सिकल सेल स्क्रीनिंग के लिए वाहवाही लूटने वाले जिले में 1917 लोग पॉजिटिव है या नहीं यह जानने तीन महीने से कर रहे इंतजार !!
➡️रिपोर्ट सत्यापन में देरी से हर दिन बढ़ रहे पेंडेंसी के आकड़े, एमडी पैथालॉजी के पास है दूसरे भी जरुरी काम
➡️राज्यपाल महामहिम मंगू भाई पटेल का ड्रीम प्रोजेक्ट बैतूल में फुस्स
➡️अवैध स्वास्थ्यम लैब बंद करवाना स्वास्थ्य विभाग के बस में नहीं..!
परिधि एक्सपोज़र बैतूल 5

महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के तहत प्रदेश में सिकल सेल की जांच, उपचार और जनजागरुकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे है। मई 2026 में जिले के भीमपुर में राज्यपाल ने सिकल सेल और थैलेसीमिया की करीब 10 मिनट में जांच करने वाली गजेल मशीन का शुभारंभ किया था। भीमपुर विकासखंड में लोगों की स्क्रीनिंग एवं जांच के लिए उपलब्ध कराई गई इस मशीन को बैतूल के विभिन्न कार्यक्रमों में आए दिन शोपीस की तरह देखा जा सकता है। खैर सवाल यह है कि सिकल सेल को लेकर राज्यपाल तो गंभीर है, लेकिन बैतूल जिले में उनकी मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन सिकल सेल की जांच कराने मरीज पहुंच रहे है लेकिन उन्हें जो रिपोर्ट दो से तीन दिन में प्राप्त होनी चाहिए वह दो से तीन महीनें बाद भी नहीं मिल पा रही है। इसके पीछे मुख्य वजह एचपीएलसी की रिपोर्ट सत्यापन करने वाली संविदा पीजीएमओ ब्लड बैंक अधिकारी एमडी पैथालॉजी डॉ अंकिता सीते की अनुपलब्धता या कम उपलब्धता है। एचपीएलसी (हाई-परफॉर्मेस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी)रक्त में मौजूद अलग-अलग प्रकार की हीमोग्लोबिन को पहचानने और उनकी सटीक मात्रा मापने की एक उन्नत जांच विधि है,जिसका उपयोग सिकल सेल रोग और सिकल सेल ट्रेट का पता लगाने के लिए किया जाता है।
क्या सीएस को भी दी गई थी गलत जानकारी ?
18 नवंबर को जिला अस्पताल बैतूल के सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे से परिधि न्यूज द्वारा जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में एचपीएलसी रिपोर्ट के पेंडिंग होने की जानकारी मांगी गई थी, डॉ घोरे ने पैथोलॉजी से जानकारी लेने के बाद 400 रिपोर्ट के पेंडिंग होने की जानकारी दी गई। जो एक बड़ा आकड़ा कहा जा सकता है, लेकिन जब परिधि को विश्वस्त सूत्रों से पेंडिंग रिपोर्ट के आकड़े गलत बताये जाने की जानकारी मिली तो दोबारा डॉ घोरे से पुष्टि के लिए सम्पर्क किया गया। आज 25 नवंबर को डॉ घोरे ने पैथालॉजी पहुंचकर स्वयं वस्तुस्थिति जानी और चौकाने वाला आकड़ा सामने आया। जिला अस्पताल में एक सितंबर से आज 25 नवंबर तक एचपीएलसी की पेडिंग रिपोर्ट का आकड़ा 1917 तक पहुंच गया है। गौरतलब है कि प्रतिदिन 25 से 30 जांच जिला अस्पताल में एचपीएलसी की हो रही है लेकिन रिपोर्ट का सत्यापन नहीं होने से यह पेंडेंसी लगातार बढ़ रही है।
जाने कहां-कहां व्यस्त है ब्लड बैंक अधिकारी
संविदा पीजीएमओ एमबीबीएस एमडी पैथोलॉजी अंकिता सीते पांच साल के बॉड पर ब्लड बैंक अधिकारी के रुप में पदस्थ है। पीजीएमओ पैथोलॉजी ब्लड बैंक के साथ पैथोलॉजी का कार्य भी उनकी योग्यता के अनुरुप सौंपा गया है। इसके अलावा रक्तदान शिविर, सिकल सेल नोडल कार्य तथा कुछ आपातकालीन चिकित्सा ड्यूटी(4 शार्ट ड्यूटी) भी उनके द्वारा की जाती है। गौरतलब है कि सिकल सेल के मामले में प्रत्येक कार्यक्रम में डॉ अंकिता सीते द्वारा एक बात दोहराई जाती है कि हमने 8 लाख 80 हजार रोगियो/लोगों की स्क्रीनिंग की है। यह आकड़ा मई 2026 में राज्यपाल मंगू भाई पटेल के कार्यक्रम में 8 लाख 50 हजार था, जो अक्टूबर में सीएम के प्रवास के दौरान 8 लाख 80 हजार पहुंचा और उसके बाद अभी तक बढ़ नहीं पाया है। हालांकि एचपीएलसी जांच के लिए लोग लगातार जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच रहे है। वहीं रिपोर्ट की पेंडेंसी के लिए जिम्मेदार डॉ अंकिता 1917 रिपोर्ट उनके सत्यापन न करने की वजह से पेंडिंग होने के बावजूद गंभीर नहीं है। ऐसे में गैर जिम्मेदार संविदा अधिकारी को सिकल सेल जैसे संवेदनशील कार्यक्रम का नोडल बनाना कितना उचित है?
