Paridhi Administrative Diary➡️सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर डॉ. सोनवणे➡️ प्रभारी मंत्री श्री पटेल मंगलवार को जनसुनवाई में होंगे शामिल, जनसमस्याओं का करेंगे समाधान➡️ सोनाघाटी में अवैध मुरूम उत्खनन पर 32 लाख 25 हजार का जुर्माना, पोकलेन मशीन राजसात➡️ तीसरी रेलवे लाइन निर्माण में अवैध खनिज भंडारण पर 36 लाख 95 हजार का जुर्माना➡️जनजातीय क्षेत्रों के चिन्हित 554 ग्रामो में 25 मई तक लगेंगे लाभार्थी संतृप्ति शिविर,
1️⃣➡️सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर डॉ. सोनवणे

बैतूल /कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समयसीमा बैठक में विभागवार सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा कर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कम प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकी जाएगी।कलेक्टर डॉ सोनवणे ने शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग एवं जल संसाधन विभाग को शिकायतों के निराकरण में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबल पंजीयन एवं सामाजिक न्याय से संबंधित शिकायतों के निराकरण में खराब प्रदर्शन पाए जाने पर संबंधित जनपद सीईओ की जिम्मेदारी तय की जाएगी। राजस्व विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में विस्फोटक अधिनियम के तहत पटाखा दुकानों के निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों के सहायक यंत्रियों को प्रगतिरत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर पूर्ण कार्यों की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जनपदों को प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की जियो टैग फोटो उपलब्ध कराने को कहा। वन विभाग को भी जल संरचनाओं को प्राथमिकता से दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
समग्र ई-केवाईसी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आठनेर, बैतूल एवं चिचोली जनपदों की प्रगति असंतोषजनक बताते हुए संबंधित जनपद सीईओ को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सभी ब्लॉकों में बीसी कॉर्डिनेटर को अपने ग्रामीण क्षेत्रों में सघन साफ-सफाई अभियान चलाने एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी जनपद सीईओ एवं सहायक यंत्रियों को ऐसे हैंडपंप एवं जल स्रोतों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, जहां जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, तथा वहां जल संरक्षण गतिविधियां तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
2️⃣➡️ प्रभारी मंत्री श्री पटेल मंगलवार को जनसुनवाई में होंगे शामिल, जनसमस्याओं का करेंगे समाधान
बैतूल /लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल मंगलवार को बैतूल आएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री श्री पटेल ट्रेन द्वारा दोपहर 12 बजे रेलवे स्टेशन बैतूल पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में सम्मिलित होकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे तथा समस्याओं का समाधान करेंगे। कार्यक्रम उपरांत प्रभारी मंत्री श्री पटेल शाम 5:25 बजे ट्रेन द्वारा बैतूल रेलवे स्टेशन से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
3️⃣➡️ सोनाघाटी में अवैध मुरूम उत्खनन पर 32 लाख 25 हजार का जुर्माना, पोकलेन मशीन राजसात
बैतूल/जिले के सोनाघाटी क्षेत्र में अवैध मुरूम उत्खनन के मामले में अपर कलेक्टर न्यायालय बैतूल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पर 32 लाख 25 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। साथ ही उत्खनन में प्रयुक्त पोकलेन मशीन को शासन के पक्ष में अधिहरित करने के आदेश भी दिए गए हैं।
प्रकरण में मध्यप्रदेश शासन की ओर से उप संचालक खनि प्रशासन बैतूल द्वारा प्रस्तुत मामले में बताया कि 15 जनवरी 2025 की रात लगभग 2:30 बजे थाना कोतवाली बैतूल पुलिस को मौजा सोनाघाटी स्थित खसरा नंबर 105/5 पर अवैध मुरूम उत्खनन की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां एक चेन माउंटेड पोकलेन मशीन से मुरूम उत्खनन करते हुए पाया गया। पुलिस जब मशीन को थाना ले जा रही थी, उसी दौरान दो खाली डम्पर क्रमांक एमपी 48 एच 5560 एवं एमएच 27 एक्स 0801 उत्खनन स्थल की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक डम्पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों डम्परों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया।
