आरोपी को फांसी की मांग, शिवाजी चौक पर जुटेंगे शहरवासी
➡️5 वर्षीय मासूम से दुराचार की घटना के विरोध में दोपहर 12 बजे प्रदर्शन, एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन
➡️दोषी को सख्त सजा दिलाने सामाजिक संगठनों से एकजुट होने की अपील
परिधि न्यूज बैतूल

5 वर्षीय मासूम के साथ दुराचार की घटना सामने आने के बाद शहर में आक्रोश है। घटना के विरोध में जागरूक नागरिकों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर 12 बजे शिवाजी चौक पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेश गावंडे ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने शहर के सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। प्रदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की जाएगी। श्री गावण्डे ने कहा कि ऐसे घृणित कार्य के विरोध में जनता की एकजुट आवाज से प्रशासन तक यह मांग मजबूती से पहुंचेगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।