बैठकों में भी व्यस्तता इसलिए नहीं हो पाता काम

पीजीएमओ पैथोलॉजी की स्वास्थ्य विभाग से लेकर अन्य समन्वय बैठकों में मौजूदगी अनिवार्य रुप से रहती है। आज 25नवंबर को भी वे मप्र अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव द्वारा ली गई विभिन्न विभागों द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक में मौजूद रही। सूत्र बताते है कि संविदा अधिकारी होने के बावजूद डॉ सीते को सभी विभागीय बैठकों में स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। डॉ सीते पर स्वास्थ्य विभाग का इतना अधिक दारोमदार है कि वे अपने मूल कार्यों को समय पर पूरा नहीं कर पा रही है, एक योग्य, संवेदनशील अधिकारी होने के नाते उनसे सभी को अत्यधिक उम्मीदें है और वे उन उम्मीदों पर खरा उतरने का भी प्रयास करती है, साथ ही अपनी निजी स्वास्थ्यम लैब में आने वाले रोगियो/लोगों को भी वह मना नहीं कर पा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डॉ सीते ने पैथोलॉजी में काम करने में असमर्थता भी जता दी है, जबकि वे एक योग्य एमडी पैथोलॉजी है और यह उनकी रुचि का कार्य है। यदि वर्क लोड है तो जानकार कहते है कि सिकल सेल नोडल के रुप में काम करने में डॉ सीते ने असमर्थता जतानी चाहिए, लेकिन राज्यपाल महोदय के इस मिशन में बार-बार एक्सपोज होने का मौका और जिले भर में अपनी लैब के प्रचार का मौका इससे चूक सकता है, लिहाजा उन्होंने समझदारी से यह कदम उठाया होगा। बहरहाल डॉ सीते ने यह असमर्थता किसके सामने जाहिर की है यह जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
एचपीएलसी कार्ड गुम होने वाले भी पेंडेंसी सूची में शामिल
सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में एचपीएलसी की पेंडेंसी लिस्ट में ऐसे मरीज भी शामिल है जिन्होंने किसी कारणवश मूल एचपीएलसी रिपोर्ट गुम कर दी है। उन्हें भविष्य में यूडीआईडी कार्ड, सिकल सेल कार्ड बनवाने तथा पुनर्रुप रिपोर्ट प्राप्त करने हेतु उनकी री सैंपलिग की जाती है जो पहले से ही सिकल सेल के कन्फर्म केस है। साफ़्टवेयर या सर्वर डाऊन होने के कारण भी रिपोर्ट समय पर नहीं दे पाते। उन्होंने अस्पताल में पूर्णकालिक पैथोलॉजिस्ट न होना भी एक कारण बताया है। डॉ घोरे ने बताया कि पेंडेंसी के निराकरण के संबंध में जहां पूर्ण कालिक पैथोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं है, साइंस हाऊस को भी टेस्ट आऊटसोर्स करावने के शासन की ओर से निर्देश है। अस्पताल प्रशासन ने भी आउटसोर्स रिपोॢटंग के माध्यम से लंबित रिपोर्ट को पूर्ण करवाने के लिए साइंस हाऊस को निर्देशित किया गया है। बहरहाल यह तो स्पष्ट है कि जिला अस्पताल में सिकल सेल सत्यापन के लिए नोडल अधिकारी होने के नाते भी डॉ अंकिता की जवाबदेही बनती है लेकिन एक एमडी पैथोलॉजी और एक नोडल सिकल सेल का काम वे अतिव्यस्तता की वजह से नहीं कर पा रही है। यदि यही स्थिति रही तो राज्यपाल के ड्रीम प्रोजेक्ट को जिले में पलीता लगने से कोई नहीं बचा पायेगा।
इनका कहना…
एचपीएलसी की 1917 रिपोर्ट 1 सितंबर से आज 25 नवंबर की स्थिति में पेडिंग है। हमारे पास पूर्णकालिक पैथोलॉजिस्ट नहीं है, साथ ही पीजीएमओ पैथोलॉजी के पास ब्लड बैंक, सिकल सेल नोडल का भी काम है। साइंस हाउस को आउटसोर्स रिपोर्र्टंग के लिए निर्देशित किया है।
डॉ जगदीश घोरे, सीएस जिला अस्पताल बैतूल