अगले दिन सहायक खनि अधिकारी बैतूल एवं विभागीय अमले द्वारा स्थल निरीक्षण कर गड्ढों की नपाई की गई, जिसमें कुल 3465 घनमीटर मुरूम उत्खनन होना पाया गया। जांच के दौरान पोकलेन ऑपरेटर अज्जू फरकाड़े ने अपने बयान में बताया कि मशीन शेख निजाम निवासी टिकारी की है और उनके कहने पर रात में मुरूम निकालकर डम्परों से परिवहन किया जाता था।
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पाया कि अनावेदक द्वारा अवैध उत्खनन किया जाना प्रमाणित है। हालांकि दोनों डम्परों को खाली अवस्था में जब्त किए जाने के कारण अवैध परिवहन में उनकी संलिप्तता प्रमाणित नहीं मानी गई।
अपर कलेक्टर वंदना जाट ने आदेश पारित करते हुए मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के नियम 18(6) के तहत शेख निजाम पर 32 लाख 25 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की। साथ ही जप्तशुदा पोकलेन मशीन को शासन के पक्ष में अधिहरित करते हुए उप संचालक खनि प्रशासन बैतूल को मशीन का पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने तथा शास्ति राशि की वसूली के निर्देश दिए गए हैं।
4️⃣➡️ तीसरी रेलवे लाइन निर्माण में अवैध खनिज भंडारण पर 36 लाख 95 हजार का जुर्माना
बैतूल / आमला तहसील के ग्राम हसलपुर में तीसरी रेलवे लाइन निर्माण कार्य के दौरान बिना अनुमति रेत एवं गिट्टी का भंडारण करने के मामले में अपर कलेक्टर न्यायालय बैतूल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित कंपनियों पर 36 लाख 95 हजार 400 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है।
प्रकरण में मध्यप्रदेश शासन की ओर से उप संचालक खनि प्रशासन बैतूल द्वारा प्रस्तुत मामले में बताया कि प्रकाशित समाचार “तीसरी रेलवे लाइन के काम के लिए प्लांट लगाने नहीं ली किसी भी प्रकार की अनुमति” के आधार पर सहायक खनि अधिकारी बैतूल ने 8 मई 2025 को हल्का पटवारी के साथ मौजा हसलपुर, तहसील आमला स्थित खसरा नंबर 201 का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान रेलवे लाइन किनारे स्थापित आरएमसी प्लांट के आसपास गिट्टी, डस्ट और रेत के बड़े-बड़े ढेर पाए गए। नापजोख में 257 घनमीटर गिट्टी/डस्ट तथा 246 घनमीटर रेत का भंडारण मिला। मौके पर मौजूद प्लांट ऑपरेटर मनीष यादव ने बताया कि प्लांट मेसर्स वायएसएम बिल्डकॉन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड का है, जो केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड के लिए रेलवे की तीसरी लाइन निर्माण कार्य में कांक्रीट सप्लाई का कार्य कर रही थी। जांच के दौरान खनिजों की रॉयल्टी रसीद और भंडारण अनुमति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद सहायक खनि अधिकारी ने पंचनामा तैयार कर खनिज सामग्री जब्त कर सुरक्षार्थ सुपुर्दगी में दी तथा प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया।
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पाया कि अनावेदक कंपनियों द्वारा बिना वैध अनुज्ञा के खनिज भंडारण किया गया, जो मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 का उल्लंघन है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि शासकीय निर्माण कार्यों में भी बिना वैध खनिज व्यापारी अनुज्ञप्ति के गौण खनिजों का उपयोग या भंडारण नहीं किया जा सकता। अपर कलेक्टर वंदना जाट ने आदेश पारित करते हुए मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के नियम 18(6) के तहत मेसर्स वायएसएम बिल्डकॉन कंपनी प्रा. लि. एवं केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड पर कुल 36 लाख 95 हजार 400 रुपये की शास्ति अधिरोपित की। साथ ही उप संचालक खनि प्रशासन बैतूल को नियम 22 के तहत शास्ति राशि की वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं।
5️⃣➡️जनजातीय क्षेत्रों के चिन्हित 554 ग्रामो में 25 मई तक लगेंगे लाभार्थी संतृप्ति शिविर

बैतूल /भारत सरकार के जनजातीय मंत्रालय और मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार बैतूल जिले में जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए धरती आबा-जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान इसके तहत कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में 18 मई से 25 मई तक जनजातीय समुदाय हेतु लाभार्थी संतृप्ति शिविर ‘जनभागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जिले के चयनित 554 ग्रामों में स्थित आदि सेवा केन्द्र में शिविर आयोजित कर जनजातीय क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को शिविरों में विभिन्न विभागों के समन्वय से आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जनधन खाता, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम सुरक्षा मातृत्व अभियान, पीएम राष्ट्रीय डायलेसिस प्रोग्राम, सिकल सेल मिशन और क्षय रोग उन्मुलन जांच, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, राशन कार्ड, पीएम उज्जवला योजना, पीएम विश्वकर्मा, सुकन्या समृद्धि योजना और वन अधिकार पट्टा का लाभ प्रदान किया जाएगा।
