Betul and MP Latest News

Paridhi Administrative dairy :विकास कार्यों को अनावश्यक लंबित रखने पर सख्त कार्रवाई होगी – कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे➡️प्रभात पट्टन के ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर स्कूलों का वातावरण बच्चों के लिए आकर्षक बनाने दिए निर्देश ➡️प्रगतिशील किसान के कस्टम हायरिंग सेंटर का कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कियाकलेक्टर डॉ. सोनवणे नवोदय विद्यालय का किया निरीक्षण निरीक्षण➡️अमृत सरोवर अधूरा मिलने पर सख्त नाराजगी, कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री को नोटिस के निर्देश➡️जनगणना 2027 : प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का अंतिम सत्र 23 अप्रैल से➡️जनगणना 2027: अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने आमजनों को स्वगणना के लिये किया प्रेरित परिधि प्रशासनिक डायरी बैतूल

1️⃣➡️विकास कार्यों को अनावश्यक लंबित रखने पर सख्त कार्रवाई होगी – कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे
प्रभातपट्टन में योजनाओं के क्रियान्वयन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

बैतूल /कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रभातपट्टन क्षेत्र के ग्रामों का सघन भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम पंचायत घाट बिरौली पहुंचकर पीएम आवास योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, संबल पंजीयन एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पीएम श्रम योगी मानधन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पानी की टंकी निर्मित होने के बावजूद उससे जल वितरण नहीं हो पा रहा है। इस पर कलेक्टर ने पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को टंकी की मरम्मत कर शीघ्र जल वितरण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
स्कूल निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि के अनुरूप कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पशुशेड, पौधरोपण, तालाब, खेत तालाब, कपिलधारा, स्वच्छता एवं “एक बगिया मां के नाम” जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की। तालाब निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने एवं समन्वय की कमी पर उन्होंने कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऊर्जा विकास निगम की योजनाओं के अंतर्गत पात्र स्थानों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे बिजली की खपत में कमी आएगी। साथ ही पंचायतों का क्लस्टर बनाकर एकीकृत कचरा प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी एवं स्कूलों के संचालन की स्थिति की भी जानकारी ली।

तालाब गहरीकरण एवं पिचिंग के निर्देश

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने घाट बिरौली पंचायत में तालाब का निरीक्षण कर उसकी साफ-सफाई, गहरीकरण एवं पिचिंग निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

“एक बगिया मां के नाम” योजना का निरीक्षण

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने हितग्राही पिंक बारस्कर के खेत में पहुंचकर “एक बगिया मां के नाम” योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों की गुणवत्ता परखी। उन्होंने पौधों की प्रगति, फेंसिंग एवं सिंचाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय बैरिया, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

2️⃣➡️ प्रभात पट्टन के ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर स्कूलों का वातावरण बच्चों के लिए आकर्षक बनाने दिए निर्देश 
आंगनवाड़ी में भोजन चखकर गुणवत्ता परखी, जर्जर भवन की मरम्मत के निर्देश
बैतूल/कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रभातपट्टन क्षेत्र के ग्रामों के भ्रमण के दौरान प्राथमिक शाला जामुनढाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाजिरी रजिस्टर का अवलोकन कर छात्रों की उपस्थिति, पाठ्यपुस्तक वितरण एवं मिड-डे मील की व्यवस्था की जानकारी ली।
स्कूल में व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन एवं जनभागीदारी के सहयोग से स्कूलों का समग्र वातावरण बच्चों के लिए आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने डेस्क-बेंच की पर्याप्त व्यवस्था, स्कूल भवन का रंगरोगन तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के लिए उपलब्ध रुचिपूर्ण पुस्तकों को अलमारी में बंद रखने के बजाय व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने और उनके अध्ययन के लिए प्रेरित करने को कहा। खेलकूद गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी शिक्षकों को दिए।वोइसके पश्चात कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर कुपोषित बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के पंजीयन तथा पोषण आहार वितरण की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी में प्रदान किए जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी भवन जर्जर स्थिति में पाए जाने तथा छत से पानी रिसाव की समस्या सामने आने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने भवन की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी में शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। पानी का स्थायी स्रोत नहीं होने पर जल जीवन मिशन के तहत स्कूल और आंगनवाड़ी में जल स्रोत विकसित कर नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनपद सीईओ आंचल पवार, तहसीलदार संजय बैरिया, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

