Betul and MP Latest News

संविदा पीजीएमओ डॉ अंकिता सीते को प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग की खुली छूट…!

➡️सरकारी मैदानी अमले से कराया जा रहा अपनी अवैध निजी लैब/ क्लीनिक का प्रचार
➡️अपने ही पर्चे के लिखे आधुनिक लैब सुविधा पर पोती कालख

परिधि एक्सपोज़र बैतूल  – 3  

संविदा पीजीएमओ ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ अंकिता सीते पर संभवत: सीएमएचओ कार्रवाई से परहेज कर रहे है। इसकी सीधी सी वजह डॉ अंकिता सीते की ब्यरोकेट्स और डेमोक्रेट्स में अच्छी पकड़ हो सकती है, लेकिन प्रशासनिक आला अधिकारियों को यह समझना ही होगा कि गलत काम कर रहे उनके अधीन अधिकारियों को दंड नहीं दिया गया तो आला अधिकारियों की छवि आम नागरिकों के बीच कम से कम ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की तो नहीं रहेगी। डॉ अंकिता सीते द्वारा चन्द्रशेखर वार्ड में संचालित आधुनिक सुविधाओं से लैस स्वास्थ्यम लैब का अवैध रुप से संचालन किया जा रहा है।

पूर्व की प्रचार सामग्री

 

परिधि न्यूज द्वारा इस संबंध में खुलासा करने के बाद भी प्रशासनिक तंत्र की कार्रवाई नहीं होने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। गौरतलब है कि डॉ सीते द्वारा न सिर्फ अवैध लैब चलाई जा रही है अपितु इसका प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है और आम नागरिकों तक अपनी लैब की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रशासनिक ताने-बाने का ही उपयोग भी किया जा रहा है। मतलब हींग लगे न फिटकरी रंग चोखा…दरअसल ब्लड बैंक के साथ-साथ सिकल सेल नोडल अधिकारी होने की वजह से वह अपने अधीनस्थ अमले को जो निर्देश देती है उसका पालन करना उनकी मजबूरी हो जाती है। यही वजह है कि जब वे अपनी लैब का पर्चा स्वास्थ्य विभाग के फील्ड में काम कर रहे लोगों को विभाग के विभिन्न ग्रुप में फारवर्ड करने के लिए कहती है तो मजबूरी में अधीनस्थ अमले को यह काम करना ही पड़ता है।
आखिर क्यों पोती अपने ही प्रचार पर्चे पर कालख

एमबीबीएस एमडी पैथोलॉजी डॉ अंकिता सीते द्वारा अपनी लैब सहित एनीमिया, महिला स्वास्थ्य एवं फीवर क्लीनिक के प्रचार प्रसार के लिए डिजाईन किए गए प्रचार पर्चे को लम्बे समय से सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जा रहा है। बीते दिनों परिधि न्यूज में स्वास्थ्यम लैब के अवैध होने के समाचार प्रसारित होने के बाद डॉ अंकिता ने इस पर्चे में “गुणवत्तापूर्ण जांच हेतु आधुनिक लैब” सुविधा पर काला रंग लगाकर उसे छुपाने की कोशिश की एवं “हिस्टोपैथोलॉजी इन हाऊस लिखी सुविधा” यह लाईन ही पर्चे से हटा दी गई है। गौरतलब है कि डॉ अंकिता सीते के घर पर आज भी स्वास्थ्यम पैथ लैब के बोर्ड लगे हुए है जबकि उन्हें महज परामर्श केन्द्र ही संचालित करने की अनुमति है। यदि डॉ सीते के मुताबिक उन्हें घर में प्रेक्टिस करने की अनुमति है तो उनके द्वारा क्यों पर्चे में बदलाव किया गया और यदि वे मानती है कि एक संविदा या प्रशासनिक अधिकारी होने के नाते उन्हें लैब खोलने की अनुमति नहीं है तो अब तक उन्होंने अपनी लैब बंद क्यों नहीं की? अब तक उनके निवास पर स्वास्थ्यम पैथ लैब के बोर्ड लगे हुए है। जिससे स्पष्ट है कि ट्रेलर कुछ और है और पिक्चर कुछ और…!
आखिर किसके संरक्षण में प्रशासनिक ताने-बाने का दुरुपयोग

