Paridhi Administrative Diary:➡️सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं: कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे➡️ भूतपूर्व सैनिकों की बैठक 15 अप्रैल को➡️नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, सुशासन और जवाबदेही पर रहेगा फोकस, गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस ➡️ रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 3 वाहनों को किया जप्त ➡️जनगणना 2027 : 16 से 30 अप्रैल तक खुलेगा स्व-गणना पोर्टल, 15-20 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया ➡️✓नल-जल योजनाओं को गुणवत्ता और समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश, पेयजल संकट के समाधान को प्राथमिकता➡️डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती का जिला स्तरीय कार्यक्रम जे एच कॉलेज में
1️⃣➡️सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं: कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे
✓वित्तीय अनियमितता पर रहेगा जीरो टॉलरेंस
आधुनिक तकनीकी में दक्ष रहकर प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाए
✓जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को धरातल पर उपयोगी बनाएं
परिधि प्रशासनिक डायरी 13 अप्रैल 2026

बैतूल/ नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों को भली-भांति समझें और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ जमीनी स्तर तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आमजन की समस्याओं का निष्पक्ष एवं संवेदनशील समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण लंबे समय तक लंबित न रहे। व्यवस्थित कार्ययोजना बनाकर उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए। विशेष रूप से राजस्व एवं लोक सेवा गारंटी के मामलों को प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़े, यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगा।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अमले पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए संबंधित अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे। वित्तीय अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। साथ ही जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने हेतु समय-समय पर फीडबैक साझा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ प्रकरणों का विवेकपूर्ण निराकरण करने, नियमित बैठकें आयोजित करने तथा क्षेत्रीय निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जनसुनवाई कार्यक्रम का प्रभावी संचालन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे विभागीय पोर्टलों की स्वयं मॉनिटरिंग करें और कार्यों को केवल ऑपरेटर के भरोसे न छोड़ें। उन्होंने महत्वपूर्ण एवं नियमित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने पर बल दिया।
कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान किया जाए। साथ ही, राजस्व प्रकरणों का भी समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली सभी आवश्यक बैठकों का समय पर आयोजन किया जाए। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों को गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष पंजीयन का सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों पर छांव, पेयजल एवं बारदाने जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में नारी शक्ति वंदन अभियान, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं जल संरक्षण कार्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
जनगणना से संबंधित कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। साथ ही वन विभाग से संबंधित विषयों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
2️⃣➡️ भूतपूर्व सैनिकों की बैठक 15 अप्रैल को
बैतूल/ भूतपूर्व सैनिकों की बैठक 15 अप्रैल को आमला में प्रातः 11 बजे से और मुलताई में दोपहर 12:30 से आयोजित की जाएगी। कैप्टन आईएन सुमीत सिंह सेवानिवृत्ति जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने सभी भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों से जनपद पंचायत आमला और मुलताई के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में यथासमय उपस्थित होने की अपील की है।
3️⃣➡️नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, सुशासन और जवाबदेही पर रहेगा फोकस, गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस


बैतूल/ नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार मीडिया से रूबरू होते हुए प्रशासन की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जिले में गुड गवर्नेंस को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बताया कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनसमस्याओं के निराकरण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जाए तथा हर शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय अनियमितताओं और गड़बड़ी पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को धरातल पर उपयोगी और टिकाऊ बनाने के निर्देश सभी सीएमओ एवं सीईओ को दिए गए हैं। तकनीकी विशेषज्ञों के परामर्श से जल संरचनाओं और निर्माण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा क्षेत्रों में मैदानी संस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न विभागों के कार्यों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
