Betul and MP Latest News

➡️गौण वनोपज “तेंदूपत्ता संग्रहण” के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है पेसा ग्राम सभाएं➡️जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का करें त्वरित निराकरण : कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे➡️नेशनल लोक अदालत 9 मई को➡️एनआरएलएम समूह की महिलाओं को फील्ड टेस्टिंग किट से जल जांच का दिया प्रशिक्षण➡️जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए: एसडीएम डॉ. सिंह➡️डीएमएफ कार्यों की समीक्षा, 2026-27 की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश➡️मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना: 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, एक मुस्लिम जोड़े का हुआ निकाह➡️अब जिले के किसानों को मिलेगा फसल की आवश्यकता अनुसार खाद➡️आमला क्षेत्र में बाल विवाह पर सख्ती, एक माह में तीन मामलों में रोक 

परिधि प्रशासनिक डायरी बैतूल

1️⃣➡️गौण वनोपज “तेंदूपत्ता संग्रहण” के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है पेसा ग्राम सभाएं

बैतूल/ भारत सरकार पंचायत उपबंध पेसा एक्ट 1996 एवं म.प्र.पंचायत उपबंध अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार नियम 2022 के तहत तेंदूपत्ता संग्रहण एवं विपणन कार्य के लिए पेसा ग्राम सभाओं का क्रेता के साथ अनुबंध की कार्यवाही पूर्ण की गई। जिसमें जनपद पंचायत भीमपुर सभा कक्ष में जनपद पंचायत भीमपुर एवं चिचोली की संयुक्त बैठक एवं एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद पंचायत भीमपुर के कुल 12 ग्राम सभा एवं जनपद पंचायत चिचोली के कुल 09 ग्राम सभा कुल 21 ग्राम सभा का तेंदूपत्ता संग्रहण एवं विपणन कार्य के लिए वर्ष 2026 के लिए क्रेता एवं ग्राम सभाओं के मध्य अनुबंध की कार्यवाही में प्रति मानक बोरा न्यूनतम दर 9278 रूपये एवं अधिकतम दर 10699 रुपए प्रति मानक बोरा के दर से अनुबंध की कार्यवाही पूर्ण की गई।
इस कार्यवाही के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भीमपुर श्री नानसिंह चौहान, पेसा जिला समन्वयक श्री सुखदेव उईके के द्वारा ग्राम सभा निधि के सदस्यों एवं पेसा मोबलाईजर्स को तेंदूपत्ता की गुणवत्ता एवं सक्रिय कार्य करने और अधिक से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभान्वित करने के लिए निर्देशित किया।
जिला समन्वयक श्री उईके द्वारा निर्देशित किया गया कि ग्राम सभाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाए, ग्राम सभाओं की बैठकें समय पर हो और बैठक की कार्यवाही पेसा निर्णय पोर्टल में शेड्यूल किया जाए। साथ ही ग्राम सभा के सदस्यों से आग्रह भी किया गया कि ग्राम सभाएं सतत रूप से बैठक एवं चौपाल करें और ग्राम के प्रत्येक मतदाता की बात सुने और समझे ताकि ग्राम सभाओं में जागरूकता बढ़ सके।
इस तेंदूपत्ता संग्रहण एवं विपणन अनुबंध एवं प्रशिक्षण कार्यशाला में पेसा ब्लॉक समन्वयक शंकरलाल चौहान, रिंकू परतें,मानिक कुमरे एवं वन विभाग के कर्मचारी, ग्राम सभा निधि के सदस्य, पेसा मोबलाईजर्स उपस्थित रहे।
2️⃣➡️जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का करें त्वरित निराकरण : कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे


बैतूल/ कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में चिचोली निवासी अजय खुरसना ने निजी भूमि पर जबरन फसल नष्ट करने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार चिचोली को पुलिस से समन्वय कर आवेदक की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।घोड़ाडोंगरी निवासी मालतीराव की सीमांकन संबंधी शिकायत का तहसीलदार घोड़ाडोंगरी को निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।


