Betul and MP Latest News

मुझसे दोस्ती करोगी तो घूमेंगे-फिरेंगे, चौपाटी चलेंगे, चैट में करेंगे बात…

✓मुझसे दोस्ती करोगी तो घूमेंगे-फिरेंगे, चौपाटी चलेंगे, चैट में करेंगे बात…
✓आदिवासी छात्रा से बोले जेएच प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्रोफेसर
✓छात्रा ने की प्राचार्य से शिकायत, एफआईआर का मन बदला
✓जेएच कॉलेज प्राचार्य ने किया सात दिनों के लिए सस्पेंड
गौरी बालापुरे पदम/ परिधि न्यूज बैतूल

 

तुम मुझसे दोस्ती करोगी तो, कॉलेज में किसी काम में कभी कोई दिक्कत नहीं आएगी। मोबाईल नंबर मिलेगा क्या, मुझसे दोस्ती कर लो, महीने में एक दो बार कहीं घूमने चलेंगे, चैट पर बात करते रहेंगे, मेरी पत्नी का मुझसे डिवोस हो गया है इसलिए मैं आपसे दोस्ती करना चाहता हूं…यह बातें एक प्राध्यापक ने छात्रा से की है। जिले के 12 हजार से अधिक दर्ज संख्या वाले जेएच प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में एक प्राध्यापक द्वारा छात्रा के साथ अभद्रता, आपत्तिजनक एवं अशोभनीय व्यवहार का मामला सामने आया है। अब तक इस कॉलेज में छात्र-छात्राओं से जुड़े प्रकरण सामने आते रहे है लेकिन एक प्रोफेसर द्वारा छात्रा के साथ किए गए इस व्यवहार से छात्रा डरी हुई है। यह छात्रा पहले प्रोफेसर के विरुद्ध एफआईआर करना चाह रही थी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने एवं कुछ अन्य प्रोफेसर द्वारा जब अलग-अलग चर्चा की गई तो अचानक उसने एफआईआर करने से मना कर दिया। छात्रा ने कॉलेज से तीन दिन में विभागीय कार्रवाई और तत्काल मॉफी मांगने की शर्त रखी। जिसके बाद प्राचार्य डॉ मिनाक्षी चौबे एवं गंज थाने से मौके पर पहुंचे पुलिस बल के सामने प्रोफेसर ने छात्रा से माफी मांगी। फिलहाल कॉलेज की जांच प्राचार्य ने अनुशासन समिति एवं परिवाद समिति को सौंप दी है इसके अलावा प्रोफेसर को सात दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। जानकारी मिलते ही जय आदिवासी संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर छात्रा का साथ देने पहुंच गए थे।
प्रोफेसर के विरुद्ध प्राचार्य से की शिकायत

जेएच कॉलेज में अध्ययनरत आदिवासी छात्रा ने प्रोफेसर रुपेश सोनी पर अभद्रता के आरोप लगाए है। प्राचार्य डॉ मिनाक्षी चौबे को की गई लिखित शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाए है कि वह जब पोस्ट मैट्रिक के फार्म के सत्यापन के लिए संस्कृत विभाग में गई थी। यहां प्रोफसर रुपेश सोनी द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार एवं आपत्तिजनक बातें की। प्रोफेसर ने छात्रा को अपना दोस्त बनने का ऑफर दिया और कहा कि अगर तुम मुझसे दोस्ती करोगी तो कॉलेज में कोई काम में दिक्कत नहीं होगी। कॉलेज आने की जरुरत नहीं है, सारे काम हो जाएंगे। आपका मोबाइल नंबर मिलेगा क्या। महीनें में एक दो बार कहीं घूमने-फिरने चलेंगे। चौपाटी या कहीं लोकल भी घूमने जाएंगे और चैट में बात करते रहेंगे। प्रोफेसर ने पत्नी से डिवोस होने की बात की और कहा कि वह छात्रा से दोस्ती करना चाहते है।
डरी हुई छात्रा ने कहा मेरी सुरक्षा कॉलेज की जिम्मेदारी

प्रोफेसर के व्यवहार से डरी छात्रा ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि अब उसका कॉलेज आने का मन नहीं होगा। मैं डर गई हूं और भविष्य में मेरे साथ कुछ घटना होती है तो इसकी जवाबदारी कॉलेज की होगी। शिकायत मिलते ही प्राचार्य डॉ चौबे ने तत्काल गंज पुलिस को सूचित भी किया, इस बीच कुछ प्राध्यापकों ने छात्रा से अलग-अलग बातचीत की। छात्रा एफआईआर कराना चाहती थी, लेकिन पुलिस के आने के बाद जब प्राचार्य के चैम्बर में पहुंची तो उसने एफआईआर करने से मना कर दिया। प्रोफेसर से माफी मांगने और कॉलेज द्वारा विभागीय कार्रवाई के लिए छात्रा ने कहा। जिस पर पुलिस तो बैरंग लौट गई लेकिन प्राचार्य ने प्रोफेसर को सात दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। इसके अलावा छात्रा से सार्वजनिक रुप से प्रोफेसर ने माफी भी मांगी।
दोषी प्रोफेसर पर और क्या होगी कार्रवाई ?
आदिवासी छात्रा के साथ अभद्रता करने वाले प्रोफेसर को तत्काल 7 दिनों के लिए निलंबित तो कर दिया है, इसके अलावा आंतरिक परिवाद समिति एवं अनुशासन समिति को जांच के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस मामले में समिति द्वारा जांच के बाद दोषी पाये जाने पर प्रोफेसर की निलंबन अवधि संभवत: बढ़ाई जा सकती है। कॉलेज प्राचार्य का कहना है कि छात्रा एफआईआर करने के लिए स्वतंत्र है।

इनका कहना…
हमारे द्वारा प्रोफेसर के विरुद्ध शिकायत मिलने के तत्काल बाद सात दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। पुलिस को कॉलेज बुलाया गया था, छात्रा एफआईआर के लिए तैयार नहीं है। छात्रा की मांग थी कि प्रोफेसर माफी मांगे जो मांग ली गई है। इसके अलावा आंतरिक परिवाद एवं अनुशासन समिति को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।
डॉ मिनाक्षी चौबे
प्राचार्य, जेएच प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बैतूल

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.