4️⃣➡️बिजली उपभोक्ता स्मार्ट मीटर को अपनाएं और बिजली बिल में बचत की शुरुआत करें,स्मार्ट मीटर से दिन में बिजली जलाना 20 प्रतिशत तक सस्ता
बैतूल/ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों के बिजली उपभोक्ताओं को आधुनिक और पारदर्शी बिजली सेवाओं से जोड़ने के लिए स्माचर्ट मीटरिंग अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। कंपनी ने न केवल तकनीक में सुधार किया है, बल्कि उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुँचाने के लिए टाइम ऑफ डेश्टैरिफ के तहत सोलर ऑवर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 20 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है। यह छूट इस अवधि के दौरान उपभोग की गई ऊर्जा के लिए ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड / अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ने बताया है कि कंपनी कार्यक्षेत्र में उपभोक्ता परिसरों में स्मार्ट मीटर की स्थापना का कार्य तीव्रता से जारी है। भोपाल जिले में अब तक 4 लाख 84 हजार से अधिक परिसरों में स्मार्ट मीटर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र के 16 जिलों यथा अशोकनगर, बैतूल, भिण्ड, भोपाल, ग्वालियर, दतिया, गुना, हरदा, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, श्योपुर, शिवपुरी एवं विदिशा जिले में अब तक 9 लाख 18 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। आरडीएसएस योजना के तहत पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में 26 लाख 79 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित किये जाने है और आगामी महीनों में स्मार्ट मीटर स्थापना के कार्य में और तेजी लाई जाएगी।
—-कंपनी की अपील: बनें स्मार्ट उपभोक्ता––
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर स्थापना के लिए आने वाली तकनीकी टीम का सहयोग करें। स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिलिंग संबंधी शिकायतों और गलत रीडिंग की समस्या पूरी तरह से खत्म हो गई है। स्मार्ट मीटर न केवल सटीक रीडिंग सुनिश्चित करते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाले बोझ को भी कम करते हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच बिजली खपत पर ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत की सीधी छूट दी जा रही है। इससे वाशिंग मशीन, इंडक्शन चूल्हा या अन्य भारी उपकरणों का उपयोग दिन में करना अब काफी किफायती हो रहा है। उपभोक्ता कंपनी के मोबाइल ऐप उपाय के माध्यम से अपनी प्रतिदिन की बिजली खपत को ट्रैक कर सकते हैं, जिससे अनावश्यक उपयोग पर नियंत्रण संभव है। स्मार्ट मीटर के संबंध में किसी भी जानकारी अथवा समस्या के निराकरण हेतु कॉल सेन्टर 1912 अथवा नोडल अधिकारी श्री कैलाश कुमार चौधरी, प्रबंधक(स्मार्ट मीटरिंग सेल) से ईमेल आईडी Smartmeteringcellbhopal@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
5️⃣➡️ रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 3 वाहनों को किया जप्त

बैतूल/कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत खनिज विभाग ने विगत 3 दिनों में खनिज अमले के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौण खनिजों के अवैध परिवहन कर रहे वाहनों को जप्त कर समीपस्थ पुलिस थानों की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है।
जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को तहसील आमला क्षेत्रांतर्गत ग्राम तोरणवाड़ा के समीप से खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 01 वाहन ट्रेक्टर एमपी 48 ए 3677 एवं घिसी बोरी मार्ग के समीप से 01 वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 48 एए 9017 को जप्त कर पुलिस थाना आमला की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है। वहीं 12 अप्रैल को बैतूल तहसील क्षेत्रांतर्गत देवगांव-फोरलेन के समीप से खनिज गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 01 वाहन डम्पर क्रमांक एमपी 28 एच 4011 को जप्त कर पुलिस थाना बैतूल बाजार की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है।
उपरोक्त सभी अवैध परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही कर प्रकरणों को न्यायालय अपर कलेक्टर बैतूल में प्रस्तुत किया जा रहा है।
6️⃣➡️जनगणना 2027 : 16 से 30 अप्रैल तक खुलेगा स्व-गणना पोर्टल, 15-20 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया
