Betul and MP Latest News

15 करोड़ में  कुकरू, चिखलदरा, मुक्तागिरी और मेलघाट को मिलाकर बनेगा एकीकृत टूरिज्म सर्किट:मुख्यमंत्री डॉ यादव

➡️प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कुकरू पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा,पर्यटन के नक्शे पर उभरेगा कुकरू, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बड़ी सौगात
➡️सैलानियों के आकर्षण के लिए होंगे एडवेंचर स्पोर्ट्स, स्थानीय युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
परिधि न्यूज बैतूल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के हिल स्टेशन कुकरू को प्रदेश के बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कुकरू में पर्यटन विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से कुकरू, चिखलदरा, मुक्तागिरी और मेलघाट को जोड़ते हुए एकीकृत टूरिज्म सर्किट विकसित किया जाएगा।

➡️ईको टूरिज्म, सनराइज-सनसेट प्वाइंट और पर्यटन सुविधाओं का होगा विकास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुकरू में ईको टूरिज्म, सनराइज एवं सनसेट प्वाइंट सहित अन्य प्रमुख दर्शनीय स्थलों का विकास किया जाएगा। पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेस्टोरेंट्स एवं अन्य पर्यटन अधोसंरचना विकसित की जाएगी। साथ ही ट्रैकिंग सहित विभिन्न एडवेंचर स्पोर्ट्स और रोमांचक गतिविधियां प्रारंभ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कुकरू के पर्यटन विकास के लिए बजट में और वृद्धि भी की जाएगी।

➡️कुकरू होमस्टे विकसित करेंगे एमपीटी से होगी बुकिंग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्थानीय जनजातीय ग्रामीण समूहों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने के लिए कुकरू में होमस्टे विकसित किए जाएंगे। इन होमस्टे का संचालन मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम (एमपीटी) के होटलों की तर्ज पर व्यवस्थित रूप से किया जाएगा तथा इनकी बुकिंग की व्यवस्था मध्यप्रदेश टूरिज्म द्वारा की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

➡️’कुकरू नेचुरल’ के तहत होगा स्थानीय उत्पादों का विपणन

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कुकरू अपनी उत्कृष्ट कॉफी के साथ-साथ कोदो कुटकी, आंवला, हनी, हर्रा, बहेड़ा, सफेद मूसली, भिलवा एवं अन्य प्राकृतिक उत्पादों के लिए भी प्रसिद्ध है। इन उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा वन विभाग के सहयोग से “कुकरू नेचुरल ” के नाम से इकाइयां स्थापित की जाएंगी। साथ ही इन उत्पादों के विपणन के लिए वन विभाग द्वारा शहरों में आउटलेट स्थापित किए जाएंगे।

➡️दुग्ध उत्पादों के विक्रय केंद्र होंगे स्थापित

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कुकरू क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन की अपार संभावनाओं को देखते हुए रबड़ी, मावा, दही सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के विक्रय केंद्र भी वन विभाग द्वारा स्थापित किए जाएंगे।

➡️युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार

स्थानीय युवाओं को पर्यटन संबंधी रोजगार से जोड़ने के लिए नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के माध्यम से टूरिस्ट गाइड, ड्राइविंग एवं होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कुकरू में रोबुस्टा एवं अरेबिका कॉफी के ग्रोइंग, कल्टीवेशन एवं प्रोसेसिंग उत्पादन के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से परियोजना स्थापित की जाएगी। कॉफी बोर्ड एवं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को कॉफी उत्पादन के लिए तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।

➡️पशुपालन और जल संरक्षण को भी मिलेगा बढ़ाव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्राम कुकरू में पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराने तथा पशु शेड निर्माण की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थायी समाधान और पर्यटन विकास को गति देने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से तालाब का निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार ग्राम कसई में भी तालाब निर्माण के लिए सर्वे कराया जाएगा। ➡️क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और आधारभूत अधोसंरचना का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने अधोसंरचनात्मक कार्यों की भी घोषणा की। इनमें आयुष विभाग अंतर्गत वेलनेस सेंटर की स्थापना, ग्राम जामुखेड़ा में 70 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण, ग्राम लोकलदरी में 40 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण, ग्राम कसई से भोडियाकुंड तक 85 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण, ग्राम कसई फाटा से भोडियाकुंड तक 65 लाख रुपये तथा जामुखेड़ा से इमलीढाना तक 65 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।इसके अतिरिक्त ग्राम खामला में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका छात्रावास तथा ग्राम कसई में 25 लाख रुपये की लागत से शासकीय उचित मूल्य दुकान का निर्माण भी किया जाएगा। अन्य विकास संभावनाओं के संबंध में विस्तृत सर्वे भी कराया जाएगा।इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, विधायक बैतूल श्री हेमंत खंडेलवाल, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

➡️मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिल स्टेशन कुकुरू में किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकुरू के रेस्ट हाउस परिसर में योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को अपनी दैनिक जीवनशैली में योग को शामिल करने का संदेश दिया। प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित योग सत्र में मुख्यमंत्री ने योग साधक की भांति विभिन्न योगासनों को कर सभी को नियमित योग के प्रति प्रेरित किया।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योगाभ्यास के दौरान मयूरासन, शीर्षासन सहित अन्य कठिन आसनों का भी सहजता एवं पारंगत रूप से प्रदर्शन किया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन एवं शलभासन सहित अनेक योगासनों का स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामूहिक अभ्यास किया। इसके साथ ही नाड़ी शोधन, तितली एवं भ्रामरी प्राणायाम भी किए गए।
इस दौरान अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, वन मंडलाधिकारी श्री लक्ष्मीकांत वासनिक, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक, अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

➡️मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुकरू से पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ
✓आरोही, सोनाली और शारदा को दो-दो बूंद पोलियो की खुराक पिलाई


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय जिले के हिल स्टेशन कुकरू प्रवास के दौरान रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 3 वर्षीय आरोही माहोरे, 3 वर्षीय सोनाली एवं 3 वर्षीय शारदा को पोलियो रोधी दवा की दो-दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलानी चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने और निर्धारित आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.