डॉ अंकिता सीते द्वारा अपने निवास पर संचालित जांच चिकित्सा सुविधाओं के प्रचार-प्रसार के लिए प्रशासनिक तंत्र का लम्बे समय से उपयोग किया जा रहा है। परिधि न्यूज को इस आशय का साक्ष्य भी प्राप्त हुआ है जिसमें डॉ सीते द्वारा बाकायदा मैदानी अमले के चिकित्साकर्मी को प्रचार पर्चा सीएचओ, नर्सिंग ऑफिसर, आशा एवं एएनएम के गु्रप में शेयर करने के लिए निवेदन किया है। इससे यह स्पष्ट है कि डॉ अंकिता सीते अपनी लैब का प्रचार करने के लिए प्रशासनिक चिकित्सा तंत्र का दुरूपयोग कर रही है। डॉ सीते द्वारा अवैध लैब के संचालन से लेकर उसके प्रचार प्रसार को बिना किसी रोकटोक किया जा रहा है, जनचर्चा है कि उनकी लैब पर कार्रवाई करना या उसे बंद करना इतना आसान भी नहीं है। संभवत: यहीं वजह है कि सीएमचएचओ डॉ संंजीव शर्मा अब तक डॉ अंकिता को एक नोटिस भी नहीं दे पाये है। इसके पीछे कहीं अधिकारियों के मोबाईल पर बैतूल से लेकर राजधानी से आने वाली घंटियों की आवाज तो नहीं है। पहले भी डॉ अंकिता के लापरवाह रवैये एवं समय पर ड्यूटी न करने को लेकर शिकायतें हुई है, लेकिन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का रौब दिखाकर अधीनस्थ स्टाफ से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को काबू में रखने में वे सफल रही है। सूत्र बताते है कि सरकारी नियमों, ड्यूटी में लापरवाही एवं अन्य मामलों को लेकर भी जिला अस्पताल में प्रसिद्ध डॉ अंकिता की शिकायत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल तक भी जिला अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों के माध्यम से पूर्व में पहुंच चुकी है। बहरहाल देखना यह है कि आखिर कब तक डॉ सीते पर कार्रवाई को टाला जाएगा? वैसे जिले के स्वास्थ्य तंत्र की कुछ दिनों पहले ही कमान संभालने वाले डॉ संजीव शर्मा ने परिधि न्यूज से चर्चा के दौरान अवैध लैब एवं नियमों का उल्लंघन करने वाली संविदा पीजीएमओ एमबीबीएस एमडी पैथोलॉजी, ब्लड बैंक एवं सिकल सेल नोडल अधिकारी डॉ अंकिता सीते पर कार्रवाई की बात कहीं थी,लेकिन उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य, राजस्व एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम पांच सौ मीटर की दूरी 19 दिन बाद भी तय नहीं कर पाई है। गौरतलब है कि यदि स्वास्थ्यम लैब के उपकरण जब्त करने एवं लैब सील के अलावा डॉ सीते पर अनुशासनात्मक कार्रवाई यदि प्रशासन नहीं कर पाया तो स्वास्थ्य विभाग की नाक के नीचे चल रही स्वास्थ्यम लैब जिले की तमाम अवैध पैथोलॉजी के लिए संजीवनी का काम करेगी।
जिलेवासियों के लिए वह महत्वपूर्ण जानकारी जिसके प्रचार से परहेज

