श्री विनायकम स्कूल एवं वरिष्ठ नागरिक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में मनाया हिंदी दिवस
विभिन्न रोचक विषयों पर छात्र छात्राओं ने प्रभावी ढंग से रखी मजबूत राय

✓श्री विनायकम स्कूल एवं वरिष्ठ नागरिक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में मनाया हिंदी दिवस
✓विभिन्न रोचक विषयों पर छात्र छात्राओं ने प्रभावी ढंग से रखी मजबूत राय
✓संगठन सचिव (सेवानिवृत पुलिस अधीक्षक) के.के. पांडे एवं संगठन साथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
परिधि न्यूज बैतूल

विगत 22 वर्षों से संचालित जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री विनायकम स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में वाद-विवाद और तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रोचक और समसामयिक विषयों पर प्रभावी ढंग से हिंदी भाषा में संवाद किया, जिससे उनकी तार्किकता और हिंदी भाषा की उत्कृष्टता भी झलकी। इस अवसर पर विद्यालय ने समाज सेवा में सक्रीय सेवानिवृत्त अधिकारियों के वरिष्ठ नागरिक संगठन को आमंत्रित किया, जिन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।
तात्कालिक भाषण में दिखा विद्यार्थियों का दम


प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की भूमि वर्मा ने आधुनिक जीवन में श्रीमद्भागवत गीता का महत्व विषय पर बोलते हुए, धार्मिक ग्रंथों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वहीं अनुष्का पाटिल ने प्लास्टिक पर प्रतिबंध के पक्ष में अपने तर्क रखे और मयूरी वराठे ने स्वस्थ खानपान की आदतों के लाभ पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इन सभी छात्राओं ने दर्शकों और निर्णायकों पर गहरी छाप छोड़ी।
समारोह में सम्माननीय अतिथियों के रूप में सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक के.के. पांडे, बीआर नरवरे, अनिल दुबे, श्रीमती नीलम दुबे, एमपी आथनकर, रविन्द्र यादव, एस आर महाते, श्रीपाद निर्गुडकर मौजूद रहे।

श्री पांडे ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रों के समाज सेवा में योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कम समय में विद्यालय ने उत्तरोत्तर प्रगति की है, वह सराहनीय है। के के पांडे ने कहा, बच्चों ने शिक्षा के साथ समाज सेवा के कार्यों में भी उत्कृष्टता दिखाई है और यह विद्यालय की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय प्रतिभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यालय के बच्चों के समाज सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्री विनायकम स्कूल के विद्यार्थियों ने इससे पूर्व भी संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कई सामाजिक कार्य किए हैं।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में चमके विद्यार्थी
वाद-विवाद प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों ने पक्ष और विपक्ष में जोरदार तर्क रखे। कनिष्ठ श्रेणी में पक्ष में प्रथम पुरस्कार भूमिका बोडखे (कक्षा 9), यामोली मालवी (कक्षा 10) को द्वितीय एवं हंसिका राठौर (कक्षा 9) को तृतीय पुरस्कार दिया गया। वहीं, विपक्ष में अक्षरा गुलहाने (कक्षा 9) को प्रथम, लीना सोलंकी (कक्षा 10) को द्वितीय एवं दिशिका यादव (कक्षा 9) को तृतीय पुरस्कार दिया गया। वरिष्ठ श्रेणी के अंतर्गत 11वीं और 12वीं के अंतर्गत पक्ष में केहकशा नाज (11वीं) को प्रथम, चहक मेहरा (11वीं) को द्वितीय एवं आशका नाज (11वीं) को तृतीय पुरस्कार दिया गया। वहीं, विपक्ष में सृष्टि पाठेकर (कक्षा 12) को प्रथम, श्रुति लोणारे (कक्षा 12) को द्वितीय एवं प्रियल वर्मा (कक्षा 11) को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इस कार्यक्रम का समायोजन कुंज सरले द्वारा किया गया एवं निर्णायक की भूमिका दुर्गेश हनोतिया एवं श्रीमती संजीवनी धोटे द्वारा निभाई गई। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा समस्त अतिथियों को स्मृतिचिन्ह भेंट कर स्कूल डायरेक्टर संजय राठौर द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।