एमडी, कमिश्नर, कलेक्टर, सीएमएचओ, सीएस पर भारी एक संविदा अधिकारी..!
➡️कार्रवाई के मामले में स्वास्थ्य विभाग का दोहरा रवैया, सीएस पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप, शिकायत मिलते ही एक्शन
➡️दो महीने बाद भी अवैध लैब के लिए नोटिस तक जारी नहीं कर पाए सीएमएचओ..!
➡️संविदा पीजीएमओ की लैब बिना नोटिस, बिना जांच बंद करने का दावा
➡️पैथालॉजी में 1917 एचपीएलसी रिपोर्ट पेंडिंग, सीएस ने मांगा पीजीएमओ से जवाब-सूत्र
परिधि एक्सपोजर बैतूल- 6

स्वास्थ्य विभाग एक संविदा पीजीएमओ डॉ अंकिता सीते के सामने नतमस्तक है, यह कहा जाए तो अनुचित नहीं है, इसकी बानगी दो दिन पहले देखने मिली जब संविदा अधिकारी ने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे के विरुद्ध व्यक्तिगत एवं सरकारी सेवा से जुड़े रिकार्ड की जानकारी पत्रकारों तक पहुंचाने, कामकाज में बार-बार बेवजह दखल देने एवं मानसिक रुप से प्रताडि़त करने की शिकायत की है। यह शिकायत संविदा अधिकारी ने सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा से की है। संभवत: स्वास्थ्य विभाग के पॉवरफुल अधिकारियों के सामने संविदा पीजीएमओ का पॉवर ज्यादा असरदार है, यही वजह है कि सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा ने शिकायत मिलने के तत्काल बाद चार सदस्यीय कमेटी का गठन कर एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश जारी कर दिए है। यहां स्वास्थ्य विभाग का दोहरा रवैया देखने में आया गौरतलब है कि संविदा पीजीएमओ एमबीबीएस एमडी पैथोलॉजी डॉ अंकिता सीते द्वारा निजी आवास पर लंबे समय से अवैध स्वास्थ्यम पैथ लैब का संचालन किया जा रहा है। इस लैब में वे हिस्टौपैथ इन हाऊस भी संचालित कर रही है। परिधि न्यूज द्वारा इस संबंध में दो माह पूर्व समाचार प्रकाशित किया था, लेकिन दो महीने बाद भी इस अवैध कार्य के लिए डॉ सीते को स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी एक नोटिस तक जारी नहीं कर पाये। गौरतलब है कि डॉ सीते की अवैध पैथोलॉजी का मामला एमडी संस्कृति जैन, कमिश्रर धनराजू एस, कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा, सीएस डॉ जगदीश घोरे के संज्ञान में भी है लेकिन अब तक उन पर कार्रवाई के लिए न तो कोई टीम गठित की गई, न कोई जांच अधिकारी स्वास्थ्यम लैब तक पहुंचा और न ही इस संबंध में संविदा अधिकारी को कोई चेतावनी या नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा जिला अस्पताल में कार्यों में भी डॉ सीते की लापरवाही सामने आई, उनकी अनुपलब्धता की वजह से जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में लगभग 2000 एचपीएलसी की जांच पैंडिंग है। सिकल सेल जिला नोडल एवं ब्लड बैंक नोडल होने के नाते डॉ सीते अपनी जिम्मेदारियों से भी जी चुरा रही है। लेकिन उनके द्वारा सीएमएचओ को की गई शिकायत पर तत्काल एक्शन लेने से फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के गलियारों में चर्चा है कि अपनी गलतियों पर पर्दा डालने के लिए डॉ सीते ने यह शिकायत की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में 1917 एचपीएलसी जांच रिपोर्ट पेंडिंग होने के संबंध में सीएस ने अधीन अपने अधीन स्टाफ पीजीएमओ डॉ सीते से जवाब तलब भी किया है। बहरहाल पेंडेंसी को खत्म करने के लिए पीजीएमओ द्वारा क्या प्रयास किए जा रहे है यह जानकारी नहीं है।

