मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें, जरूरत पड़ने पर लें विशेषज्ञ की मदद: डॉ संदीप गोहे
➡️विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर पुरुषों की मानसिक परेशानियों पर भी ध्यान देने की अपील की
परिधि न्यूज बैतूल

आर्थिक चिंता, रोजगार का दबाव, पारिवारिक विवाद और रिश्तों में तनाव मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसी परेशानियों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर सहायता लेना जरूरी है। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर मनोवैज्ञानिक एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. संदीप गोहे ने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
डॉ. संदीप गोहे लेखक एवं एसआईएफ बैतूल (सेव इंडियन फैमिली) के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी को कमजोरी समझना गलत है। यदि लंबे समय तक तनाव बना रहे, नींद प्रभावित हो या रोजमर्रा के काम करने में कठिनाई आए, तो योग्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत बताते हुए कहा कि कई पुरुष पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक दबाव के कारण अपनी परेशानियां साझा नहीं कर पाते। पुरुषों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुनना और उन्हें उचित सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।
भारत सरकार की टेली-मानस सेवा पर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए 14416 या टोल-फ्री नंबर 1800-89-14416 पर संपर्क किया जा सकता है। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है।
वहीं, एसआईएफ बैतूल मेंस हेल्पलाइन के माध्यम से पारिवारिक तनाव और रिश्तों से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे पुरुष सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए 8882498498 पर संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. गोहे ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए परिवार और समाज को लोगों की परेशानियां समझने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें विशेषज्ञ की मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।