3️⃣➡️ प्रगतिशील किसान के कस्टम हायरिंग सेंटर का कलेक्टर डॉ सोनवणे ने किया निरीक्षण
आधुनिक कृषि यंत्रों से बढ़ी आय, अन्य किसानों को भी योजनाओं से जुड़ने की सलाह

बैतूल /कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मुलताई विकासखंड के ग्राम डोब में प्रगतिशील कृषक श्री कमलेश देशमुख के निजी कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध आधुनिक कृषि यंत्रों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली।
कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत कृषक को 9.60 लाख रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ है। कस्टम हायरिंग सेंटर पर ट्रैक्टर, कल्टीवेटर, सुपर सीडर, रीपर कंबाइंडर, रोटावेटर, रिवर्सिबल प्लाऊ एवं ग्रेडिंग मशीन जैसे आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनका कलेक्टर डॉ सोनवणे ने निरीक्षण किया।
कृषक श्री देशमुख द्वारा ई-कृषि यंत्र अनुदान (डीबीटी) योजना के तहत बैकहो लोडर, मिनी दाल मिल सहित अन्य आधुनिक उपकरण भी खरीदे गए हैं, जिन पर शासन से अनुदान मिला है। इन यंत्रों के माध्यम से न केवल स्वयं के कृषि कार्य समय पर हो रहे हैं, बल्कि ग्राम के अन्य किसानों को भी सुविधा मिल रही है, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि हुई है।
निरीक्षण के दौरान सहायक कृषि यंत्री डॉ. प्रमोद कुमार मीणा ने कलेक्टर एवं उपस्थित किसानों को योजना की आवेदन प्रक्रिया और यंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। कलेक्टर ने रीपर कंबाइंडर की कार्यप्रणाली को समझा तथा बैकहो ट्रैक्टर अटैचमेंट के उपयोग के बारे में भी कृषक से जानकारी प्राप्त की।
कृषक द्वारा कामधेनु योजना के अंतर्गत 25 गायों का लाभ भी लिया गया है, जिससे उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हुए हैं। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने किसान के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
4️⃣➡️अमृत सरोवर अधूरा मिलने पर सख्त नाराजगी, कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री को नोटिस के निर्देश
स्वास्थ्य केंद्र, सहकारी समिति और निर्माण कार्यों का कलेक्टर डॉ सोनवणे ने किया निरीक्षण

बैतूल/कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आज प्रभातपट्टन एवं मुलताई विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य शासकीय संस्थाओं के संचालन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम खंबारा में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अमृत सरोवर अपूर्ण एवं अक्रियाशील पाए जाने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए वाटरशेड ट्रीटमेंट, रिज-टू-वैली कॉन्सेप्ट तथा कंटूर ट्रेंच जैसी संरचनाएं विकसित कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ का निरीक्षण

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम बरखेड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों के उपचार, प्रसव सेवाओं, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं फॉलोअप तथा दवाओं की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को आपात स्थिति में बाहर न जाना पड़े। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की बाउंड्रीवाल निर्माण सहित अन्य समस्याएं भी सुनीं।

ई-टोकन व्यवस्था पर जोर

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने आदिम जाति सहकारी समिति बरखेड़ का निरीक्षण कर रजिस्टरों का अवलोकन किया और किसानों को ऋण वितरण की जानकारी ली। उन्होंने ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इस प्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही समिति कार्यालय में ई-टोकन संबंधी जानकारी के पोस्टर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि किसान आसानी से प्रक्रिया समझकर इसका लाभ उठा सकें।निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ आंचल पवार, तहसीलदार संजय बैरिया, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

5️⃣➡️ कलेक्टर डॉ. सोनवणे नवोदय विद्यालय का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, निरंतर कड़ी मेहनत कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने किया प्रेरित

