Paridhi Administrative Diary:विकास प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन आवंटन प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किए जाएं: विधायक श्री खंडेलवाल➡️ समूह की महिलाओं को केज कल्चर मत्स्य पालन से जोड़कर रोजगार और आय संवर्धन की दिशा में पहल➡️सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 505 मरीजों का किया उपचार ➡️ रबी सिंचाई 2026-27: पारसडोह मध्य उद्वहन दबाव युक्त सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के दुरुस्तीकरण कार्य जारी➡️खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम: विधायक श्री खंडेलवाल आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का किया समापन➡️➡️ 84.98 लाख लागत के जिला अस्पताल विश्रामालय का 31 मई को होगा लोकार्पण
1️⃣➡️विकास प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन आवंटन प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किए जाएं: विधायक श्री खंडेलवाल
बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, गीताभवन, क्रिकेट स्टेडियम सहित विभिन्न विकास प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

बैतूल/ विधायक बैतूल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में नगरपालिका बैतूल अंतर्गत प्रगतिरत एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विधायक श्री खंडेलवाल ने जिला जेल की भूमि को मल्टी लेवल पार्किंग एवं गार्डन निर्माण के लिए नगरपालिका को हस्तांतरित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि भूमि आवंटन के लिए आरसीएमएस पोर्टल पर आवेदन किया जा चुका है। उन्होंने विकास परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बेल बाजार क्षेत्र में बस स्टैंड शिफ्ट करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित अंडरब्रिज के निर्माण से बसें शहर के भीतर प्रवेश किए बिना आवागमन कर सकेंगी। विधायक श्री खंडेलवाल ने वर्तमान बस स्टैंड क्षेत्र में सब्जी एवं फल बाजार को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के निर्देश भी दिए।
तितली चौराहा के पास प्रस्तावित आईएसबीटी की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा अतिक्रमण न होने पाए। संबंधित क्षेत्रों में व्यवस्थित डिस्प्ले लगाने के निर्देश भी दिए गए। बडोरा मंडी के संबंध में मंडी बोर्ड से समन्वय कर विकास योजना तैयार करने को कहा गया।
विधायक श्री खंडेलवाल ने गंज मंडी एवं अभिनंदन सरोवर कॉम्प्लेक्स की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। पात्र वंचित परिवारों को पट्टे उपलब्ध कराने के लिए भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
गोठाना में लगभग 9.5 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के प्लान की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य, पहुंच मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। फायर स्टेशन एवं गीताभवन के लिए भूमि आवंटन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। गीताभवन परिसर में स्ट्रीट फूड जोन, फूड कोर्ट एवं मल्टीलेवल गतिविधियों की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीडीआरसी एवं दिव्यांग पार्क की योजना पर भी चर्चा हुई। विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, ऐसी समग्र प्लानिंग की जाए। उन्होंने अभिनंदन सरोवर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
वाटर सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विधायक श्री खंडेलवाल ने लाखापुर से बैतूल तक विभिन्न डैम प्रस्तावित करने के निर्देश दिए, जिससे पानी उपलब्ध होने के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। ताप्ती बैराज पर इंटेकवेल निर्माण कार्य, 22 किलो मीटर पाइपलाइन और ताप्ती बैराज की मरम्मत की प्रगति की समीक्षा कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर निगम बैतूल के गठन के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाते हुए अग्रिम कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारी बैतूल श्री नवनीत पांडे, एसडीओपी बैतूल श्री सुनील लाटा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
2️⃣➡️ समूह की महिलाओं को केज कल्चर मत्स्य पालन से जोड़कर रोजगार और आय संवर्धन की दिशा में पहल

बैतूल /कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार मत्स्य विभाग एवं तकनीकी सहयोगी संस्था प्रदानकी टीम द्वारा सारनी क्षेत्र का भ्रमण कर व्यावसायिक मत्स्य पालन गतिविधियों की संभावनाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने सतपुड़ा डैम में केज कल्चर आधारित मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोनिया ग्राम की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की।
भ्रमण के दौरान जिला प्रबन्धक आजीविका मिशन श्री सतीश पवार द्वारा स्वयं सहायता समूह की दीदियों को केज कल्चर मत्स्य पालन गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा इससे होने वाले रोजगार एवं आय संवर्धन के अवसरों के बारे में अवगत कराया गया। चर्चा के दौरान समूह की महिलाओं ने इस गतिविधि में रुचि व्यक्त करते हुए सहभागिता के लिए सहमति प्रदान की।
अधिकारियों ने हितग्राहियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिले में मत्स्य विकास गतिविधियों को मजबूत बनाने एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केज कल्चर जैसी आधुनिक मत्स्य पालन गतिविधियां स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण का बेहतर माध्यम बन सकती हैं। इस अवसर पर मत्स्य विभाग एवं प्रदान संस्था के प्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
3️⃣➡️सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 505 मरीजों का किया उपचार

बैतूल/जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के माध्यम से जिले में 20 स्वास्थ्य शिविर लगाने की प्राप्त स्वीकृति के परिपालन में 30 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष श्री विक्की नायक एवं श्रीमती नीतु गुप्ता द्वारा किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि शिविर में 222 पुरुष एवं 283 महिला कुल 505 मरीजों का पंजीयन कर जांच एवं उपचार किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय से स्त्री रोग शिशु रोग दंत रोग, मानसिक रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। साथ ही शिविर में अनंत ह्नदय अस्पताल की टीम द्वारा 17 संभावित ह्नदय रोग के संभावित लक्षण वाले हितग्राहियों की जांच एवं परीक्षण किया गया जिसमें 5 ह्नदय रोग से ग्रषित पाए गए।
शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी शाहपुर डॉ शिवकुमार रघुवंशी, आरबीएसके मेनेजर, बीपीएम,बीसीएम, प्रभारी बीईई, स्वास्थ्य स्टाफ एवं आशा एवं आंगनवाड़ी स्टाफ मौजूद रहा।
4️⃣➡️ रबी सिंचाई 2026-27: पारसडोह मध्य उद्वहन दबाव युक्त सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के दुरुस्तीकरण कार्य जारी

