Betul and MP Latest News

खंडवा-बैतूल के विवादित सहायक आयुक्त अब झाबुआ की झोली में

➡️खंडवा-बैतूल के विवादित सहायक आयुक्त अब झाबुआ की झोली में

➡️भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल सहित सांसद-विधायक भी थे नाराज
गौरी बालापुरे पदम / परिधि न्यूज, बैतूल


जिले में आमद देने के साथ ही विवादों से घिरे जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त विवेक पाण्डेय आखिर बैतूल से स्थानांतरित किए गए। 16 जून 2026 को मप्र शासन जनजातीय कार्य विभाग मंत्रालय भोपाल से जारी आदेश के मुताबिक सहायक आयुक्त विवेक पाण्डेय का स्थानांतरण झाबुआ कर दिया गया है। मंत्रालय द्वारा ३७ सहायक आयुक्त एवं परियोजना अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। बैतूल में एक बार फिर महिला अधिकारी पर भरोसा जताते हुए वत्सला शिवहरे को सहायक आयुक्त बनाया गया है। श्रीमती शिवहरे को क्षेत्र संयोजक कार्यालय संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास जबलपुर से स्थानांतरित कर बैतूल में प्रभारी सहायक आयुक्त बनाया गया है। गौरतलब है कि बैतूल में पदस्थ सहायक आयुक्त विवेक पाण्डेय की कार्यप्रणाली एवं लगातार मिल रही अनियमितताओं की शिकायत से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल सहित अन्य विधायक एवं कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे भी नाराज थे। अंतत: विवादित कार्यप्रणाली एवं अपने तानाशाह रवैये के कारण विवेक पाण्डेय को एक साल में ही बैतूल से विदा होना पड़ा।


परिधि न्यूज की ग्राउंड रिपोर्ट ने खोले राज, आखिर परिणाम आया सामने
परिधि पोर्टल एवं समाचार पत्र द्वारा जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त की कार्य प्रणाली एवं अधीक्षक बदलने के लिए किए जा रहे खेल को लेकर तथ्यात्मक समाचार प्रसारित-प्रकाशित किए गए। इसके अलावा आयुक्त सहित स्थापना, निर्माण, स्टोर/आवक-जावक में पदस्थ कर्मचारियों की मदद से छात्रावास अधीक्षकों से वसूली, निर्माण कार्यों एवं खरीदी में भी कमीशन के बड़े खेल के संबंध में परिधि न्यूज द्वारा तथ्यात्मक समाचारों के माध्यम से सच्चाई सामने लाई गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसी आधार पर गोपनीय जांच के बाद सहायक आयुक्त को बैतूल स्थानांतरित किया है। विवेक पाण्डेय पर छात्रावास अधीक्षकों से अधीक्षक बने रहने के लिए की गई अवैध वसूली में कार्यालय के तीन कर्मचारी एवं एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था। इधर बैतूल पदस्थापना के बाद कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे भी अपने मैदानी दौरों में लगातार छात्रावासों का निरीक्षण कर रहे है, हाल ही में उन्होंने डोडाजाम छात्रावास के अधीक्षक को निलंबित भी किया। अब उम्मीद की जा रही है कि वर्षों से छात्रावासों में जमे एवं डबल-ट्रिपल प्रभार के साथ पति-पत्नि पर हो रही मेहरबानी को लेकर भी ठोस कदम उठाएं जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक जिले में अधीक्षकों के स्थानांतरण एवं पदस्थापना पर विधायकों को किसी तरह की अनुशंसा न करने की भी हिदायत दी गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की भी थी नजर
गौरतलब है कि छात्रावासों में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में कटौती कर अधिकारियों की जेब भरने की शिकायतों से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी खासे नाराज थे। परिधि द्वारा प्रदेश अध्यक्ष सहित कमिश्नर से भी इस संबंध में शिकायत की गई। भैंसदेही विधायक महेन्द्र सिंह चौहान भी सहायक आयुक्त की नजरअंदाजी से खासे परेशान थे। खंडवा में भी सहायक आयुक्त के भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत होने पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी द्वारा जांच कराने संबंधित समाचार परिधि ने प्रमुखता से प्रसारित किया। बैतूल विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष भाजपा श्री खंडेलवाल द्वारा जिले के छात्रावासों में अनियमितताओं एवं सहायक आयुक्त की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया, जिसका परिणाम भी 16 जून को जारी आदेश से परिलक्षित हो गया। इधर सहायक आयुक्त विवेक पाण्डेय के बैतूल से स्थानांतरण से जनजातीय कार्य विभाग के त्रस्त अधिकारी-कर्मचारी भी राहत महसूस कर रहे है।
मानसून लेकर आए थे साहब मानसून के पहले विदा, शिल्पा जैन से लंबी पारी खेलने का था मन


जून 2025 में बैतूल में आमद देने वाले सहायक आयुक्त विवेक पाण्डेय की वेलकम एवं तत्कालीन सहायक आयुक्त शिल्पा जैन की विदाई पार्टी में नवागत श्री पाण्डेय ने बड़े ही आत्मविश्वास से कहा था कि बैतूल जिले में श्रीमती जैन का 6 साल का लम्बा कार्यकाल रहा है, वे श्रीमती जैन का रिकार्ड तोड़ते हुए उनसे भी लंबी पारी खेलेंगे, लेकिन साहब एक साल ही बैतूल में टिक पाये। बहरहाल सहायक आयुक्त के स्थानांतरण की सूचना के बाद उनका विदाई समारोह कहां से और कैसे होगा इसे लेकर भी गोपनीय तैयारियों की सूचना परिधि को प्राप्त होने लगी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.