आखिर मोहटा सचिव को मिला पालंगा का प्रभार, अब ग्रामीणों को नहीं होगी परेशानी
आज पालंगा के प्रभार से मुक्त हो सकते है लक्कड़जाम सचिव सुरेश यादव

✓आखिर मोहटा सचिव को मिला पालंगा का प्रभार, अब ग्रामीणों को नहीं होगी परेशानी
✓आज पालंगा के प्रभार से मुक्त हो सकते है लक्कड़जाम सचिव सुरेश यादव
परिधि न्यूज बैतूल

जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन के निर्देश के बाद जनपद पंचायत भीमपुर के सीईओ अभिषेक वर्मा द्वारा 60 किमी दूर अतरिक्त प्रभार वाले सचिव सुरेश यादव को प्रभार मुक्त करने संबंधी प्रस्ताव जिला पंचायत भेजा गया। प्रस्ताव मिलने के 24 घंटे के अंदर सीईओ अक्षत जैन द्वारा लक्कडज़ाम के सचिव को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया है। गौरतलब है लक्कडज़ाम ग्राम पंचायत के सचिव सुरेश यादव के पास लक्कडज़ाम से 59 किमी दूर पालंगा पंचायत का अतिरिक्त प्रभार होने से दोनो ही पंचायतों के कार्य प्रभावित हो रहे थे। पंचायत के ग्रामीण विभिन्न कार्यों के लिए परेशान हो रहे थे। पंचायत में अक्सर सचिव के नही मिलने से या तो ग्रामीणों को बैरंग लौटना पड़ रहा था और बार-बार पंचायत के चक्कर लगाने के बाद भी काम न होने से ग्रामीणों को आर्थिक दिक्कतों के साथ पूरे दिन की मजदूरी भी गंवाना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर परिधि न्यूज द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रसारित किया गया। इस संबंध में क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह चौहान को भी अवगत कराया गया। ग्रामीणों की समस्या के निराकरण के लिए विधायक ने भी पूरे मामले पर ध्यान दिया। जानकारी के अनुसार सुरेश यादव को पालंगा के प्रभार से संभवत: आज मुक्त किया जाकर उनसे वित्तीय प्रभार भी आज ही वापस ले लिया जाएगा। अब वे अपनी मूल पंचायत लक्कडज़ाम में पूर्णकालिक मौजूद रहेंगे जिससे ग्रामीणों को भी असुविधाओं से मुक्ति मिलेगी।
तीन पंचायतों में बदले गए प्रभार
जिला पंचायत सीईओ श्री जैन को 19 जून को लक्कडज़ाम के सचिव को पालंगा पंचायत के प्रभार से मुक्त करने का प्रस्तव भेजा गया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए 21 जून को सीईओ जिला पंचायत द्वारा आदेश जारी कर दिया गया। इस आदेश में कुछ अन्य पंचायतों में भी फेरबदल हुआ है। श्री जैन ने ग्राम पंचायत टिटवी, पालंगा एवं डोक्या में नए प्रभार दिए है। लक्कडज़ाम के सचिव सुरेश यादव को प्रभार मुक्त कर मोहटा पंचायत के सचिव रामकृष्ण सोनारे को पालंगा पंचायत का प्रभार दिया गया है। यह बदलाव परिधि न्यूज द्वारा 60 किमी दूर पंचायत का प्रभार दिए जाने संबंधी समाचार जारी करने के बाद अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने पर किया गया। ग्राम पंचायत टिटवी के सजिव धाजूदास आठोले अस्वस्थ होने की वजह से छुट्टी पर है जिसकी वजह से पन्नालाल पंडोले सचिव चोहटापोपटी को टिटवी का प्रभार दिया गया है। इसी तरह चांदू के सचिव मुंगीलाल आहके को डोक्या पंचायत की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। गौरतलब है डोक्या के सचिव रामकिशन नागले 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे है। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए किए गए बदलाव पर परिधि न्यूज ने क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत अक्षत जैन एवं सीईओ जनपद अभिषेक वर्मा को साधुवाद दिया है।