Betul and MP Latest News

एमडी-आयुक्त के भी संज्ञान में अवैध पैथोलॉजी का मामला: जिला अस्पताल में 400 से ज्यादा एचपीएलसी रिपोर्ट पेंडिंग

➡️देरी से रिपोर्ट मतलब पॉजिटिव मरीजों के ईलाज में देरी
➡️अवैध स्वास्थ्यम पैथ के मामले में बोले कलेक्टर-करेंगे सीएमएचओ-सीएस से बात

परिधि एक्सपोज़र बैतूल -4

सिकल सेल एवं थैलीसीमिया के मामले में संवेदनशील बैतूल जिले में मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट ही नहीं मिल पा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में 17 नवंबर की स्थिति में 400 से अधिक एचपीएलसी रिपोर्ट लंबित है। रिपोर्ट लंबित होने का आशय यही है कि सही समय पर सिकल सेल रोगी चिन्हित न होने से उसके उपचार में भी देरी होगी। हालांकि सूत्रों की माने तो यह आकड़ा लगभग डबल है, लेकिन जो जानकारी आधिकारिक रुप से सामने आई है उसमें 400 से अधिक जांच रिपोर्ट का पेडिंग होना बताया गया है। कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणेे के संज्ञान में जब एचपीएलसी जांच रिपोर्ट करीब डेढ़ महीनें से पेडिंग होना बताया गया तो उन्होंने सिविल सर्जन को इस संबंध में निर्देशित करने की बात कहीं है। वहीं जिला अस्पताल में पदस्थ संविदा पीजीएमओ, एमबीबीएस एमडी डॉ अंकिता सीते द्वारा अपने निवास पर चलाई जा रही अवैध स्वास्थ्यम लैब/हिस्ट्रोपैथ लैब के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने आश्वस्त किया कि इस संबंध में सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा एवं सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे से वे बात करेंगे। ईधर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की एमडी संस्कृति जैन एवं धनराजू एस आयुक्त स्वास्थ्य विभाग ने भी अवैध लैब संचालन की बात संज्ञान में आने पर कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है।
क्या है एचपीएलसी टेस्ट


एचपीएलसी टेस्ट को आमतौर पर हाई परफॉरमेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी टेस्ट के नाम से जाना जाता है। यह टेस्ट परीक्षण आमतौर पर थैलेसीमिया सिंड्रोम का पता लगाने के लिए किया जाता है। थैलेसीमिया एक विरासत में मिला हुआ ब्लड डिसऑर्डर होता है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाओं का विनाश होता है। जिसकी वजह से किसी रोगी में हीमोग्लोबिन और लाल रक्त कोशिकाओं की गिनती कम होने लग जाती है।
रिपोर्ट में देरी के नुकसान
➡️इलाज में देरी और बीमारी का बढऩा:  समय पर रिपोर्ट न मिलने के कारण डॉक्टर सही दवा या थेरेपी शुरू नहीं कर पाते हैं। गंभीर एनीमिया या सिकल सेल रोग की स्थिति में इलाज रुकने से मरीज की तबीयत बिगड़ सकती है।
➡️ गर्भावस्था में जोखिम: गर्भवती महिलाओं या शादी से पहले थैलेसीमिया की जांच के लिए यह टेस्ट बेहद जरूरी होता है। रिपोर्ट में देरी होने से गर्भ में पल रहे शिशु में आनुवंशिक विकारों का पता लगाने और जरूरी चिकित्सकीय निर्णय लेने का महत्वपूर्ण समय निकल सकता है।
➡️डायबिटीज प्रबंधन में बाधा: यदि यह टेस्ट पिछले 3 महीनों के औसत ब्लड शुगर को जांचने के लिए किया गया है, तो रिपोर्ट लेट होने से इंसुलिन या दवा की खुराक में समय पर बदलाव नहीं हो पाता है।
➡️मानसिक तनाव और चिंता: लंबे समय तक जांच के नतीजों का इंतजार करने से मरीज और उनके परिवार में अनावश्यक घबराहट और मानसिक तनाव बढ़ता है।
➡️ सैंपल खराब होने या दोबारा जांच की नौबत: यदि लैब स्तर पर प्रोसेसिंग में बहुत अधिक देरी होती है, तो रक्त के नमूने की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में सटीक परिणाम के लिए मरीज को दोबारा ब्लड सैंपल देना पड़ सकता है।

