Betul and MP Latest News

PARIDHI ALART AND NEWS REACTION:: मोड़ीढाना में भूगर्भीय हलचल से मकान में आई दरारों का क्या है सच… भूकंप या स्टोन क्रेशर !!

परिधि न्यूज़ में समाचार प्रसारित होने के बाद मोड़ीढाना पहुंचा प्रशासन

✓मोड़ीढाना में भूगर्भीय हलचल से मकान में आई दरारों का क्या है सच… भूकंप या स्टोन क्रेशर!!
✓परिधि न्यूज़ में समाचार प्रसारित होने के बाद मोड़ीढाना पहुंचा प्रशासन
गौरी बालापुरे पदम / परिधि न्यूज़ बैतूल


ताप्ती किनारे स्थित ग्राम पंचायत  सराड के मोड़ीढाना  ग्राम में भूगर्भीय हलचल से घरों की दीवारों में दरारें आने और सीमेंट शीटों के सरक जाने संबंधी समाचार परिधि न्यूज़ द्वारा प्रसारित किया गया था। मंगलवार को दोपहर 12:00 अचानक धरती के हिलने की वजह से ग्राम मोड़ीढाना के रहवासियों में दहशत व्याप्त है। जिस वक्त धरती हिली ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए घरों की दीवारों में दरारें देख सभी डरे सहमे हुए हैं। इस संबंध में परिधि न्यूज में प्रमुखता से समाचार प्रसारण के बाद प्रशासन की टीम हरकत में आई और खनिज अधिकारी मनीष पल्लेवार, स्थानीय पटवारी सहित अन्य महकमा मोड़ीढाना पहुंचा।

प्रशासनिक टीम ने यहां ग्रामीणों से चर्चा की, इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में जांच भी की गई। जिला खनिज अधिकारी मनीष पल्लेवार ने परिधि न्यूज़ से चर्चा में बताया कि मोड़ीढाना के आसपास दो गिट्टी खदानें (स्टोन क्रेशर) हैं इन खदानों में ब्लास्टिंग की वजह से भूगर्भीय हलचल से मकान में दरारें पड़ सकती है। इसके अलावा पंचायत सराड में ही मोड़ीढाना के पास एक वीक जोन है जिससे स्थानीय भूकंप की आशंका भी जताई जा रही है।

800 मीटर एवं पौने दो किलोमीटर के दायरे में गिट्टी खदानें
ग्राम मोड़ीढाना से पौने दो किलोमीटर एवं 800 मीटर के दायरे में दो गिट्टी की खदानें हैं। खनिज अधिकारी द्वारा मोड़ीढाना की घटना सामने आने के बाद दोनों ही खदानों के कागजात चेक किए गए। जिसमें 800 मीटर दूर स्थित खदान में 30 मई को ब्लास्टिंग किए जाने के साक्ष्य सामने आए हैं लेकिन जिस दौरान मकान में दरारें आने और भूगर्भीय हलचल होने की बात की जा रही है उस दौरान खदान में ब्लास्टिंग नहीं की गई यह दावा भी किया जा रहा है।

इस खदान पर ब्लास्टिंग का एग्रीमेंट 30 मई का पाया गया।इसके अलावा पौने दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित खदान में कोई ब्लास्टिंग नहीं हुई है। यहां ब्लास्टिंग के कोई प्रमाण भी टीम को नहीं मिले।
वीक जोन से भूकंप की आशंका का दिया जा रहा हवाला

खनिज अधिकारी की माने तो वह स्वयं एक जियोलॉजिस्ट भी है इसलिए उन्होंने भूकंप की आशंकाओं को देखते हुए क्षेत्र में परीक्षण किया। उनके मुताबिक इस क्षेत्र में दो फाल्ट लाइन एवं लिनियामेंट (वीक जोन) है जिससे स्थानीय भूकंप का अंदेशा भी उनके द्वारा लगाया जा रहा है। हालांकि उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की है कि पूर्व में कभी इस क्षेत्र में भूकंप का कोई रिकॉर्ड नहीं है।
तो क्या गुपचुप तरीके से हुई ब्लास्टिंग?
जहां जिम्मेदार अधिकारी यह मान रहे हैं कि मोड़ीढाना में ब्लास्टिंग एवं भूकंप दोनों ही वजह से मकान घरों की दीवारों में दरारें आ सकती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगो का कहना है कि मोड़ीढाना से 800 मीटर की दूरी पर जो खदान है उसमें गुपचुप तरीके से ब्लास्टिंग की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोड़ीढाना के समाचार प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद खदान से संबंधित लोग भी मोड़ीढाना पहुंचे और ग्रामीणों से उन्होंने मुलाकात की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोड़ीढाना वासियों को खदान मालिक द्वारा आश्वस्त किया गया है कि भविष्य में खदान में जो ब्लास्टिंग की जाएगी उसमें इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि ब्लास्टिंग की गति तेज ना हो। बहरहाल खनिज अधिकारी द्वारा इस संबंध में रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जाएगी।

सावधान…यदि भूकंप की आशंका तो क्या खतरे में है पूरा क्षेत्र

खनिज अधिकारी ने जियोलॉजिस्ट होने के अपने अनुभव और जांच से यह आशंका जाहिर की है कि यहां स्थानीय भूकंप आ सकता है। यदि यह आशंका सही है तो भूकंप की तीव्रता का अंदाजा लगाया मकानो की दरारों से लगाया जा सकता है।प्रशासन को इस आशंका को गंभीरता से लेते हुए भूकंप के केंद्र की जांच की जानी चाहिए। ताकि भविष्य में दोबारा भूकंप की स्तिथि बनती है तो प्रशासन अलर्ट हो सकता है।वैसे भी भूकंप की सक्रियता का भी अनुमान लगाने के लिए तमाम जांच एवं सर्वेक्षण होते है। यदि मोड़ीढाना के पास खनिज अधिकारी ने भूकंप के वीक जोन की खोज कर ली है तो इसकी बारीकी से जांच की जानी चाहिए।अन्यथा भविष्य में न सिर्फ मोड़ीढाना अपितु आसपास के दर्जनों ग्रामों में जान माल के नुकसान की आशंका से इंकार नही किया जा सकता।

            इनका कहना…

मोड़ीढाना ग्राम के आसपास दो स्टोन क्रेशर है। यह ब्लास्टिंग संबंधी जांच की गई।इस क्षेत्र में भूकंप की दृष्टि से भी जांच की गई है, एक वीक जोन यहां है।इस लिहाज से स्थानीय भूकंप की भी आशंका है।

           मनीष पल्लेवार

जिला खनिज अधिकारी बैतूल

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.