पूर्व पार्षद ने आंगनबाड़ी केंद्र को भेंट किया सीलिंग फैन, बच्चों को भीषण गर्मी से मिली राहत समर्पण और सेवा का अनूठा उदाहरण

✓पूर्व पार्षद ने आंगनबाड़ी केंद्र को भेंट किया सीलिंग फैन, बच्चों को भीषण गर्मी से मिली राहत
समर्पण और सेवा का अनूठा उदाहरण
परिधि न्यूज बैतूल

बैतूलबाजार के विष्णु वार्ड क्रमांक 06 की पूर्व पार्षद और वर्तमान में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत नीतू पवार ने आंगनबाड़ी केंद्र को सीलिंग फैन भेंट किया। इस पहल से आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
पूर्व पार्षद नीतू पवार और उनके पति सुनील पवार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कंचना मुसरे के आग्रह पर यह महत्वपूर्ण कदम उठाया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया था कि नए भवन में विद्युत कनेक्शन बंद होने और पंखा न होने के कारण वार्डवासी अपने बच्चों को आंगनबाड़ी नहीं भेज पा रहे थे। नीतू पवार ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीलिंग फैन भेंट करने का निर्णय लिया।
— जन सहयोग से आंगनबाड़ी की बेहतरी—
नीतू पवार ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में वार्ड के लोगों से जन सहयोग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र के लिए आवश्यक सुख सुविधाओं और सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने वार्डवासियों को प्रेरित किया कि वे अपने विशेष अवसरों पर आंगनबाड़ी केंद्र को खेल खिलौने और अन्य आवश्यक सामग्री भेंट करें।
— परिवार के साथ मिलकर की सेवा–
31 मई 2024 को नीतू पवार अपने पति सुनील पवार और बेटियों भवी एवं राजनंदिनी के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। सुनील पवार ने अपने हाथों से पंखा लगाकर चालू किया, जिससे बच्चों को ठंडी हवा मिलनी शुरू हुई। बच्चों की खुशी देखते ही बनती थी और उन्होंने नियमित रूप से केंद्र आने का वादा किया।
— शिक्षक के रूप में पहली पगार का अनूठा उपयोग–
नीतू पवार ने शिक्षक के रूप में पहली पगार का उपयोग बेटियों के लिए पायल खरीदने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र के लिए सीलिंग फैन खरीदने में किया। साथ ही उन्होंने बहु एवं बेटी का धर्म निभाते हुए अपनी सास श्रीमती पार्वती पवार बैतूल बाजार एवं अपनी माता श्री लक्ष्मी पवार भडूस को भी उपहार स्वरूप पायल भेंट की। यह उनकी समाज सेवा और समर्पण का एक अनूठा उदाहरण है। इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को राहत मिली है, साथ ही अन्य वार्डवासियों के लिए भी नीतू पवार एक प्रेरणा बनी है।