मुलताई में डीजे बजाने का विरोध करने पर पथराव, घर घेरकर मारपीट का आरोप
➡️मुलताई में डीजे बजाने का विरोध करने पर पथराव, घर घेरकर मारपीट का आरोप
➡️40-50 लोगों की भीड़ पर उपद्रव का आरोप, 10 नामजद सहित अन्य के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग
परिधि न्यूज बैतूल
जिले के मुलताई में मासोद रोड स्थित मरही माता मंदिर परिसर में बिना अनुमति डीजे बजाने का विरोध करने पर विवाद और बाद में एक परिवार के घर पर पथराव व मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित रूपनारायण पवार और उनके परिवार ने मुलताई थाने में लिखित शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 18 अक्टूबर को तड़के करीब 3:50 बजे कुछ लोग रूपनारायण पवार के निजी स्वामित्व वाले खेत में स्थित मरही माता मंदिर परिसर में डीजे लेकर पहुंचे और तेज आवाज में बजाने लगे। परिवार ने बिना अनुमति निजी परिसर में डीजे बजाने पर आपत्ति जताई और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का हवाला देते हुए इसे बंद करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया।
आवेदन में बताया गया है कि सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच 40 से 50 महिला-पुरुष एकत्र हुए और पवार के घर को घेरकर पथराव किया। परिवार ने आरोप लगाया कि इस दौरान मारपीट और जान-माल को नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी किया गया।
शिकायत में शिव महोरे, भियुजी पवार, सुनील बारंगे, मनोज साबले, मुन्ना देशमुख, अनीता देशमुख, वंदना महोरे, दिलीप सरोदे, रेखा ठाकरे और गजानन ठाकरे सहित अन्य लोगों के नाम दर्ज कराए गए हैं। पीड़ित परिवार का दावा है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग उपलब्ध हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित लोगों के खिलाफ पहले भी शिकायत की गई थी।
रूपनारायण पवार, सुदेश पवार, सुमन पवार और जय पवार सहित परिवार के सदस्यों ने पुलिस से उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।