Betul and MP Latest News

खेड़ी सांवलीगढ़ में मालवीय क्लिनिक, लाईफ केयर क्लिनिक, न्यू हेल्थ केयर पैथालॉजी सील, BAMS /BUMS डॉक्टर्स को दी 7 दिन में पंजीयन कराने की मोहलत

➡️नोडल अधिकारी ने सीएमएचओ को बताया: सरकारी अस्पताल में 5-5 एमबीबीएस फिर भी झोलाछापों के क्लीनिक पर लगी थी भीड़
➡️खेड़ी में डिलीवरी प्वाइंट की ओपनिंग करने पहुंची थी बैतूल की टीम, तीन ब्लॉक के अधिकारी थे मौजूद

गौरी बालापुरे पदम /परिधि न्यूज बैतूल

जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के प्रसव के दबाव एवं अंचलों से रेफर केस कम करने के लिहाज से कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर लगातार व्यवस्था बनाई जा रही है। इसी क्रम में आज खेड़ी सांवलीगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में डिलीवरी प्वाइंट का शुभारंभ भी किया गया। खुशी की बात यह है कि ओपनिंग के बाद इस कक्ष में पहली सुरक्षित डिलेवरी भी हुुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में तीन ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक रखी गई थी, जिसमें जिला एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से डॉ प्रांजल उपाध्याय नोडल अधिकारी नर्सिंग होम/क्लीनिक, डॉ केदार सिंह जाटव बीएमओ सेहरा, मेडिकल अधिकारी डॉ विवेक बारस्कर सहित भैंसदेही, भीमपुर, चिचोली, सेहरा-रोढ़ा के सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारी कर्मचारियों को बुलाया गया था। मीटिंग के बाद जब डॉ प्रांजल सामुदायिक केन्द्र से बाहर निकले तो पास ही खुले क्लिनिक पर मरीजों की भीड़ देखी। डॉ प्रांजल उपाध्याय ने क्लिनिक पर पहुंचकर मरीजों से पूछा कि सरकारी अस्पताल में सुविधाएं एवं डॉक्टर है फिर भी क्लिनिक में ईलाज क्यों करा रहे है। वे स्वयं हैरत में थे कि स्वास्थ्य केन्द्र में 5-5 एमबीबीएस डॉक्टर एवं तमाम सुविधाएं मौजूद है, सभी अस्पताल में ही थे, फिर भी लोगों का जमावड़ा निजी एवं फर्जी डॉक्टरों के क्लिनिक पर है। उन्होंने क्लिनिक में मौजूद डॉक्टर की डिग्री आदि के बारे में पूछताछ की। कोई डिग्री नहीं होने पर सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा के संज्ञान में पूरा मामला लाया गया। सीएमएचओं ने इस संबंध में कलेक्टर डॉ सोनवणे को अवगत कराया और तत्काल फर्जी डॉक्टरों के क्लिनिक सील कर दिए गए। इसके अलावा एक अवैध पैथालॉजी को भी डॉ उपाध्याय स्वास्थ्य एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में सील किया।
दो डिग्री धारी डॉक्टरों को पंजीयन कराने सात दिन की मोहलत


कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो अन्य क्लिनिक चेक किए। इन क्लिनिक के संचालकों के पास बीएएमएस/बीयूएमएस की डिग्री थी, लेकिन क्लिनिक पंजीकृत नहीं थे। नोडल अधिकारी डॉ प्रांजल उपाध्याय ने दो डॉक्टर्स को 7 दिनों में क्लिनिक पंजीयन कराने की मोहलत दी। यदि सात दिनों पंजीयन नहीं किया जाएगा तो आगे कार्रवाई करने की हिदायत भी दी गई।

मालवीय क्लिनिक, लाईफ केयर क्लिनिक, न्यू हेल्थ केयर पैथालॉजी पर ताला जड़ा

स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को दोपहर करीब 2.30 बजे दां फर्जी डॉक्टर्स के क्लिनिक सील किए। साथ ही एक पैथालॉजी भी सील की गई। टीम ने मालवीय क्लिनिक, लाईफ केयर क्लिनिक, न्यू हेल्थ केयर पैथालॉजी पर ताला जड़ा। विभागीय कार्यवाही से आसपास के क्षेत्र में हडक़म्प मच गया साथ ही कुछ अन्य क्लिनिक के संचालक खुद ताला लगाकर भाग गए।
सीएमएचओ भी दे चुके है हिदायत


जिस दिन डॉ संजीव शर्मा ने सीएमएचओ का पदभार ग्रहण किया उस दिन कलेक्टर डॉ सोनवणे के निर्देश पर भीमपुर में डॉ जामिनी विश्वास के आठ खटिया वाले अस्पताल को सील किया जा रहा था। परिधि न्यूज से चर्चा में सीएमएचओ ने कहा भी कि जिले में झोलाछाप डॉक्टर्स के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक बीएमओ द्वारा महीने में दो से तीन बार छापामार कार्रवाई कर मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले बंगाली/झोलाछाप/फर्जी डॉक्टरों पर शिकंजा कसा जाएगा। खेड़ीसांवलीगढ़ में शनिवार को की गई कार्रवाई से एक बार फिर झोलाछाप डॉक्टर सदमे में है।
रंग ला रही है झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध परिधि की मुहिम
परिधि न्यूज द्वारा लगातार झोलाछाप डॉक्टर एवं जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर समाचार प्रकाशित/प्रसारित किए जा रहे है। जिले के भीमपुर के चिखली ग्राम में झोलाछाप जामिनि विश्वास के आठ बिस्तरीय अस्पताल को सील करने की कार्रवाई भी परिधि न्यूज की सूचना को कलेक्टर द्वारा संज्ञान में लेते हुए की गई थी। गौरतलब है कि जिले में कुल 151 क्लिनिक के वैध होने एवं 44 हास्पीलटल एवं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पीटल के वैध होने की जानकारी परिधि के माध्यम से उजागर होने के बाद जिले भर में सुर्खियां है। बहरहाल स्वास्थ्य विभाग के अलर्ट होने से दो और फर्जी डॉक्टरों पर नकेल कसी जा सकी। यदि आदिवासी बाहुल्य विकासखंड में बीएमओ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रति लोगों को जागरुक करने का प्रयास करेंगे तो फर्जी डॉक्टरों से लोगों का मोहभग हो सकता है।

इनका कहना…
खेड़ीसांवलीगढ़ में शनिवार को तीन ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक थी। बैठक के बाद बाहर जब निजी क्लिनिक पर भीड़ देखी और जांच की तो बिना डिग्री के प्रेक्टिस करते फर्जी डॉक्टर की जानकारी सीएमएचओ को दी गई। सीएमएचओ के निर्देश पर क्लिनिक सील करने की कार्रवाई की गई।
डॉ प्रांजल उपाध्याय
प्रभारी नोडल अधिकारी
नर्सिंग होम/ क्लीनिक बैतूल

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.