Paridhi Administrative Diary Betul ➡️मलवरी रेशम उत्पादन के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ➡️अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं➡️मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर मलेरिया निरोधक माह का किया शुभारंभ➡️जिला स्तरीय रोजगार मेला 6 जून को➡️संपर्क अभियान के तहत शिविर 5 जून को➡️प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बैतूल बाजार में स्वास्थ्य शिविर 3 जून को➡️मुलताई क्षेत्र में किसानों के लिए पर्याप्त ➡️साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक का स्कूल प्रारंभ होने के एक सप्ताह के भीतर हो शत-प्रतिशत वितरण : कलेक्टर डॉ. सोनवणे➡️ एसडीएम डॉ. सिंह ने खंडारा के खाद-बीज भंडार का किया औचक निरीक्षण
1️⃣➡️मलवरी रेशम उत्पादन के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ
परिधि प्रशासनिक डायरी बैतूल
रेशम संचालनालय मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के लिए “रेशम समृद्धि योजना” के अंतर्गत शहतूती मलवरी पौधारोपण कर मलबरी रेशम कृमिपालन अपनाने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया विगत 29 मई से प्रारंभ है। जिला रेशम अधिकारी ने बताया कि जिले के इच्छुक हितग्राही किसान रेशम विभाग के आधिकारिक “ई-रेशम पोर्टल” पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण स्वयं या नजदीकी कियोस्क व इंटरनेट माध्यम से करा सकते हैं। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी, पात्रता की शर्तों और तकनीकी सहायता के लिए किसान जिला रेशम कार्यालय जिले में स्थित रेशम केंद्र झगडिया, चिचंडा, लक्कड़जाम, हीरापुर में भी संपर्क कर सकते हैं।
—योजना की प्रमुख विशेषताएं-—
उन्होंने बताया कि जो किसान अपनी कम से कम 1 एकड़ निजी भूमि पर रेशम उत्पादन की इस लाभकारी योजना को अपनाना चाहते है वे इसके पात्र होंगे। मलवरी रेशम कृमिपालन परंपरागत खेती के मुकाबले कम लागत में किसानों को सालभर नियमित और अधिक मुनाफा देने वाला एक बेहतरीन व्यवसाय है। विभाग द्वारा योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने जिले के समस्त प्रगतिशील और इच्छुक किसानों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
2️⃣➡️ अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
✓जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश

बैतूल /अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती जाट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम चिखलपटी निवासी दिनेश ने काली मंदिर परिसर में अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को अतिक्रमण पाए जाने पर हटाने के निर्देश दिए। ग्राम बोडी निवासी रामदयाल ने सीमांकन नहीं होने की शिकायत की, जिस पर अपर कलेक्टर ने बैतूल ग्रामीण तहसीलदार को आवेदक की समस्या का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। झल्लार निवासी अनिल ने सीमांकन का पंचनामा दिलाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने नायाब तहसीलदार को आवेदक की समस्या का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।
3️⃣➡️मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर मलेरिया निरोधक माह का किया शुभारंभ

