PARIDHI BREAKING NEWS:बाढ़ में फंसी महिला को ग्रामीणों ने सूझबूझ से बचाया
रस्सा कमर में बांधकर नदी में उतरा ग्रामीण, आधा दर्जन लोगों ने मिलकर किया सुरक्षित रेस्क्यू

✓बाढ़ में फंसी महिला को ग्रामीणों ने सूझबूझ से बचाया
✓रस्सा कमर में बांधकर नदी में उतरा ग्रामीण, आधा दर्जन लोगों ने मिलकर किया सुरक्षित रेस्क्यू
गौरी बालापुरे पदम / परिधि न्यूज बैतूल

जिले में आज दोपहर के समय घंटों तक झमाझम बारिश का सिलसिला चला। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी नाले झमाझम बारिश की वजह से उफान पर आ गए। भीमपुर विकासखंड मुख्यालय से सटे खारीढाना में भी नदी में बाढ़ आ गई हालांकि भीमपुर और आसपास आज बारिश नहीं हुई लेकिन क्षेत्र के उपरी इलाकों में आई बारिश की वजह से बरसाती नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में खारीढाना की एक महिला फंस गई, भीषण बाढ़ के बीच फंसी महिला को ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खारीढाना निवासी साधना पति मिथिलेश उईके लकड़ी लेने गई थी। सोमवार को 3 से 4 बजे के बीच यह महिला खारीढाना के पास नदी में आई तेज बाढ़ के बीच फंस गई। समय रहते यह रेस्क्यू नहीं किया जाता तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया सकता था।

ग्रामीणों के द्वारा किए गए रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रेस्क्यू करने वाले ग्रामीणों में शामिल लक्ष्मीनारायण बनदिए उर्फ चिंटू ने बताया सोमवार को तीन से चार बजे के बीच खारीढाना में बच्चों ने महिला के नदी में बाढ़ के बीच फंसने की जानकारी दी। जिसके बाद ग्राम के नीलेश परते उर्फ डोमा कमर में रस्सा बांधकर नदी में उतर गया और महिला को बचाने रेस्क्यू को लीड किया। इस दौरान लक्ष्मीनारायण सहित गांव पप्पू धुर्वे, सुनील कुमरे, मनीष, गेंदराव बनधिए एवं लक्ष्मीनारायण उर्फ चिंटू बनधिए ने महिला को बाढ के बीच से सुरक्षित निकाला। गौरतलब है कि भीमपुर एवं आसपास के क्षेत्र में तेज बारिश नहीं हुई लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उपरी क्षेत्रों में बारिश होने की वजह से भीमपुर क्षेत्र की इस बरसाती नदी में अचानक बाढ़ आ गई जिससे महिला बाढ़ के बीच फंस गई। प्रशासन द्वारा भी बारिश के दिनों में नदी-नालो और झरनों से दूर रहने के लिए चेतावनी दी जाती है। भीमपुर के खारीढाना का यह हादसा एक सबक है कि बारिश के दिनों में बाढ़ कब आ जाये यह कहा नहीं जा सकता। बहरहाल महिला सुरक्षित है और पूरे ग्राम एवं क्षेत्र में रेस्क्यू करने वाली टीम की सराहना हो रही है।
रेस्क्यू करने वाली टीम का करेंगे सम्मान- अक्षत जैन
परिधि न्यूज द्वारा जब जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन को इस घटना के संबंध में अवगत कराया तो उन्होंने ग्रामीणों द्वारा तत्परता से किए गए रेस्क्यू की सराहना की। श्री जैन ने कहा कि गांव के ऐसे लोग जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को सुरक्षित बचाया उनका सम्मान किया जाएगा। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में रेस्क्यू करने वाली टीम के सभी सदस्यों को प्रशासनिक स्तर पर वेरीफिकेशन कर सम्मानित करने की बात सीईओ श्री जैन द्वारा की गई है।