बैतूल में सेवाभाव की बड़ी पहल: विशाल कैंसर जांच शिविर में करीब दो सौ मरीज हुए लाभान्वित
✓बैतूल में सेवाभाव की बड़ी पहल: विशाल कैंसर जांच शिविर में करीब दो सौ मरीज हुए लाभान्वित
✓विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की निःशुल्क जांच, दवाएं भी दी, कैंसर विशेषज्ञ बोले—डरने की नहीं, समय पर जांच और जागरूक रहने की जरूरत
परिधि न्यूज बैतूल

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 4 अक्टूबर को बैतूल में सेवाभाव की बड़ी पहल देखने को मिली। बैतूल नागरिक सेवा समिति के तत्वावधान में राधाकृष्ण धर्मशाला, बैतूल गंज में विशाल निःशुल्क कैंसर रोग जांच एवं निदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में करीब दो सौ मरीजों की निःशुल्क जांच की गई और आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी धनराज पगारिया, जगदीश राधव, हेमन्त वागद्रे, नवनीत श्रीवास एवं आनन्द चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
समय पर पहचान से संभव है उपचार
संस्था के अध्यक्ष राजेश गावण्डे ने चिकित्सकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कैंसर एक गंभीर और खर्चीली बीमारी के रूप में सामने आ रही है। कई परिवारों ने इस बीमारी के कारण अपनों को खोया है, लेकिन यदि शरीर में दिखाई देने वाले शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करते हुए समय पर जांच और उपचार कराया जाए तो बीमारी से मुकाबला किया जा सकता है।
उन्होंने दूर-दराज से बैतूल पहुंचकर निःशुल्क सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दी सेवाएं
शिविर में अंजनी अस्पताल परतवाड़ा के प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. प्रभु जवंजाल, अमरावती कैंसर फाउंडेशन के सचिव डॉ. राजेन्द्र सिंह अरोरा, एंडोस्कोपी विशेषज्ञ डॉ. अविनाश जवंजाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी जवंजाल एवं डॉ. अंजली ठाकरे, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. जी.डी. अडवानी, डॉ. नितिन अडवानी, इसके अलावा डॉ. नीता अरोरा, डॉ. जाहिद अली डा. अंजली ठाकरे एवं डीएमएलटी नीलेश काकड़े ने अपनी सेवाएं दीं।

स्थानीय चिकित्सकों में सर्जन डॉ. रमेश काकोड़िया, दंत चिकित्सक डॉ. वैभव साबले, डॉ. संदीप पाल एवं डॉ. मंगेश घोटे भी शिविर में मौजूद रहे और मरीजों की जांच व परामर्श में सहयोग किया।
डॉ. जवंजाल बोले—कैंसर से डरें नहीं, शरीर के प्रति रहें जागरूक
शिविर में कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए डॉ. प्रभु जवंजाल ने कहा कि कैंसर से डरने के बजाय लोगों को अपने शरीर में होने वाले बदलावों के प्रति सजग रहना चाहिए। समय पर बीमारी की पहचान और उचित उपचार महत्वपूर्ण है।
वहीं डॉ. राजेन्द्र सिंह अरोरा ने शिविर में नहीं पहुंच पाने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग बैतूल नागरिक सेवा समिति का पत्र लेकर अमरावती या परतवाड़ा पहुंचेंगे तो उन्हें भी निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर को डॉ. जी.डी. अडवानी एवं हेमन्त वागद्रे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन हेमन्त पगारिया ने किया।
करीब दो सौ मरीजों की हुई निःशुल्क जांच
शिविर में करीब दो सौ मरीजों की स्त्री रोग संबंधी कैंसर, उदर, मुख, नाक, कान, गला एवं दंत कैंसर से संबंधित जांच मशीनों के माध्यम से निःशुल्क की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क मिलने से बैतूल सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को बड़ी सुविधा मिली।
सामाजिक संस्थाएं भी बनीं सेवा अभियान का हिस्सा
बैतूल नागरिक सेवा समिति की इस पहल में अंकुरित आहार परिवार, महावीर इंटरनेशनल और एमआर एसोसिएशन ने भी सेवाएं प्रदान कीं। महावीर इंटरनेशनल की ओर से शिविर में पहुंचे मरीजों एवं लोगों को एनर्जी ड्रिंक और केले का वितरण किया गया।
शिविर में रामू टेकाम, मनोज मालवे, संदीप धुर्वे, राजकुमार अग्रवाल, नवनीत गर्ग, अरुण गोठी, समीर खान, दिनेश महस्की, प्रवीण भावसार, मनीष दीक्षित, निर्गुण देशमुख, अतुल पगारिया, मनीष देशमुख, अभिषेक दाभाड़े, नरेन्द्र पटेल, बंटी राठौर, रितेश पवार, उज्जवल पांसे, आशीष साहू, संतोष शिंदे, शैलेन्द्र बिहारिया, राकेश पण्डागरे, वैभव काले, प्रफुल्ल गोठी, सेंटी वाधमारे, रफी अहमद, सौरभ ठाकुर, राजा सोनी, सरफराज खान, आशीष पवार, तरुण वैद्य, पंकज साबले, दीपक भार्गव, अमृतराव देशमुख, जी.पी. डेहरिया, जयंती लाल गोठी, सुनील नाइक, गबलू पाण्डे, संजय नगदे, संजय रघुवंशी, कमलेश खासदेव, गोल्डी मिश्रा, अभिषेक पवार, योगेश्वर गायकवाड़, अनिल महाले, सुरेन्द्र कनाठे, हितेश ठाकरे, आशिक भाई और नरेश टोपरे सहित महावीर इंटरनेशनल एवं अंकुरित आहार परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कैंसर की जांच से लेकर विशेषज्ञ परामर्श और दवाओं तक की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने वाला यह आयोजन बैतूल में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता की मिसाल बनकर सामने आया।