सीएमएचओ की गजब तत्परता, कुछ ही घंटे में बन गई कमेटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ अंकिता सीते द्वारा सीएमएचओ को आवेदन क्रमांक 8470 दिनांक 26 नवंबर 2026 को सौंपा गया जिसमें उन्होंने सीएस डॉ घोरे पर व्यक्तिगत एवं सरकारी सेवा से जुड़े रिकार्ड की जानकारी पत्रकारों तक पहुंचाने, कामकाज में बार-बार बेवजह दखल देने एवं निरंतर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा ने तत्काल एक्शन लेते हुए 26 नवंंबर को ही चार सदस्यीय टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। जांच कमेटी में जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 स्थानीय कार्यालय बैतूल, डॉ प्रांजल उपाध्याय (प्रभारी टीकाकरण अधिकारी), जेएस राजपूत मलेरिया अधिकारी, बीएमओ घोड़ाडोंगरी डॉ सुरेन्द्र धाकड़ शामिल है। कमेटी को सभी बिंदुओ की विस्तार से जांच कर सात दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए है। कमेटी के सभी जांच अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से जांच कमेटी में जांच अधिकारी नियुक्त किए जाने संबंधी पत्र भेजा गया है। 26 नवंबर को शिकायत क्रमांक 16994 कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बैतूल द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर बैतूल को सूचनार्थ एवं दीपेश दीक्षित सहायक ग्रेड-3 को जांच में आवश्यक लिपिकीय सहयोग के लिए भेजी गई है।
महिला डॉ ने लगाए प्रताड़ना के आरोप और कमेटी में एक भी महिला नहीं
सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा ने जिस जल्दबाजी से कमेटी बनाने का एक्शन लिया उससे साफ जाहिर है कि किसी दबाव में यह कमेटी बनाई गई है, गौरतलब है कि संविदा अधिकारी डॉ अंकिता सीते के आरोप में मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप है, ऐसे में जांच कमेटी में एक भी महिला सदस्य को शामिल नहीं किया गया है, जिनसे वह सहज होकर अपनी समस्या बता सके। इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक सीनियर अधिकारी की जांच के लिए तीन जूनियर को नियुक्त किया है।
अवैध स्वास्थ्यम लैब सील करने सीएमएचओ कब लेंगे एक्शन

गौरतलब है कि किसी भी अवैध क्लीनिक या पैथोलॉजी को सील करने के लिए स्वास्थ्य, राजस्व एवं नगर पालिका एवं आवश्यकता अनुरुप पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों का दल बनाया जाता है। विभाग द्वारा पूर्व में भी इसी तरह दल बनाकर अवैध क्लीनिक सील करने की कार्रवाई कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर की है, लेकिन डॉ अंकिता सीते की अवैध लैब के मामले में अब तक सीएमएचओ ने जांच दल को मौके पर भेजकर लैब सील करने की कार्रवाई नहीं की है। जबकि परिधि न्यूज से चर्चा में सीएमएचओ का दावा है कि लैब बंद हो गई है। इससे जाहिर है कि संविदा पीजीएमओ एमडी पैथोलॉजी डॉ अंकिता ने कह दिया कि लैब बंद कर दी है और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आंख बंदकर उनकी बात पर भरोसा कर लिया। गौरतलब है कि डॉ सीते के लिंक रोड, चन्द्रशेखर वार्ड स्थिति निवास पर आज भी स्वास्थ्यम पैथ लैब का बोर्ड लगा हुआ है, जस्ट डॉयल पर पर उनके नंबर है, इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट संग्रहण के लिए उनकी अवैध लैब के सामने गाड़ी पहुंचती है। दो दिन पहले 25 नवंबर को भी स्वास्थ्यम लैब के सामने गाड़ी पहुंची थी और यहां मौजूद महिला कर्मचारी द्वारा बाकायदा रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बायोमेडिकल वेस्ट निस्पादन के लिए कंपनी द्वारा रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान ही पैथोलॉजी संचालक से चेक जमा करा लिए जाते है। तीन-तीन माह में बायोमेडिकल वेस्ट के भुगतान के लिए कंपनी के पास जमा चैक से भुगतान होता है। अभी तक कंपनी को डॉ सीते द्वारा बायोमेडिकल वेस्ट के लिए गाड़ी न भेजने संबंधी कोई पत्राचार या मेल नहीं किया है। इससे भी साफ है कि लैब का संचालन जारी है।