नोडल अधिकारी नियुक्त
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए कलेक्टर श्री डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जिला स्तर पर अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री विवेक पाण्डेय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि जनपद स्तर पर संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभियान के नोडल अधिकारी होगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा
अभियान को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए सात दिवसीय कार्यकम निर्धारित किया गया है। सोमवार 18 मई को जनभागीदारी सप्ताह का सुभारंभ किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर के अधिकारियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम और अभियान का सुभारंभ किया जाएगा। 19 से 25 मई तक जिला विकासखंड एंव ग्राम स्तर पर संतृप्ति एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। जिसमें प्रतिदिन स्वास्थ्य जॉच और संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 20 मई को ‘ग्राम ईमर्शन ड्राइव’ के तहत् अधिकारी और स्वयंसेवी संगठन गांवो में पैदल भ्रमण (ट्रांजेक्ट वॉक) कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। जबकि 21 से 23 मई तक आदि सेवा केन्द्रों पर शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जनसुनवाई’ का आयोजन किया जाएगा।
25 मई को होगी समीक्षा
24 मई का प्रगति रिपोर्ट और प्रमाण पत्र तैयार करने हेतु दस्तावेजीकरण किया जायगा और 25 मई को कलेक्ट्रेट मे समीक्षा बैठक और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जायगी।
हितग्राहियो को दिलाये लाभ
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे स्वयं या अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से शिविरों में उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करे।
6️⃣➡️विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण रूप से तेजी से पूर्ण कराएं : कलेक्टर डॉ. सोनवणे
✓कलेक्टर ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों और योजनाओं की प्रगति पर दिए दिशा- निर्देश
बैतूल/ कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले की समस्त नगरीय निकायों की बैठक लेकर विभिन्न निर्माण कार्यों, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नगरपालिका एवं नगर परिषदों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समयसीमा में आमजन तक पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
समीक्षा बैठक में शासन द्वारा जिले में नगर पालिकाओं को आवंटित भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने आमला और बैतूल बाजार नगर परिषद की कम प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ को सख्त निर्देशित किया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शाहपुर, चिचोली, और बैतूल बाजार सीएमओ को जून माह के पूर्व अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
—-राजस्व वसूली में प्रगति लाने के दिए निर्देश—
बैठक में उन्होंने नगरीय निकायों की राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा की। कलेक्टर डॉ सौरभ ने संपत्तिकर एवं अन्य करों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय संसाधनों को मजबूत कर विकास कार्यों को गति दी जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भैंसदेही में स्ट्रीट लाइट, नालियां, डिवाईडर मेंटेनेंस बेहतर होने पर नगर परिषद की सराहना की। वहीं सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, नालियां, डिवाईडर सहित अन्य सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने वाटर बॉडी योजना अमृत 2.0 की प्रगति की समीक्षा कर बारिश के पूर्व कार्य समयसीमा में पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नालों और नालियों की समय पर सफाई कराने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए पूर्व तैयारियां अभी से सुनिश्चित की जाएं। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बैतूल, आठनेर, घोड़ाडोगरी सीएमओ को लंबित शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक मेंजल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले की सभी नगर पालिका एवं नगर परिषदों के सीएमओ से अभियान अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगरीय जल प्रबंधन, नगरीय क्षेत्र की पेयजल प्रदाय की भी समीक्षा कर पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।