भाषा नहीं, ज्ञान, आत्मविश्वास और सेवा का भाव दिलाता है असली सफलता: कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे
✓नवदुनिया प्रतिभा सम्मान-2026 में जिले के 20 से अधिक स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
परिधि न्यूज बैतूल

राजधानी भोपाल से प्रकाशित लोकप्रिय हिंदी दैनिक नवदुनिया द्वारा शनिवार को वृंदावन गार्डन में आयोजित नवदुनिया प्रतिभा सम्मान-2026 समारोह में जिले की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10वीं एवं 12वीं के 20 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य और करियर निर्माण को लेकर प्रेरक मार्गदर्शन भी दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, कलेक्टर डा. सौरभ संजय सोनवणे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला, नगर पालिका सीएमओ नवनीत पाण्डेय, नवदुनिया भोपाल के संपादक विरेन्द्र तिवारी, यूनिट हेड मानवेन्द्र द्विवेदी, नवदुनिया बैतूल के ब्यूरोचीफ विनय वर्मा, मार्केटिंग हेड मयंक बारंगे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रारंभ में यूनिट हेड मानवेन्द्र द्विवेदी ने नवदुनिया की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों और प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल अच्छे अंक पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने अपने मेडिकल कॉलेज के दिनों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में अंग्रेज़ी बोलने को लेकर झिझक थी, लेकिन उनके पिता ने उन्हें समझाया कि व्यक्ति की पहचान भाषा से नहीं, बल्कि उसके ज्ञान, मेहनत और कौशल से होती है। यही सीख उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत बनी।

उन्होंने कहा कि यूपीएससी या किसी भी बड़ी परीक्षा का निर्णय एक दिन में नहीं होता। बचपन के संस्कार, परिवार, शिक्षक, कॉलेज जीवन और विभिन्न अनुभव मिलकर व्यक्ति का व्यक्तित्व गढ़ते हैं। मेडिकल कॉलेज में देशभर के विद्यार्थियों के साथ पढ़ाई, हॉस्टल जीवन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों ने उनके व्यक्तित्व को नई दिशा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ कॉलेज जीवन के अनुभवों को भी पूरी गंभीरता से जिएं, क्योंकि यही अनुभव आगे चलकर बेहतर इंसान और बेहतर अधिकारी बनाते हैं।

कलेक्टर ने कहा कि देश में हुई आतंकी घटनाओं ने उन्हें भीतर तक प्रभावित किया था और तभी उन्होंने समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि चाहे डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी या किसी भी क्षेत्र में कार्य करें, उद्देश्य समाज और देश की सेवा होना चाहिए। पद और प्रतिष्ठा से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि आपके कार्य से कितने लोगों का जीवन बेहतर हो रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने का आग्रह करते हुए कहा कि अखबार केवल खबरें नहीं देता, बल्कि सोचने की क्षमता, सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों की समझ भी विकसित करता है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए यह आदत बेहद उपयोगी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच, समय का सदुपयोग और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने नवदुनिया परिवार को प्रतिभा सम्मान जैसे प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से 10वीं के बाद ही अपने करियर का लक्ष्य तय करने और पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ उसे हासिल करने का प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करना बेहद जरूरी है। अक्सर बच्चे दिशाहीन हो जाते हैं और सफलता के मार्ग से दूर चले जाते हैं। मैं चाहूंगा कि बच्चों को शुरूआत से ही अपना गोल तय करना चाहिए और उसके अनुसार ही मेहनत भी करना चाहिए। इससे हम जीवन के हर कदम पर सफल जरूर होंगे।कार्यक्रम में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी नवदुनिया परिवार की ओर से भेंट किए गए।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार गौरी बालापुरे पदम ने किया। अंत में नवदुनिया बैतूल के ब्यूरो चीफ विनय वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवदुनिया भविष्य में भी शिक्षा, प्रतिभा और समाजहित से जुड़े ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों का सिलसिला निरंतर जारी रखेगा