ईटीपी बनखेड़ी जिला नर्मदापुरम की और रेत भरी जा रही शाहपुर से, निशाना रैयत जांच चौकी में हुआ खुलासा
शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष ने विधायक, कलेक्टर एवं खनिज विभाग को लिखा पत्र
✓ईटीपी बनखेड़ी जिला नर्मदापुरम की और रेत भरी जा रही शाहपुर से, निशाना रैयत जांच चौकी में हुआ खुलासा
✓शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष ने विधायक, कलेक्टर एवं खनिज विभाग को लिखा पत्र
✓रेत के अवैध परिवहन पर कड़ी कार्रवाई की मांग
परिधि न्यूज बैतूल

जिले में रेत माफिया का बोलबाला नजर आ रहा है। रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद है कि वह पुलिस और प्रशासन को भी ताक पर रखे हुए हैं। इसका उदाहरण बीती रात शाहपुर क्षेत्र में निशाना रैयत जांच चौकी नजर आया। जहां रेत के चार वाहनों पर ईटीपी नहीं थी। खनन कंपनी ने जल्दबाजी में इन वाहनों पर ईटीपी जारी की, जिनमें से तीन वाहनों को बैतूल की ओर भगा दिया गया।
इस मामले में शाहपुर नगर परिषद के अध्यक्ष विक्की नायक ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संदर्भ में घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके, कलेक्टर एवं खनिज विभाग को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने का आग्रह किया है। नायक ने इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव एवं अनुविभागीय अधिकारी शाहपुर को भी दी है।
दरअसल, 26 मई 2024 को रात लगभग 10:30 बजे स्थल खनिज जांच चौकी निशाना रैयत पर ग्रामीणों द्वारा सूचना देकर विक्की नायक को बुलाया गया। नायक ने वहां पहुंचकर पुलिस और एसडीएम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि चार वाहनों पर ईटीपी नहीं थी। खनन कंपनी ने जल्दबाजी में इन वाहनों पर ईटीपी जारी की, जिनमें से तीन वाहनों को बैतूल की ओर भगा दिया गया।
— अवैध गतिविधियाँ और प्रशासनिक लापरवाही उजागर–

जांच में यह भी पाया गया कि दो वाहनों की ईटीपी बनखेड़ी जिला नर्मदापुरम से जारी की गई थी, जबकि इन वाहनों में रेत गुवाडी, सातलदेही तहसील शाहपुर से भरी जा रही थी। इन वाहनों में दर्शाई गई मात्रा से अधिक रेत का परिवहन हो रहा था, जिससे शासन को राजस्व की प्रतिदिन करोड़ों रुपये की हानि हो रही थी।
–– कार्रवाई की मांग–
विक्की नायक ने पत्र में अनुरोध किया है कि उपरोक्त वाहनों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और आगामी समय में ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया रेत कंपनी के कर्मचारी काले रंग के वाहनों का उपयोग करके ग्रामीण क्षेत्रों में मार्च निकाल कर धमकी देकर जनता में भय का माहौल पैदा कर रहे है। नायक ने मौके पर पाए गए वाहनों की ईटीपी और फोटोग्राफ्स भी संलग्न किए हैं, जो इस अवैध गतिविधि की पुष्टि करते हैं। नायक ने अवैध रेत परिवहन के मुद्दे को उजागर कर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। नायक के अनुसार इस मामले में प्रशासन की तत्परता और सख्ती से कार्रवाई करने से ही रेत के अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सकती है, जिससे शासन को होने वाली राजस्व हानि को कम किया जा सकेगा और जनता में सुरक्षा का माहौल बन सकेगा।