2 से 3 दिनों में मिल जानी चाहिए रिपोर्ट
जिला अस्पताल से एचपीएलसी टेस्ट की रिपोर्ट आमतौर पर 2 से 3 दिनों के भीतर मिल जानी चाहिए क्योंकि अस्पताल में मशीन उपलब्ध है, लेकिन जिले में अक्सर डेढ़ से तीन महीनें तक रिपोर्ट नहीं मिल पाती। जिला अस्पताल से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में पूर्ण कालिक पैथोलॉजिस्ट नहीं है। जिला अस्पताल की संविदा एमबीबीएस एमडी पैथालॉजी डॉ अंकिता सीते के पास सिकल सेल नोडल एवं ब्लड बैंक नोडल का भी प्रभार है जिसकी वजह से उनकी उपलब्धता पर ही एचपीएलसी की रिपोर्ट मिल पाती है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल की लैब में एचपीएलसी की जांच के लिए जो मशीन है उसमें एक साथ दस सैम्पल की रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है लेकिन इसके लिए करीब डेढ़ घंटे का समय लगता है। वर्तमान में 400 से अधिक रिर्पोट पेंङ्क्षडंग है और जिला अस्पताल में प्रतिदिन 25-30 सेम्पल का इजाफा होने से पेंडेंसी और बढ़ रही है। रिपोर्ट की पेंडेंसी के आकड़ों से ब्लड बैंक अधिकारी की उपलब्धता का अंदाजा लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल लैब में 5 से 7 नियमित कर्मचारी एवं 7 कर्मचारी साइंस हाऊस प्राईवेट लिमि. के है। एचपीएलसी की जांच तो टैक्रिशियन द्वारा की जा रही है लेकिन रिपोर्ट का सत्यापन पैथोलॉजिस्ट द्वारा ही किया जाना है, डॉ अंकिता सीते की लैब में अक्सर अनुपलब्धता की वजह से सत्यापन न होने से फिलहाल यह आकड़ा 400 पार पहुंच चुका है।
क्या ब्लड बैंक अधिकारी अंकिता सीते की अवैध लैब करेंगे सील..?


ब्लड बैंक अधिकारी संविदा पीजीएमओ डॉ अंकिता सीते द्वारा संचालित स्वास्थ्यम लैब अवैध है यह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जानते है। सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा भी इस संबंध में स्पष्ट कह चुके है कि स्वास्थ्यम लैब अवैध है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ सीते के निवास पर पूर्णत: आधुनिक लैब संचालित है, हिस्ट्रौपैथ के लिहाज से भी वाटर ट्रीटमेंट की व्यवस्था, बीएमडब्ल्यू सर्टिफिकेट, नपा की एनओसी तमाम दस्तावेज जुटाने के बाद ही उन्होंने सीएमएचओ बैतूल कार्यालय में लैब रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाईन आवेदन किया था, लेकिन संविदा अधिकारी होने की वजह से उन्हें लैब संचालित करने की अनुमति किसी भी लिहाज से नहीं दी जा सकती। ऐसी स्थिति में जब यह साफ हो चुका है कि स्वास्थ्यम लैब अवैध है फिर प्रशासन की कार्रवाई अब तक नही होने पर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है। इस संबंध में कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे का भी कहना है कि वे सीएमएचओ एवं सीएस से मैटर को समझेगे। बहरहाल यह तो तय है कि जब तक झुनझुना घर में है वह बजता ही रहेगा। डॉ सीते के पास वह सभी लैब आधारित उपकरण एवं मशीने है जिनके लिए लाईसेंस जरुरी है और उनके द्वारा अवैध रुप से प्रैक्टिस भी की जा रही है। प्रशासन जब तक सख्ती दिखाकर मशीने जब्त या सील करने की कार्रवाई नहीं करेगा मशीनों का उपयोग अवैध रुप से होता ही रहेगा। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग यह कार्रवाई कब तक करेगा।

 

 

इनका कहना…
क्या आपने कलेक्टर सर को बताया है, मुझे आपके माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है, मैं पता करती हूं।
संस्कृति जैन, एमडी एनएचएम म.प्र.
आपके माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है, मैं दिखवाता हूं, ठीक है।

धनराजू एस आयुक्त स्वास्थ्य विभाग मप्र

अभी भी हो रहा है क्या लैब का संचालन, मैं सीएमएचओ एवं सीएस से बात करता हूं। उनसे बात करके इस इश्यू को समझ लेंगे।
डॉ सौरभ संजय सोनवणे, कलेक्टर बैतूल
जिला अस्पताल में एचपीएलसी की विगत डेढ़ माह से करीब 400 रिपोर्ट पेंडिंग है। रिपोर्ट तीन से चार दिन में होती है। हमारे पास फुलटाईम पैथोलॉजिस्ट भी नहीं है। जो है वह सिकल सेल की नोडल भी है, इसलिए उनसे सामंजस्य बनाकर कार्य लेते है, कुछ कैज्यूअलटी ड्यूटी भी रहती है उनकी। हमें हेंड मिल जाए एक पैथोलॉजिस्ट या एक पीजीएमओ और मिल जाए तो राहत मिल जाएगी।
डॉ जगदीश घोरे, सीएस जिला अस्पताल 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.