Paridhi Breaking:भोपाल से डेढ़ साल के बच्चे को चुराकर भागी महिला बैतूल स्टेशन पर धराई
बैतूल में जीआरपी की सतर्कता से बच्चा सुरक्षित, भोपाल जीआरपी के किया सुपुर्द
✓भोपाल से डेढ़ साल के बच्चे को चुराकर भागी महिला बैतूल स्टेशन पर धराई
✓बैतूल में जीआरपी की सतर्कता से बच्चा सुरक्षित, भोपाल जीआरपी के किया सुपुर्द
गौरी बालापुरे पदम परिधि न्यूज बैतूल

आज सुबह पातालकोट एक्सप्रेस से एक महिला बैतूल स्टेशन पर पहुंची। महिला के साथ करीब डेढ़ साल का एक बच्चा भी था। यह महिला भोपाल से बच्चे को चुराकर कर पातालकोट एक्सप्रेस में चढ़ गई थी। जीआरपी भोपाल के संज्ञान में आते ही महिला के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फोटो-वीडियो जारी किए गए। फुटेज के फोटो से मेल खाती महिला की शिनाख्त के बाद उसे आज सुबह करीब 9.30 से 10 बजे के बीच बैतूल में स्टेशन के बाहर पकड़ा गया। जीआरपी हेड कांस्टेबल रविश यादव से मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला के विरुद्ध भोपाल जीआरपी में धारा 363 का प्रकरण दर्ज है। महिला के संबंध में जीआरपी द्वारा जारी जानकारी एवं फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही थी। बैतूल स्टेशन पर जब इस महिला को बच्चे के साथ देखा गया तो वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। फुटेज एवं अन्य हुलिए के आधार पर महिला की शिनाख्त कर उसे हिरासत में लिया गया। भोपाल जीआरपी के बैतूल पहुंचने पर महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम अस्मीतुन पति मोहम्मद कपिल, उम्र 35 वर्ष निवासी रिछा बरेली बताया। विवेचना के बाद ही महिला द्वारा दी गई जानकारी वास्तविक है या फेक यह स्पष्ट हो पाएगा।
रात करीब एक बजे प्लेट फार्म नंबर 6 से बच्चे की चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने भोपाल में रात करीब एक बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर 6 से तीन वर्ष के बच्चे की चोरी करने का मैसेज जीआरपी भोपाल ने सभी थानों में सर्कुलेट किया। इसी के साथ महिला के फोटो भी जारी किए।
बैतूल स्टेशन पर सुबह पातालकोट स्टेशन से इस महिला के उतरने एवं स्टेशन के बाहर बच्चे को लेकर घूमने की जानकारी मिलते ही हेड कांस्टेबल रविश यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और महिला को हिरासत में लिया गया। भोपाल जीआरपी के बैतूल पहुंचने पर महिला एवं बच्चे को उनके सुपुर्द किया गया।
बैतूल जीआरपी चौकी प्रभारी रविश यादव एवं आरक्षक दिलीप रघुवंशी एवं कुलदीप लोटे की सतर्कता से कुछ ही घंटो में आरोपी महिला को पकडऩे में सफलता मिली। महिला के साथ जो बच्चा है उसकी उम्र करीब डेढ़ साल बताई जा रही है, वह बच्चा ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है। लेकिन जारी फुटेज में महिला एवं बच्चे का हुलिया मेच हो रहा है।
स्टेशनों पर हो रही थी महिला की तलाश
रात करीब एक बजे महिला द्वारा भोपाल स्टेशन से बच्चा चुरानेे बाद पातालकोट एक्सपे्रस में चढऩे की सूचना जीआरपी द्वारा जारी करने के बाद सभी स्टेशनों एवं ट्रेनों में महिला की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह भोपाल,नर्मदापुरम,ईटारसी, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला सहित अन्य स्टेशनों पर भी नजर रखी जा रही थी। सुबह जब पातालकोट एक्सप्रेस बैतूल पहुंची तो यह महिला बैतूल स्टेशन पर भी नहीं उतरी, लेकिन करीब 9.30 बजे इसे स्टेशन परिसर के बाहर बच्चे के साथ देखा गया। जिसके आधार पर यह कयास लगाए जा रहे है कि महिला आऊटर में ही उतर गई थी। महिला को हिरासत में लेने के बाद भोपाल से चौपहिया वाहन से जीआरपी की टीम बैतूल पहुंची करीब 5 बजे महिला को वापस भोपाल के लिए लेकर टीम रवाना हुई।