फील्ड निरीक्षण अवलोकन

अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के कार्य का स्थल पर अवलोकन किया जा रहा है। इस दौरान कहीं डेटा एंट्री की जांच की जा रही है, तो कहीं घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया का परीक्षण किया जा रहा है। मौके पर ही आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा रहे हैं, जिससे कार्य में त्रुटि एवं विलंब की संभावना न्यूनतम हो सके। निरीक्षण अब केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर कार्य की वास्तविक गुणवत्ता पर केंद्रित किया जा रहा है। प्रत्येक स्तर पर कार्य की समीक्षा कर आवश्यक सुधार कराए जा रहे हैं, जिससे जनगणना कार्य अधिक सटीक, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
3️⃣➡️नेशनल लोक अदालत 9 मई को
बैतूल/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 9 मई को प्रातः 10:30 बजे से न्यायालय परिसर बैतूल में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल श्री दिनेश चंद्र थपलियाल के द्वारा लोक नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ किया जाएगा।
4️⃣➡️एनआरएलएम समूह की महिलाओं को फील्ड टेस्टिंग किट से जल जांच का दिया प्रशिक्षण


बैतूल/ कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत विकासखंड चिचोली में ग्रामीण महिलाओं को शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। कार्यपालन यंत्री के मार्गदर्शन में विकासखंड समन्वयक श्रीमती वैशाली आर्य ने एनआरएलएम समूह की महिलाओं को एफटीके फील्ड टेस्टिंग किट से पानी की गुणवत्ता जांचने की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में महिलाओं को गांव स्तर पर पेयजल परीक्षण, जल संरक्षण और जल संवर्धन के उपाय बताए गए। साथ ही नलजल योजनाओं को मजबूत बनाने में ग्राम पंचायत के साथ समन्वय कर काम करने और जलकर वसूली की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि बिजली बिल, मरम्मत और रखरखाव जैसे खर्चों के लिए गांव में ही पर्याप्त राशि उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में जनपद पंचायत की सीईओ श्रीमती प्रतिभा जैन और पीएचई की सहायक यंत्री श्रीमती वंदना उपराले के सहयोग से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एक दिवसीय प्रशिक्षण देकर उन्हें जल प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी के लिए सशक्त किया गया।
5️⃣➡️जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए: एसडीएम डॉ. सिंह


बैतूल/जनगणना कार्य को लेकर एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने संयुक्त बैठक ली। इस अवसर पर जनगणना चार्ज अधिकारी गोवर्धन पाठे तहसीलदार ग्रामीण उपस्थित थे। बैठक में संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम डॉ. सिंह ने कहा कि जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। सभी कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें और घर-घर जाकर सटीक व पूर्ण जानकारी एकत्रित करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। साथ ही जनगणना के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
6️⃣➡️डीएमएफ कार्यों की समीक्षा, 2026-27 की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

बैतूल/जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद के प्रगतिरत एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सभी विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जल संरक्षण एवं संवर्धन के उपयोगी और दीर्घकालिक कार्यों के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े उपयोगी और दीर्घकालिक कार्यों को प्राथमिकता से प्रस्तावित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व में डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों में शेष बची राशि को संबंधित विभागों से सरेंडर कराकर आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाए, ताकि उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। साथ ही नगरपालिका, पेयजल आपूर्ति, पशुपालन, पर्यटन एवं आजीविका मिशन से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट भी प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पंचायत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय निकाय एवं शिक्षा विभाग के डीएमएफ मद से संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुके कार्यों का निर्धारित प्रारूप में उपयोगिता, गुणवत्ता एवं प्रभाव का मूल्यांकन कराया जाए तथा बची हुई राशि को सरेंडर कर अन्य विकास कार्यों में उपयोग किया जाए।
बैठक में सभी जनपद सीईओ एवं सहायक यंत्रियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों का वास्तविक मूल्यांकन कर एक सप्ताह के भीतर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें। इन कार्यों का निरीक्षण भ्रमण के दौरान भी किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने डीएमएफ मद से निर्मित सामुदायिक भवन, कॉम्प्लेक्स एवं शेड आदि की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी ली। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में जिन कार्यों को तकनीकी स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है, उनके लिए संबंधित विभागों को तीन दिवस के भीतर तकनीकी स्वीकृति भेजने के निर्देश दिए।

7️⃣➡️मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना: 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, एक मुस्लिम जोड़े का हुआ निकाह 


