Betul and MP Latest News

बैतूल जिले में 8 लाख 80 हजार सिकल सेल के रोगी..!

➡️जिले के लिए खतरे की घंटी तो नहीं है यह आंकड़ा..?

परिधि न्यूज बैतूल

आंकड़ा चौंकाने वाला है या नहीं यह तो आप तय करेंगे,,क्योंकि यह आंकड़ा जिले की कुल आबादी का लगभग आधा है …31 अक्टूबर को प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव के सामने स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदार संविदा अधिकारी डॉ  अंकिता सीते द्वारा सिकल सेल के रोगियों की संख्या बताकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के नॉलेज की पोल जरूर खोल दी है।सोशल मीडिया पर एक रील मुख्यमंत्री के बैतूल से जाने के बाद आए दिन स्टेट्स,इंस्टाग्राम,फेसबुक पर वायरल करने की कोशिश हो रही है, जिसमें जिला अस्पताल में पदस्थ संविदा पीजीएमओ ब्लड बैंक एवं सिकल सेल/ थैलीसीमिया नियंत्रण नोडल अधिकारी डॉ अंकिता सीते बैतूल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सामने सिकल सेल को लेकर विभाग की उपलब्धियों का बखान कर रही है। अति उत्साह में डॉ अंकिता ने सीएम के सामने स्वयं एमबीबीएस डॉक्टर होते हुए, एमबीबीएस डॉक्टर कलेक्टर और एमबीबीएस डॉक्टर विधायक की मौजूदगी में बताया कि जिले में 8 लाख 80 हजार सिकल सेल रोगियों की स्क्रीनिंग की गई है।सवाल यह है कि क्या डॉ अंकिता सीते को आम नागरिकों और रोगियों में फर्क भी नहीं मालूम? वैसे सवाल तो नागरिकों की स्क्रीनिंग के आंकड़ों पर भी है। जानकारी के अनुसार 6 माह से 40 वर्ष के लोगो की ही स्क्रीनिंग की जानी है।

इस तरह गैर जिम्मेदार संविदा अधिकारी को आखिर क्यों वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान स्वास्थ्य विभाग का फेस बनाया जा रहा है।गौरतलब है कि जिस प्रदर्शनी काउंटर पर डॉक्टर अंकिता की ड्यूटी लगी थी वहां टीबी, मलेरिया और अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रम जिनमें बैतूल का प्रतिनिधित्व प्रदेश और देश में उल्लेखनीय है वह भी प्रदर्शित था लेकिन इन कार्यक्रमों के संबंध में वे एक शब्द नहीं बोल पाई। सूत्र बताते है कि सिकल सेल थैलीसीमिया नियंत्रण नोडल अधिकारी बनाए जाने के लिए तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारी पर दबाव बनाया गया था। खैर डॉ अंकिता चूंकि इस कार्यक्रम की नोडल अधिकारी है और उन्होंने यदि मुख्यमंत्री के समक्ष स्वास्थ्य विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए यह कहा है कि जिले में 8 लाख 80 हजार रोगी सिकल सेल के है तो यह अधिकृत ही माना जाएगा।विभाग इतने रोगियों के उपचार के लिए क्या प्रयास कर रहा है और नोडल अधिकारी द्वारा इन 8 लाख 80 हजार मरीजों की मॉनिटरिंग की जा रही है या नहीं यह तो विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सुनिश्चित करना है ताकि आदिवासी जिला सिकल सेल थैलीसीमिया मुक्त हो सके।आप परिधि न्यूज के यू ट्यूब चैनल की लिंक पर डॉ अंकिता का सीएम के सामने प्रेजेंटेशन देख सुन सकते है।

तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में आए थे मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 31 अक्टूबर को बैतूल के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में ₹30 करोड़ से अधिक की बोनस राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल वन क्षेत्र की ग्राम वन समिति के सदस्यों को ₹13 करोड़ से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि का भी अंतरण किया। बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ₹297 करोड़ से अधिक लागत के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं ₹145 करोड़ से अधिक लागत के 55 कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री  ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभों का भी वितरण किया।इसके पहले मुख्यमंत्री ने विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ अंतर्गत बैतूल जिले के 1 हजार 731 विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत जिले के 230 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.