अब सवाल है कि दो महीने बाद भी अवैध लैब सील करने के नाम पर विभाग के हाथ पांव आखिर क्यों फूले हुए है, जबकि इस पैथोलॉजी की संचालक जो जिला अस्पताल मे संविदा पीजीएमओ है,कि शिकायत पर विभाग के आला अधिकारी ने कुछ ही घंटे में भी तत्परता से एक्शन ले लिया। परिधि न्यूज से चर्चा में भी सीएमएचओ डॉ शर्मा सीएस के संबंध में शिकायत हुई है यह कहने से बचते रहे। उन्होंने बताया कि शिकायत में किसी का नाम नहीं है। जबकि उनके द्वारा जांच कमेटी को जारी पत्र में बाकायदा डॉ घोरे का उल्लेख है। इधर उन्होंने यह भी दावा किया है कि संविदा पीजीएमओ की अवैध स्वास्थ्यम लैब बंद हो गई है। जब उनसे लैब के सामने बोर्ड लगे होने की बात कहीं तो उन्होंने कलेक्टर साहब की वीसी में होने एवं फ्री होते ही बात करने का कहकर कॉल कट कर दिया।
आखिर किस माननीय ने ली थी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी की क्लास!
जिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य विभाग में चर्चा है कि एक माननीय द्वारा स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी को घर पर तलब कर जमकर फटकार लगाई गई। सूत्रों का दावा है उक्त अधिकारी की माननीय के दरबार में हाजिरी लगवाने के पीछे कोई महिला अधिकारी ही है। चर्चा यह भी है कि माननीय का दखल जिला अस्पताल के सभी कार्यों में रहता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल जिला अस्पताल में आमजनों को सुविधाजनक एवं तत्परता से उपचार मिल सके इस हेतु संवेदनशील और सख्त भी है लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र में लापरवाह अधिकारियों को मिलने वाले संरक्षण से जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं बेपटरी हो रही है। इस बार जब विधायक श्री खण्डेलवाल जिला अस्पताल के निरीक्षण के लिए पहुंचे या स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते है तो उन्हें जिला अस्पताल में पैथोलॉजी का भी निरीक्षण करना चाहिए जहां सिकलसेल थेलीसीमिया जैसी जांचों के लिए मरीजों को तीन-तीन महीने का इंतजार करना पड़ रहा है। सामान्य प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को तीन दिन से अधिक इसलिए भी भर्ती रहना पड़ रहा है कि उनकी एचपीएलसी की रिपोर्ट उन्हें समय पर नहीं मिल पा रही है। जरुरतमंदों को समय पर रक्त नहीं मिल पाता। बहरहाल यह चर्चा है कि अस्पताल की एक महिला अधिकारी को वरिष्ठ अधिकारी कोई निर्देश दे, लापरवाही, देरी, अनुपलब्धता पर सवाल करें तो तुरंत ही किसी माननीय के फोन घनघनाने लगते है। बेपटरी होती अस्पताल की व्यवस्थाओं में कसावट लाने के लिए बैतूल विधानसभा क्षेत्र के माननीय हेमंत खण्डेलवाल से अब यहां के अधिकारी कर्मचारियों को भी आस है। सीएस डॉ घोरे का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाईल नंबर पर कॉल किया गया परन्तु उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
इनका कहना…
डॉ अंकिता सीते की शिकायत मिलने के बाद चार सदस्यीय कमेटी बनाकर जांच के निर्देश दिए है। डॉ सीते की अवैध लैब बंद हो गई है।
डॉ संजीव शर्मा, सीएमएचओ बैतूल
स्वास्थ्यम पैथ लैब से किसी तरह का कोई मेल या पत्राचार नहीं किया गया है। गाड़ी बायोमेडिकल वेस्ट के लिए लैब जाती है।
कौतुक बघेल, इन्वायरो क्लीन साल्यूशन छिंदवाड़ा