बैतूल/मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत मुलताई जनपद के ग्राम चंदौरा में मंगलवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। भव्य आयोजन में 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हिंदू जोड़ों के विवाह संपन्न हुए, वहीं एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी कराया गया।
सामूहिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री उइके ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक बाधाएं दूर हो रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गरीब परिवार की बेटियों की चिन्ता कर पूरी भव्यता और गरिमा के साथ उनका विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विवाह एक ऐसा संस्कार है, जिसमें पुरुष और प्रकृति एक होकर एकाकार हो जाते है और नव वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर गृहस्थ आश्रम को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से सभी नव युगल दंपतियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।


मुलताई विधायक श्री देशमुख ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है। इससे बेटियों के विवाह में आने वाला आर्थिक बोझ कम हो रहा है और उन्हें सम्मान के साथ नया जीवन शुरू करने का अवसर मिल रहा है।
प्रशासन द्वारा की गई समुचित व्यवस्थाएं—
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एसडीएम राजीव कहार के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं में जुटा रहा। सम्मेलन स्थल पर बारातियों और घरातियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। विशाल पंडाल, बैठने की सुविधा समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा की गईं। नवविवाहित जोड़ों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीणजन शामिल हुए।

8️⃣➡️अब जिले के किसानों को मिलेगा फसल की आवश्यकता अनुसार खाद

बैतूल / जिले में किसानों की सुविधा के लिए ई-विकास प्रणाली के माध्यम से जिले के कृषकों को अब वैज्ञानिक अनुशंसा के अनुसार उर्वरक प्रदान किया जाएगा। कृषि विभाग के सचिव द्वारा किसानों को आशवस्‍त किया गया है कि राज्य में उर्वरको की कोई कमी नहीं है। राज्य में 6.5 लाख मैट्रिक टन उर्वरको का पर्याप्त मात्रा में भंडारण है। उन्होंने किसानों के आह्वान किया कि आपको अनुसंशित मात्रा के अतिरिक्त भी उर्वरक ई-टोकन के माध्यम प्रदान किया जाएगा। बशर्ते टोकन जनरेट करते समय किसान को यह बताना होगा कि उन्हें अतिरिक्त उर्वरक की आवश्यकता क्यों है] क्योंकि उर्वरकों के अनुसंशित मात्रा में प्रयोग नहीं करने से धरती का स्वास्थ्य खराब हो रहा है] जबकि शासन स्तर से धरती माता बचाव अभियान का संचालन भी किया जा रहा है।
जिले में गन्ना किसानों को सलाह दी जाती है कि जिन खसरो हेतु उर्वरक की मांग की जा रही है। उन खसरों में वास्तविक रूप से जितने क्षेत्र में गन्ना बोया गया है। उतने ही क्षेत्र का इंद्राज ई-टोकन करते समय करें,ताकि होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

9️⃣➡️आमला क्षेत्र में बाल विवाह पर सख्ती, एक माह में तीन मामलों में रोक
बैतूल/जिले के आमला विकासखंड अंतर्गत बाल विवाह रोकने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आमला में एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवाया गया।
जानकारी के आमला में अपनी पुत्री का विवाह 7 मई 2026 को करने जा रही थीं। विश्वसनीय सूचना के आधार पर परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास आमला को ज्ञात हुआ कि बालिका की जन्मतिथि 18 जनवरी 2009 (स्कूल मार्कशीट अनुसार) है, जिससे वह नाबालिग श्रेणी में आती है।
परियोजना अधिकारी श्री निर्मल सिंह ठाकुर ने तत्काल इस संबंध में एसडीएम श्री शैलेंद्र बड़ोनिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी को अवगत कराया। एसडीएम के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया।
परियोजना अधिकारी श्री ठाकुर के नेतृत्व में सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती पुष्पा खातरकर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम ने ग्राम पहुंचकर बालिका के परिजनों को समझाइश दी। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है तथा इसके गंभीर दुष्परिणाम होते हैं। समझाइश के बाद परिजन सहर्ष विवाह नहीं करने के लिए तैयार हो गए और बाल विवाह रुकवाया गया।
इसी प्रकार आमला में ही अपनी नाबालिग पुत्री का विवाह किए जाने की सूचना पर विभागीय टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए वहां भी समझाइश देकर विवाह रुकवाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सतर्कता के चलते आमला विकासखंड में एक माह के भीतर तीन बाल विवाह रुकवाए गए हैं, जो बाल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.