बैतूल/ कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को प्रभात पट्टन विकासखंड स्थित नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय सहित विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी अभिरुचियों के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने क्रिकेटर, डॉक्टर, आर्मी अधिकारी एवं लेखक बनने की अपनी आकांक्षाएं साझा कीं।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने विद्यार्थियों को निरंतर कड़ी मेहनत कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पेन एवं स्केच पेन वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान प्राचार्य श्री सी एस पटेल साथ विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
6️⃣➡️ जनगणना 2027 : प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का अंतिम सत्र 23 अप्रैल से
बैतूल/जनगणना 2027 का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण है। बैतूल कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. श्री सौरभ संजय सोनवणे के नेतृत्व और अपर कलेक्टर तथा जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती वंदना जाट की निगरानी में 23 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 10 ग्रामीण चार्ज और 9 नगरीय चार्ज में आयोजित किया जाएगा।
जिला योजना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि जिले में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण अंतर्गत 30 बैचों में 10 ग्रामीण चार्ज तहसील- आमला, बैतूल, भैंसदेही, भीमपुर, घोड़ाडोंगरी, प्रभातपट्टन, मुलताई, शाहपुर, चिचोली एवं आठनेर में लगभग 730 प्रगणकों एवं 130 पर्यवेक्षकों एवं 09 नगरीय चार्ज क्रमशः बैतूल, आमला, मुलताई, सारनी नगरपालिका और आठनेर, घोडाडोंगरी, चिचोली, शाहपुर एवं भैंसदेही नगर परिषद के लगभग 310 प्रगणकों और 60 पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न होगा। इसमें ज्ञात हो कि 6 प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त हैं। इस प्रकार कुल लगभग 1040 प्रगणक और 190 पर्यवेक्षक प्रशिक्षित होंगे।

–एचएलओ ऐप में 33 प्रश्नों के सटीक संकलन का प्रशिक्षण—
10 ग्रामीण एवं 9 नगरीय चार्ज अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 1040 प्रगणक एवं 190 पर्यवेक्षक सहभागी बनेंगे। इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को एचएलओ हाउस लिस्टिंग एप्लीकेशन के प्रभावी संचालन के साथ-साथ उसमें निर्धारित 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों के सटीक एवं व्यवस्थित संकलन की तकनीक सिखाई जाएगी। चूंकि ये प्रश्न आम नागरिकों की घरेलू स्थिति एवं उपलब्ध संसाधनों से जुड़े हैं, इसलिए उनके संकलन में शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रशासनिक पद्धति अपनाई जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रश्न पूछने की प्रभावी शैली, संवाद कौशल तथा ऐप में त्रुटिरहित डेटा प्रविष्टि की बारीकियों का व्यवहारिक अभ्यास कराया जाएगा, जिससे जनगणना कार्य अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बन सके।
64 फील्ड ट्रेनर्स के द्वारा दिया जाएगा प्रशिक्षण-
उन्होंने बताया कि सभी 19 चार्ज अंतर्गत 30 बैचों में हो रहे इस प्रशिक्षण को जिले में प्रशिक्षित किए गए 64 फील्ड ट्रेनर्स देंगे। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस हैंड्स ऑन अभ्यास भी कराएंगे। सटीक और पारदर्शी जनगणना की मजबूत नींव प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक फील्ड में जाने से पूर्व पूर्ण रूप से दक्ष एवं प्रशिक्षित हों, जिससे जनगणना 2027 का कार्य निर्धारित समय-सीमा में, पारदर्शिता एवं उच्च गुणवत्ता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।

7️⃣➡️जनगणना 2027: अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने आमजनों को स्वगणना के लिये किया प्रेरित
बैतूल /जनगणना 2027 के लिए जिला बैतूल में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. श्री सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशन में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती वंदना जाट द्वारा अपनी प्रत्यक्ष उपस्थिति में स्थानीय स्तर पर स्वगणना की व्यापक जानकारी मय स्टॉफ प्रदाय करके अधिकतम लोगों से स्वगणना करने की अपील की गई।
जिला योजना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि जनगणना 2027 पूर्णतः डिजीटल जनगणना है एवं इसका आकर्षक पहलू स्वगणना सेल्फ इनूमिरेशन है। मध्यप्रदेश में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्वगणना होगी। जिले में पुराने एवं नए कलेक्ट्रेट कार्यालय, बस स्टैंड के आसपास तथा स्थानीय स्तर पर स्थित कार्यालयों में जिला जनगणना कार्यालय द्वारा अभिनव डिजिटल पहल स्व-गणना करवाई गई। इस दौरान स्टॉफ को स्व-गणना के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वयं गणना करने के लिए प्रेरित किया गया।
आमजन को प्रेरित करने हेतु मार्गदर्शन: उक्त अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों के स्टाफ को स्व-गणना के लाभ, इसकी सरल प्रक्रिया एवं समय की बचत के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मौके पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराते हुए स्व-गणना की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। इस पहल का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं प्रभावी बनाना है, साथ ही डिजिटल माध्यम के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना भी है। स्व-गणना को प्रोत्साहित करने के लिए अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती वंदना जाट मय स्टॉफ द्वारा आमजन को मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभिनव डिजिटल पहल से जुड़कर स्वयं अपनी गणना सुनिश्चित कर सकें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.