Betul and MP Latest News

President Draupadi Murmu:मध्यप्रदेश के 4 जिलों का दौरा करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

➡️मध्यप्रदेश के 4 जिलों का दौरा करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

➡️बैतूल, खंडवा, जबलपुर और श्योपुर में होंगे कार्यक्रम

बैतूल में तैयारियां पूरी..

परिधि न्यूज बैतूल
राष्ट्रपति मुर्मू 18 जून से 22 जून तक मध्यप्रदेश में रहेंगी जिसमें वह बैतूल, खंडवा (ओंकारेश्वर), जबलपुर और श्योपुर (कुनो) में विभिन्न कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।इस संबंध में प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक आधिकारिक आदेश जारी किया है जिसमें, राष्ट्रपति के दौरे के दौरान उनके स्वागत एवं विदाई के लिए मंत्रियों को नियुक्त किया गया है।  राष्ट्रपति मुर्मू चार दिवसीय दौरे के दौरान बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम,ओंकारेश्वर मंदिर में धार्मिक आयोजनों, जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके साथ ही कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण भी करेंगी।

➡️राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” महासम्मेलन बैतूल में


राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में आज 18 जून को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, विधायक बैतूल  हेमन्त खंडेलवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का सुबह 10.50 बजे मिलानपुर टोल नाका हेलीपैड पर आगमन होगा। इस दौरान स्वागत के पश्चात राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु मिलानपुर टोल नाका हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के लिये प्रस्थान करेगी। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आगमन के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु द्वारा पौधरोपण कर ब्रम्हकुमारी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ फोटो सेशन होगा। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर विभागों की प्रदर्शिनी का अवलोकन होगा।

मुख्य कार्यक्रम मंच पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद द्वीप प्रज्वलन होगा। इस दौरान मंच पर उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा राष्ट्रपति जी का शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत अभिनन्दन किया जाएगा। राजयोगिनी बी.के. मंजु दीदी संचालक बैतूल मप्र द्वारा स्वागत उदबोधन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती होगी।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु कलश एवं ध्वज द्वारा महासम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। तत्पश्चात राजयोगिनी बी.के. शैलजा दीदी जोनल संचालक मध्यप्रदेश द्वारा उदबोधन, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके व माननीय राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा उदबोधन होगा। इसके बाद राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा। इस दौरान बैतूल के लोक कलाकार महेश इंगले के मार्गदर्शन में तैयार स्वागत नृत्य आदिवासी वेशभूषा में रितिका तरन, प्राची गावंडे, समृद्धि गांवडे, सानवी राठौर, प्रगति इवने और अनमोल पाण्डेय द्वारा,स्वागत गीत दीपशिखा कासदेकर तथा मां भवानी की प्रस्तुति मानवी मौसिक, विष्णुप्रिया कासदेकर तथा अंजली कासदेकर द्वारा प्रस्तुत दी जाएगी।राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु मिलानपुर टोल नाका हेलीपेड के लिये प्रस्थान करेगी। यहां से दोपहर 12:45 बजे राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ओमकारेश्वर के लिए प्रस्थान करेगी।

➡️कमिश्नर, कलेक्टर एवं एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण


राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में 18 जून को आयोजित होने वाले “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को कमिश्नर श्री श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों एवं फाइनल रिहर्सल का अवलोकन किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली गई है। कार्यक्रम स्थल के विभिन्न सेक्टरों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल एवं अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

➡️राष्ट्रपति का मिनट तो मिनट कार्यक्रम
राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह गुरूवार 18 जून को सुबह दिल्ली से निकलेंगी और सुबह 9.25 बजे इंदौर पहुंचेंगी। इसके बाद वे इंदौर से 9.35 बजे हेलिकॉप्टर के माध्यम से बैतूल के लिए रवाना होगी। राष्ट्रपति सुबह 11.10 बजे बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होगी। इसके बाद 12.20 बजे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होगी और 1.40 बजे वहां पहुंचेंगी और शाम 6.20 बजे भगवान ओंकारेश्वर की आरती में भाग लेंगी। द्रौपदी मुर्मू ओंकारेश्वर के एनएचडीसी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद जबलपुर और श्योपुर का दौरे पर जाएंगी।
➡️यह निभाएंगे स्वागत की जिम्मेदारी 
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान उनके स्वागत एवं विदाई के लिए मंत्रियों को नियुक्त किया गया। नियुक्त किए मंत्री निर्धारित जिलों में पूरे समय राष्ट्रपति मुर्मू के साथ रहेंगे और आयोजनों की देख रेख करेंगे। विभाग द्वारा जारी लिस्ट में 18 जून को इंदौर में स्वागत की जिम्मेदारी जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को दी गई है, जबकि 19 जून को विदाई के समय नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहेंगे। 18 जून बैतूल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, 18 एवं 19 जून को खंडवा में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, 20 एवं 21 जून को जबलपुर में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और 21 एवं 22 जून रीवा में नवीन नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला राष्ट्रपति की आगवानी एवं विदाई करेंगे। 22 जून को ग्वालियर में यह जिम्मेदारी फिर से तुलसीराम सिलावट को सौंपी गई है।

➡️राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के चलते बैतूल के कोठी बाजार में नहीं लगेगा साप्ताहिक बाजार
राष्ट्रपति के प्रस्तावित बैतूल आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 18 जून (गुरुवार) को कोठी बाजार क्षेत्र में आयोजित होने वाला साप्ताहिक सब्जी एवं फुटकर बाजार नहीं लगाया जाएगा।जिला प्रशासन के अनुसार राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कोठी बाजार क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक सब्जी एवं फुटकर बाजार को एक दिन के लिए स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
– व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद, बैतूल ने सभी व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं, फुटकर कारोबारियों तथा आम नागरिकों से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण रहेगी।प्रशासन ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि वे साप्ताहिक बाजार के स्थगन की सूचना को गंभीरता से लेते हुए अपनी आवश्यक खरीदारी एवं अन्य कार्यों की पूर्व योजना बना लें। इससे बाजार बंद रहने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.