बैतूल / स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 जून को मलेरिया निरोधक माह का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े द्वारा मलेरिया जागरूकता रथ को कार्यालय परिसर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले में विभिन्न विकासखंडों के चयनित ग्रामों में भ्रमण करेगा। एक जून से 30 जून तक मलेरिया निरोधक माह के दौरान यह जागरूकता रथ ग्रामों में जाकर लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति सचेत करेगा। रथ द्वारा मलेरिया जागरूकता माह के दौरान मलेरिया से बचाव के साधनों से भली भांति अवगत कराया जाएगा, साथ ही मच्छरदानी के उपयोग के लिये लोगों को प्रेरित किया जाएगा। जागरूकता रथ में बुखार रोगियों के रक्त के नमून लेकर जांच एवं मलेरिया पाए जाने पर उपचार की पूर्ण सुविधा उपलब्ध है।
मलेरिया जनजागरण रथ को रवाना करने के उपरांत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े ने बताया कि पूर्व वर्षो में मलेरिया के केसो की संख्या बहुता ज्यादा होती थी, वर्तमान में यह संख्या न्यूनतम है, स्वास्थ्य विभाग एवं जनसहयोग से मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम में भारी सफलता मिली है। मलेरिया रथ हर ब्लाक में जाकर जागरूकता संदेश देगा। उन्होंने बताया कि वर्षाकाल प्रारंभ होने के साथ-साथ मच्छरों की संख्या बढ़ने लगती है, जगह-जगह पानी इकठ्ठा होने से मच्चरों की बहुतायत संख्या हो जाती है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनमानस को संदेश देंगे कि मलेरिया से बचाव के लिए किन बातों का ध्यान रखा जाए।
सीएमएचओ डॉ हुरमाड़े ने आमजन से अपील है कि मच्छरों से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी इकठ्ठा न होने दें, गमले, टायर, कूलर, टांके, टूटे बरतनों में पानी इकठ्ठा न होने दें। पानी की टंकी और ड्रम को ढक कर रखें। शुभारंभ कार्यक्रम में डीपीएम डॉ विनोद शाक्य, जिला मलेरिया अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत, प्रभारी प्रशिक्षण अधिकारी श्रीमती मधुमाला शुक्ला,कार्यालयीन एवं मलेरिया कार्यालय स्टाफ, शहरी क्षेत्र स्टाफ मौजूद रहा।
4️⃣➡️ जिला स्तरीय रोजगार मेला 6 जून को
बैतूल/ मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एमपीएसआरएलएम बैतूल एवं प्रदान संस्था के समन्वय से 6 जून को जिला पंचायत बैतूल परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में ट्राइडेंट बुधनी कंपनी द्वारा जिले के पात्र युवाओं का चयन किया जाएगा।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री सतीश पंवार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया फ्रेशर युवाओं के लिए होगी। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। कार्य अवधि प्रतिदिन 8 घंटे निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, दसवीं की अंकसूची अथवा प्रमाण-पत्र तथा बैंक पासबुक के साथ भर्ती शिविर में उपस्थित होना होगा। उन्होंने जिले के पात्र एवं बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
5️⃣➡️ संपर्क अभियान के तहत शिविर 5 जून को
बैतूल/विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बैतूल शहर जोन-2 द्वारा संपर्क अभियान के तहत विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए 5 जून को इटारसी रोड स्थित कुनबी मंगल भवन में शिविर आयोजित किया जाएगा।
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बैतूल जोन – 2 के प्रबंधक ने बताया कि सुबह 10 बजे आयोजित शिविर में क्लस्टर क्रमांक-5 पटेल वार्ड, भगत सिंह वार्ड और शास्त्री वार्ड के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
6️⃣➡️ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बैतूल बाजार में स्वास्थ्य शिविर 3 जून को
बैतूल /जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के माध्यम से जिले में 20 स्वास्थ्य शिविर लगाने की प्राप्त स्वीकृति के परिपालन में 3 जून को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बैतूल बाजार में और 5 जून को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भौंरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मनोरोग चिकित्सक, एमडी मेडिसिन, दंत रोग चिकित्सक चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की जाएगी। डिजीटल हेल्थ आईडी, आयुष्मान कार्ड अन्य स्वास्थ्य जांच, मलेरिया, टीबी, सिकल सेल स्क्रीनिंग ब्लड जांच, एक्स-रे, परिवार कल्याण काउंसलिंग की जाएगी। सीएमएचओ डॉ.हुरमाड़े ने आमजन से स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
7️⃣ मुलताई क्षेत्र में किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध
बैतूल / उप संचालक कृषि ने बताया कि मुलताई तहसील में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वर्तमान में सहकारी समितियों, डबल लॉक केंद्रों एवं निजी विक्रेताओं के पास विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि सहकारी समिति, डबल लॉक केन्द्र एवं निजी क्षेत्र में यूरिया-1672.125 मीट्रिक टन, डीएपी-50.05 मीट्रिक टन, एनपीके -196.34 मीट्रिक टन, एसएसपी -510.35 मीट्रिक टन एवं पोटास-67.50 मीट्रिक टन इस प्रकार कुल- 2496.365 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। किसानों को संस्थाओं के माध्यम से ई-विकास प्रणाली के तहत ई-टोकन के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
8️⃣➡️ साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक का स्कूल प्रारंभ होने के एक सप्ताह के भीतर हो शत-प्रतिशत वितरण : कलेक्टर डॉ. सोनवणे
✓ई-अटेंडेंस अनिवार्य, नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन आहरण पर रहेगी रोक

बैतूल/ कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित शिक्षा एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में 9वीं से 12वीं कक्षा तक नामांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने भैंसदेही एवं चिचोली विकासखंड में विशेष ध्यान देकर नामांकन लक्ष्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी।
वर्ष 2026-27 के लिए अपार आईडी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी दर्ज विद्यार्थियों की आईडी जनरेट करने के निर्देश दिए तथा दो सप्ताह में लक्ष्य पूर्ण करने को कहा। समेकित छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा में कम प्रगति वाले विकासखंडों को भीमपुर ब्लॉक के अनुरूप प्रोफाइल अपडेट कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। चिचोली बीईओ को विशेष रूप से प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निशुल्क साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों के वितरण की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्कूल प्रारंभ होने के एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों को सामग्री का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिले में परीक्षा परिणाम सुधार के लिए गठित जिला स्तरीय समिति को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सभी विकासखंडों में उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने तथा 11वीं कक्षा से ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनजातीय छात्रावासों में कोई भी सीट रिक्त न रहे। लंबित पेंशन एवं अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पेंशन प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी शिक्षकों की ऑनलाइन ई-अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन आहरण रोका जाए। छात्रवृत्ति योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा जिला शिक्षा केंद्र अंतर्गत सभी बीआरसी को साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कक्षा 1 से 8 तक लक्ष्य अनुरूप नामांकन एवं चाइल्ड ट्रैकिंग सर्वे कराने, यूडाइज प्रमोशन एवं अपार आईडी रिपोर्ट 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बालिका शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए भीमपुर एवं शाहपुर बीआरसी को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर शौचालयों को क्रियाशील एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई की समीक्षा करते हुए सार्थक एप पर नियमित अटेंडेंस सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही जिले में विंड मिल, डब्ल्यूसीएल एवं अन्य एजेंसियों के समन्वय से अप्रेन्टिसशिप ड्राइव आयोजित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में युवा संगम कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट, जिला शिक्षा अधिकारी श्री भूपेंद्र वरकड़े सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक स्त्रोत समन्वयक उपस्थित रहे।
9️⃣➡️ एसडीएम डॉ. सिंह ने खंडारा के खाद-बीज भंडार का किया औचक निरीक्षण

बैतूल/कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह ने मंगलवार को ग्राम खंडारा स्थित मां दुर्गा खाद-बीज भंडार एवं कृषि सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद एवं बीज के स्टॉक, विक्रय एवं भंडारण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, विक्रय पंजी, लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम डॉ. सिंह ने केंद्र संचालक को शासन के नियमों एवं निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि आदानों की उपलब्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।