ रहा है लेकिन उसने कभी अपनी जिम्मेदारियों से हार नही मानी। इस होनहार को परिधि न्यूज की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।