Betul and MP Latest News

जोश-खरोश के साथ बैतूल में निकली विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा

तेज बारिश भी न थाम सकी तिरंगे का जुनून, बैतूल में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

✓जोश-खरोश के साथ बैतूल में निकली विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा
✓तेज बारिश भी न थाम सकी तिरंगे का जुनून, बैतूल में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
✓तिरंगे के सम्मान में 10 हजार से अधिक लोगों ने की भागीदारी
✓तिरंगे के प्रति गौरव और अभिमान प्रकट करते हुए यात्रा में शामिल स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि और नागरिक
✓देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंजा बैतूल
परिधि न्यूज बैतूल 

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को बैतूल में विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

यात्रा में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का अद्भुत नजारा दिखाई दिया। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अभिमान और गौरव को प्रकट करते हुए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठन और नागरिक तिरंगा उठाए यात्रा में चले।तिरंगे के सम्मान में 10 हजार से अधिक लोगों ने यात्रा में भागीदारी की।


भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जनजातीय कार्य श्री दुर्गादास उईके, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नगर, विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, पूर्व सांसद श्रीमती ज्योति धुर्वे, श्री सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, पार्षदगण तथा कलेक्टर बैतूल श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल झारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी सहित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, स्वास्थ्य, नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


तिरंगा यात्रा में पुलिस बैंड ने देशभक्ति की धुन प्रस्तुत करते हुए यात्रा की अगुवाई की। सभी जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और नागरिक उत्साह और उमंग के साथ ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए तिरंगा थामे यात्रा में आगे बढ़े। प्रमुख मार्गो पर सामाजिक और व्यापारी संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में भारत माता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। बारिश की तेज बौछार भी बच्चों का उत्साह कम नहीं कर पाई। दोगुने उत्साह और उमंग के साथ तिरंगा यात्रा आगे बढ़ी।
तिरंगा यात्रा स्टेडियम से प्रारंभ होकर शिवाजी चौक, दिलबहार चौक, मैकेनिक चौक, कारगिल चौक, नेहरू पार्क, अंबेडकर चौक होते हुए कोठीबाजार पेट्रोल पंप के सामने से स्टेडियम पहुंची, जहां ऐतिहासिक यात्रा का समापन हुआ।

केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारे स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों के प्रति सम्मान और भारत की एकता, अखंडता व गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की प्रगति और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें और तिरंगे की आन बान और शान को बनाएं रखें।


विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमारे मन में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करती है। उन्होंने कहा कि सभी को अपने कर्म, विचार और व्यवहार से राष्ट्र को गौरवान्वित करना है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों और बच्चों को बधाई देते हुए यात्रा को सफल बनाने में सबके योगदान की सराहना की।
यात्रा के सफल आयोजन में पुलिस, शिक्षा, जनजातीय कार्य, महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.