बैतूल/आगामी रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 को ध्यान में रखते हुए पारसडोह मध्यम उद्वहन दबाव युक्त सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के व्यापक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। जल संसाधन संभाग मुलताई द्वारा संचालित इस परियोजना से जिले की मुलताई और बैतूल विधानसभा क्षेत्रों के 41 गांवों के लगभग 15 हजार 700 किसानों को लाभ मिलेगा
कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग मुलताई श्री सीएल मरकाम ने बताया कि पारसडोह मध्यम उद्वहन सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली परियोजना से बैतूल जिले की मुलताई एवं बैतूल की तहसील क्रमशः प्रभात पट्टन के 15 ग्राम के 6055 हेक्टेयर 4440 कृषकों, मुलताई के 12 ग्राम के 4742 हेक्टेयर भूमि के 3900 कृषकों तथा आठनेर के 09 ग्राम के 5803 हेक्टर के 4287 कृषकों एवं बैतूल के 05 ग्राम 3185 हेक्टेयर के 2913 कृषकों को कुल 41 ग्रामों के कुल 15700 कृषकों को 19785 हेक्टेयर कृषि भूमि में बायीं तट एवं दांयी प्रेश्यूराईज्ड सूक्ष्म सिंचाई दबावयुक्त पाईप /नहर प्रणाली से 5 नवम्बर 2026 कृषकों को रंबी सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाना आगामी रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 हेतु कार्य योजना प्रस्तावित है। जिसके अंतर्गत वर्तमान में पारसडोह मध्यम उद्वहन दबावयुक्त सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के मरम्मत के लिए अनुबंधित ऐजेंसी मेसर्स साई संकेत हैबिटेट्स प्रा.लि. मुम्बई को कार्य आवंटित है। जिसमें वर्तमान में एजेंसी द्वारा निरंतर कमांड क्षेत्र में विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों की देखरेख में मरम्मत कार्य किए जा रहे है।
उन्होंने बताया कि कमाण्ड क्षेत्र में लगाए गए आरएमएस बॉक्स, ओएमएस बॉक्स, स्कोर वाल्व, बटरफ्लाई वाल्व, एयर वाल्व, सी-वाल्व, ट्यूबिंग, स्काडा सिस्टम, पाइप लीकेज की समस्या, फील्ड में आऊटलेट जमीन में दबे , पाइप में लगी गैस किट, ब्लैडर वेसल के ट्यूब व अन्य मशीनरी का दुरुस्तीकरण कार्य, पम्प हाऊस व सब स्टेशनों पर लगे ट्रांसफार्मर, ग्येर बॉक्स की आइलिंग ग्रीसिंग व कमांड क्षेत्र के स्थानीय कृषकों के द्वारा भ्रमण के दौरान बताई गई समस्या से संबंधित दुरुस्तीकरण कार्य द्रुतगामी गति से किया जा रहा है।
5️⃣➡️खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम: विधायक श्री खंडेलवाल
आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का किया समापन

बैतूल/जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन 30 मई को किया गया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम बैतूल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बैतूल विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार उपस्थित रहे। इस अवसर पर बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गई। वहीं प्रशिक्षण शिविर में शामिल नन्हें और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जिले में राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान के लिए प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पहचानने तथा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत से खिलाड़ी अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं तथा जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील ने बताया कि म.प्र. शासन खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026 में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर को एक नये स्वरूप में आयोजित किया गया। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह 2026 थीम के साथ आयोजित किए गए जिसमें 7 घटक निर्धारित थे फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन, खेल गतिविधियां, पारिवारिक सहभागिता, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक जागरूकता। बच्चों को खेल गतिविधियों के साथ इन घटकों में भी अपनी सहभागिता करनी थी एवं अपने परिवार की भी सहभागिता करनी थी।
उन्होंने बताया कि बैतूल जिले में 1 मई से 30 मई 2026 तक आरोह 2026 का आयोजन जिला मुख्यालय पर 8 खेलों- हॉकी, कराते, कबड्डी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, वेटलिफ्टिंग एवं योगासन में एवं समस्त विकासखण्डों मुख्यालय पर प्रचलित 2-2 खेलों में किया गया। विभाग द्वारा जिला मुख्यालय एवं विकासखण्ड मुख्यालय पर प्रति सप्ताह के अंत में साप्ताहिक गतिविधि का आयोजन कराया गया। जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जुम्बा गतिविधि, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास हेतु नेतृत्व क्षमता आयोजित की गई। इस अवसर पर जिले के खेल प्रेमी, अभिभावक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
6️⃣➡️ 84.98 लाख लागत के जिला अस्पताल विश्रामालय का 31 मई को होगा लोकार्पण
बैतूल / केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय मामले एवं सांसद बैतूल श्री दुर्गादास उईके द्वारा अनुशंसित एवं प्रस्तावित राशि 84 लाख 98 हजार रुपये की लागत से जिला अस्पताल परिसर में निर्मित विश्रामालय का लोकार्पण रविवार 31 मई को किया जाएगा।लोकार्पण कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उईके एवं विधायक बैतूल श्री हेमन्त खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। निर्मित विश्रामालय से जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उक्त कार्यक्रम में सभी मीडिया प्रतिनिधि भी सादर आमंत्रित हैं।