Paridhi big breaking: स्कूल से दो दिन पहले भागे,घर वापस नही जाना था इसलिए हाथ बांधकर कुएं में कूदे 12वी में पढ़ रहे छात्र और छात्रा
✓स्कूल से दो दिन पहले भागे,घर वापस नही जाना था इसलिए हाथ बांधकर कुएं में कूदे 12 वी में पढ़ रहे छात्र और छात्रा
✓हाथ छूटने से बचकर निकली छात्रा ने पुलिस को बताया लडक़ा अभी भी कुएं में है..!
गौरी बालापुरे पदम/परिधि न्यूज बैतूल
जिले के भीमपुर क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चों हाथ बांधकर ने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की। दोनों ही कक्षा 12वीं में अध्ययनरत है। घर वापस न जाने और साथ में मरने के फैसले में लडक़ी का हाथ छूट गया और वह किसी तरह कुएं से बाहर निकल आई। लडक़े के परिवार से जुड़े लोगों ने लडक़ी को भीमपुर चौकी पहुंचाया। यहां लडक़ी ने पुलिस को बताया कि दोनों ने आज सुबह झिंझरी गांव के पास हाथ बांधकर कुएं में कूदकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन उसका हाथ छूट गया और वह बाहर निकल गई। करीब आधे घंटे तक उसने कुएं से लडक़े के बाहर निकलने का भी इंतजार किया लेकिन वह बाहर नहीं निकला। इस पूरे मामले में फिलहाल भीमपुर चौकी प्रभारी ने ग्राम कोटवार के माध्यम से खंडवा पुलिस को सूचना करवाई है, क्योंकि जिस गांव के पास कुएं में कूदने की बात लडक़ी कह रही है वह खंडवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इधर लडक़े के परिवार का आरोप है कि उनके बेटे के साथ लडक़ी के परिवार ने कोई अनहोनी कारित कर दी है। उनके परिवार को फोन आ रहे है कि लडक़े को मारकर कुएं में डाल दिया है। चौकी प्रभारी बलराम यादव ने बताया कि लडक़े की तलाश की जा रही है, जांच और बयान के बाद ही आगे कुछ कहना संभव होगा।
यह है मामला…
भीमपुर मुख्यालय पर दो अलग-अलग शासकीय स्कूलों में पढऩे वाले कक्षा 12वीं के छात्र और छात्रा 14 सितंबर को करीब 3.30 बजे जल्दी छुट्टी होने पर स्कूल से घर नहीं गए। दोनों ही अपना सामान लेकर घर से भागने की फिराक में स्कूल आए थे और मौका मिलते ही 14 सितंबर को दोनों घर से भाग गए। आज सुबह दोनों ने किसी भी कीमत पर घर न लौटने का निर्णय लिया और झांझरी गांव थाना खंडवा क्षेत्र के कुएं में कूदकर जान देने का प्रयास किया। लडक़ा और लडक़ी की गुमशुदगी को लेकर परिजन भीमपुर चौकी भी पहुंचे थे, दोनों के साथ में होने की जानकारी जब पुलिस को लडक़े पक्ष के लोगों से मिली तो पुलिस ने ढूंढकर चौकी लाने के लिए कहा। आज सुबह जब लडक़े के परिजनों को लडक़ी मिली तो उसे चौकी में लाया गया। पूछताछ के दोरान लडक़ी ने पुलिस को बताया कि दोनों ने हाथ बांधकर कुएं में कूदकर जान देने का फैसला लिया और सुबह कुएं में कूद गए, लेकिन हाथ छूट जाने की वजह से वह कुएं में लगी झाडिय़ों एवं अन्य सहारे से बाहर निकल गई। आधे घंटे तक उसने कुएं के बाहर लडक़े का इंतजार भी किया। लडक़ा अपने साथ मोबाईल लेकर गया था। वह मोबाईल भी लडक़ी के बैग में ही मिला है।
पूरे मामले में कई पेंच
इस पूरे मामले में कई पेंच भी है और सवाल भी, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लडक़ी के परिवार से लडक़े वालों को कॉल पर लडक़े को मारकर कुएं में फेंकने की जानकारी दी गई है। इधर लडक़ी तक लडक़े के परिजन कैसे पहुंचे यह भी सवाल उठना लाजमी है। बहरहाल घटना खंडवा थाना क्षेत्र की होने की वजह से भीमपुर पुलिस ने ग्राम कोटवार के माध्यम से खंडवा पुलिस को सूचना दी है। लडक़े की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक लडक़ी एवं लडक़े दोनों ही परिवार भीमपुर पुलिस चौकी में ही थे।
इनका कहना…
जानकारी मिली है कि छात्र-छात्रा कुएं में कूद गए थे। छात्रा बचकर किसी तरह कुएं से बाहर निकल आई। उसके मुताबिक छात्र अभी भी कुएं में है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है, छात्र की तलाश की जा रही है, खंडवा पुलिस को भी सूचित किया गया है।
बलराम यादव, चौकी प्रभारी भीमपुर