58 साल पुराना कोलगांव पंचायत भवन कंडम घोषित
✓58 साल पुराना कोलगांव पंचायत भवन कंडम घोषित
परिधि न्यूज बैतूल
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा 58 साल पुराने कोलगांव स्थित पुराने पंचायत भवन को कंडम घोषित किया गया है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के आधार पर क्षतिग्रस्त और जर्जर हो चुकी इस इमारत को गिराया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बैतूल द्वारा पुराने पंचायत भवन को जीर्ण-शीर्ण होने से इसे कंडम घोषित करते हुए अचानक दुर्घटना की आशंका को देखते हुए गिराने की अनुमति चाही गई थी। उक्त भवन लगभग 58 वर्ष पुराना है। जबकि भवन की आयु 40 वर्ष तक थी। अपनी उम्र से लगभग दोगुनी जिंदगी ज्यादा जी चुकी इमारत को गिराए जाने का निर्णय लिया गया है।
कंडम इमारतों की नियमावली में भी यह ऐसी इमारत है कि जो अन्य किसी विभाग द्वारा उपयोग में नहीं ली जा सकती है और ना ही अन्य किसी विभाग द्वारा मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि 10 लाख तक के पूंजीगत मूल्य के भवनों को कंडम घोषित करने के लिए कलेक्टर अधिकृत है।
मुलताई में 40 वर्ष पुराने एफ-4 टाईप क्वाटर कंडम घोषित
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा पुराना सिविल लाईन मुलताई स्थित एफ-4 टाईप आवास के जीर्ण-शीर्ण होने के कारण कंडम घोषित कर दिया गया है। इमारत को कण्डम घोषित करने के लिए कलेक्टर द्वारा प्रमाणित किया जाता है यह इमारत किसी और व्यक्ति या विभाग द्वारा ना तो मांगी गई और ना ही इसका उपयोग जनोपयोगी काम में किया जा सकता है और न ही पुरातात्विक महत्व की परिधि में आती है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा इमारत को कण्डम घोषित किए जाने का प्रस्ताव दिए जाने के पश्चात कलेक्टर द्वारा कंडम घोषित करने के बाद भवन को गिराए जाने की कार्रवाई तहसीलदार मुलताई के समक्ष की जाएगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा भवन की उपयोगी सामग्री को नीलाम कर राशि शासकीय खजाने में जमा कराई जाएगी।