बैतूल / जनगणना 2027 को अधिक आधुनिक, पारदर्शी एवं जन-सहभागी बनाने की दिशा में भारत सरकार द्वारा “स्व-गणना” की अभिनव सुविधा प्रारंभ की है। जिला योजना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि यह पहल नागरिकों को सशक्त बनाते हुए उन्हें स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण मकान सूचीकरण 1 मई से 30 मई तथा द्वितीय चरण जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करते हुए इस बार डेटा संकलन के लिए उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। प्रगणकों द्वारा एचएलओ मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी संकलित की जाएगी, वहीं आम नागरिकों के लिए स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध कराया जाएगा। यह पोर्टल 16 अप्रैल से 30 अप्रैल आम जनता के लिए खुला रहेगा, जिसमें नागरिक सुविधानुमार अग्रिम रूप में अपनी जानकारी दर्ज कर सकें। स्व-गणना प्रक्रिया पूर्णतः सरल, सुरक्षित है। यह पोर्टल हिंदी, अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, जिससे हर वर्ग के नागरिक आसानी से इसका उपयोग कर सकें। परिवार का कोई भी सदस्य मात्र 15-20 मिनट में पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है। प्रक्रिया पूर्ण होने पर नागरिकों को स्व-गणना पहचान संख्या उनके मोबाइल या ई-मेल पर प्राप्त होगी। यह SE ID प्रगणक के सत्यापन के दौरान प्रस्तुत करना आवश्यक होगा, यदि SE ID मौजूदा रिकॉर्ड से मेल खाती है, तो आपकी जानकारी की पुष्टि कर उसे स्वीकार कर लिया जाएगा। यदि SE ID का मिलान नहीं होता है, तो प्रगणक द्वारा नई जानकारी एकत्रित की जाएगी। जिससे डेटा की शुद्धता एवं अंतिम अनुमोदन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे व्यापक जनजागरूकता फैलाएं तथा अधिक में अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।
7️⃣➡️✓नल-जल योजनाओं को गुणवत्ता और समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश, पेयजल संकट के समाधान को प्राथमिकता
✓जनप्रतिनिधि–प्रशासन की संयुक्त बैठक में विकास, पेयजल, सिंचाई और लैंडबैंक विस्तार पर व्यापक चर्चा
बैतूल/ सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई, जिसमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपत्तियां उईके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल श्री हेमंत खंडेलवाल, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक मुलताई श्री चंद्रशेखर देशमुख, विधायक आमला डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार तथा कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पेयजल प्रबंधन, नल-जल योजनाओं की प्रगति, सिंचाई परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट को प्रमुखता से लेते हुए मंत्री श्रीमती उईके ने निर्देश दिए कि नल-जल योजनाओं के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि पूर्ण योजनाओं को विधिवत सत्यापन के बाद पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा उनके रखरखाव में तकनीकी सहयोग पीएचई विभाग द्वारा दिया जाए। साथ ही सड़क रेस्टोरेशन कार्य भी समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में जलस्तर गिरने से पेयजल संकट की स्थिति बन रही है। ऐसे सभी गांवों में प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप एवं ट्यूबवेल निर्माण कराया जाए। उन्होंने पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक समर्पित व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए, जिसमें प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्य के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
बैठक में जल निगम अंतर्गत समूह नल-जल योजनाओं में गति लाने, ठेकेदारों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें करने तथा लापरवाही पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सिंचाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के लिए ढहकना वृहद परियोजना स्वीकृत की गई है, जिससे आठनेर, भीमपुर, चिचोली और शाहपुर क्षेत्रों के गांव लाभान्वित होंगे। साथ ही घोघरी परियोजना से लाभान्वित गांवों का पुनर्निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।
विकास को गति देने के लिए विधायक श्री खंडेलवाल ने जिले में लैंडबैंक बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन विभाग और प्रशासन के समन्वय से लैंड बैंक का चिन्हांकन कर उद्योग, डैम, मंडी और अन्य विकास कार्यों को बढ़ावा दिया जाए। ताप्ती कंजर्वेशन फॉरेस्ट में बटरफ्लाई पार्क, ग्रासलैंड विकास एवं होमस्टे जैसी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की भी बात कही गई, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।
बैठक में विभिन्न विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी उठाईं। आमला और मुलताई क्षेत्र में बैराज निर्माण, घोड़ाडोंगरी में सुखी नदी पर बैराज, भैंसदेही में मेडा जलाशय प्रभावितों के मुआवजे तथा गन्ना किसानों के पंजीयन संबंधी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। नगरीय प्रशासन की समीक्षा करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिक्रमण हटाने के बाद स्थायी चिन्हांकन सुनिश्चित करने को कहा गया।
वन विभाग से संबंधित अनापत्ति प्रकरणों, वन विस्थापन, लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। सभी स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा सड़कों के मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि विकास कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए जिले को समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
8️⃣➡️डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती का जिला स्तरीय कार्यक्रम जे एच कॉलेज में
बैतूल / डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जेएच हक्सर महाविद्यालय बैतूल के सभागार में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर जी के विचारों, उनके योगदान एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।