साइंस हाउस प्रा लि में 200 से अधिक निशुल्क जांच की सुविधा

जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है, जिला अस्पताल में ही तमाम सुविधाएं है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी लगातार अपगे्रड किया जा रहा है। जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में साइंस हाऊस प्राईवेट लिमिटेड के माध्यम से करीब 200 नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। हैरत की बात यह है कि ग्रामीण अंचलों सहित नगरीय क्षेत्रों में साइंस हाऊस के माध्यम से नि:शुल्क जांच की जो सुविधाएं दी जा रही है डॉ अंकिता सीते द्वारा एमडी पैथालोजी एवं ब्लड बैंक नोडल अधिकारी होने के नाते कभी उनका प्रचार-प्रसार किसी भी वाट्सएप गु्रप में नहीं किया लेकिन अपनी निजी लैब का प्रचार करने का कोई अवसर वे नहीं चूकती, यही नहीं अपने व्यवसायिक फायदे के लिए उनके द्वारा सरकारी तंत्र का बेजा उपयोग भी किया जा रहा है, जिसे वरिष्ठ अधिकारी भी नजरअंदाज कर रहे है। प्राप्त जानकारी के अनुसार साइंस हाऊस प्राईवेट लिमिटेड राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से अनुबंधित है। पूरे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में साइंस हाऊस की लैब संचालित है। महज 24 घंटे में ओपीडी पर्ची के खर्च पर मरीज को जांच रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है। बैतूल जैसे आदिवासी अंचल में इस सुविधा का प्रचार-प्रसार न किया जाना सोची समझी साजिश ही है क्योंकि मरीज यदि सरकारी अस्पताल में ही जांच कराने लगेगे तो प्राईवेट पैथोलॉजी ठप पड़ जाएगी। ऐसे में जब जिला अस्पताल की एमडी पैथालॉजी ही अपने व्यवसायिक लाभ के लिए अवैध लैब संचालित कर रही हो तो बाकी तंत्र से भी क्या उम्मीद की जा सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिस्ट्रोपिथोलॉजी के लिए अलग सुविधाओं की आवश्यकता होती है और यह बेहद संवेदनशील लैब होती है जिसकी सुविधा जिला अस्पताल में भी नहीं है लेकिन ऐसी लैब घर के अंदर आवासीय क्षेत्र में डॉ सीते संचालित कर रही है। जन स्वास्थ्य की दृष्टि से ही सही जिले के संवेदनशील एमबीबीएस डॉक्टर कलेक्टर संजय सोनवणे और सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
संविदा/सरकारी चिकित्सक न अपना व्यवसाय कर सकते है न उसका प्रचार

मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नियमों के तहत, शासकीय या संविदा पर कार्यरत चिकित्सक अपने या अपने किसी परिजन के नाम से निजी पैथोलॉजी लैब, क्लीनिक या नर्सिंग होम संचालित नहीं कर सकते। सरकारी नियमों के अनुसार, ड्यूटी समय के बाद केवल निवास स्थान पर सामान्य परामर्श (स्टेथोस्कोप, बीपी मशीन आदि) की अनुमति होती है।

निवास स्थान पर पैथोलॉजी या बायो-केमिस्ट्री जांच से जुड़ा कोई भी उपकरण रखना या पंजीकृत कराना सख्त वर्जित है। संविदा पर नियुक्त चिकित्सकों को पूर्णकालिक रूप से आवंटित सरकारी अस्पताल में ही सेवा देनी होती है। किसी निजी संस्थान या लैब में सेवा देना या मरीजों को वहां रेफर करना अनुबंध का उल्लंघन है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के आचार संहिता नियमों (Code of Medical Ethics Regulations, 2002 2002) और अक्टूबर 2026 में लागू हुए NMC Ethical Advertising Guidelines, 2026के तहत कोई भी पंजीकृत डॉक्टर अपनी प्रैक्टिस या डायग्नोस्टिक सेंटर का व्यावसायिक प्रचार नहीं कर सकता। नए दिशानिर्देशों के अनुसार, इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब या किसी भी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील बनाकर या विज्ञापन देकर मरीजों को आकर्षित करना और लैब का प्रचार करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। गौरतलब है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी या मिशन संचालक द्वारा अनुबंध तत्काल समाप्त किया जा सकता है। साथ ही मेडिकल काउंसिल द्वारा व्यावसायिक कदाचार के तहत जांच कर डॉक्टर का पंजीकरण निलंबित या रद्द किया जा सकता है। हैरत की बात है कि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी नियम विरुद्ध संचालित लैब एवं लगातार नियमों की अनदेखी कर रही संविदा अधिकारी डॉ अंकिता सीते के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर पा रहे है।

इनका कहना…
हिस्ट्रोपैथालॉजी मेडिकल कॉलेज लेवल पर होती है, यह सामान्य पैथालोजी से अलग होती है इसलिए इसके लिए अलग से सेटअप करना होता है। आने वाले वर्षों में यह सुविधा भी प्रारंभ हो जाएगी। फरवरी से जिला अस्पताल में कल्चर पर भी काम होने लगेगा, फिलहाल माईक्रो बायोलॉजिस्ट मेटरनिटी अवकाश पर चल रही है।
डॉ जगदीश घोरे, सिविल सर्जन बैतूल

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.