प्रदेश में 1 करोड़ 29 लाख बहनों को भिखारी की श्रेणी में रख कर सरकार का महिला विरोधी चेहरा हुआ उजागर: कांग्रेस
जनता को भिखारी बताने वाले सत्ता में बैठे मुख्यमंत्री, मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें– राजकुमार केलू उपाध्याय
✓प्रदेश में 1 करोड़ 29 लाख बहनों को भिखारी की श्रेणी में रख कर सरकार का महिला विरोधी चेहरा हुआ उजागर: कांग्रेस
✓जनता को भिखारी बताने वाले सत्ता में बैठे
मुख्यमंत्री, मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें– राजकुमार केलू उपाध्याय
✓भाजपा सरकार के खिलाफ 5 मार्च से 15 मार्च तक होंगे ब्लाक,जिला और प्रदेश स्तरीय विभिन्न कार्यक्रम
परिधि न्यूज बैतूल


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आज पूरे प्रदेश में पत्रकार वार्ता के माध्यम से प्रदेश की भाजपा सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता को भिखारी बताये जाने की ओछी मानसिकता, घृणात्मक-निकृष्ट सोच और भाजपा सरकार की महिला, किसान, युवा और जनविरोधी नीतियों के विरोध में मीडिया के समक्ष जनता की आवाज को बुलंद करने का निर्णय कांग्रेस पार्टी द्वारा लिया गया है। इसी तारम्यम में आज बैतूल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई है। जिसमें प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा प्रदेश की जनता को भिखारी कहें जाने पर सवाल उठाते हुये उसके मुखिया और मंत्रियों पर निशाना साधा गया है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव व प्रवक्ता जिला प्रभारी राजकुमार केलू उपाध्याय ने कहा कि
प्रदेश की भाजपा सरकार ने 20 वर्षों में प्रदेश को बदहाली असुरक्षा और अपमान के गर्त में धकेल दिया है। अब तो हालत यह हो गये है कि जनता को भगवान बताकर वोटे बटोरने वाली भाजपा सरकार अब महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को अब भिखारी तक बता रही है।
जब प्रदेश की 1 करोड़ 29 लाख बहनों ने अपनी मेहनत की कमाई पर अधिकार मांगा, तो सरकार में बैठे पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल और उनकी पार्टी ने उन्हें भिखमंगा कहकर अपमानित किया। क्या महिलाओं को उनके अधिकार मांगने पर अपमानित किया जाएगा? मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री प्रहलाद पटेल बताये कि भाजपा सरकार ने यदि प्रदेश को विकसित बना दिया होता तो टोकना भर-भर कर आवेदन लेकर जनता उनके सामने अपना हक और अधिकार मांगने के लिए क्यों जाती?श्री उपाध्याय ने कहा कि भाजपा राज में जनता की बदहाली की भयानक तस्वीर प्रदेश में सामने आ रही है। महिलाओं का अपमान कर उनका अधिकार छीनने की साजिश की जा रही है। सत्ता पाने के लिए लाड़ली बहना योजना के तहत 3000 रूपये देने का वादा करने वाली भाजपा ने लालच देकर उन्हें पहले 1000 रूपये दिये, 1,250 रू. दिए, और अब धीरे धीरे योजना से अपात्र बताकर महिलाओं को वंचित किया जा रहा है, उनका भविष्य अंधकार में डुबोया जा रहा है। महंगाई और बेरोजगारी के कारण महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री उन्हें ‘भिखारी’ बताकर उनका मनोबल तोड़ने में लगे है।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बर्बादी की कगार पर है, अस्पतालों में न तो डॉक्टर हैं और दवाएं तक नहीं। मरीजों को इलाज नहीं मिलने के कारण वह परेशान होकर दम तोड़ रहे हैं। इलाज के लिए दर-दर भटक रहें हैं और मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे इलाज के लिए मजबूर किया जा रहा है। और जब सरकार से जनता अपनी परेशानियों के लिए आवेदन देती है तो बीजेपी के नेता जनता को भिखारी कहते हुये उनका अपमान कर रही है। यह वहीं भाजपा है जो वोट के लिए नतमस्तक होती है और सत्ता आने पर जनता को भिखारी बताती है।
श्री उपाध्याय ने आगे कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। बीते चार साल से छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली। सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों की भारी कमी के चलते छात्रों का भविष्य अंधकारमय है। लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली, जिससे गरीब और जरूरतमंद छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। तो क्या शिक्षा प्राप्त करना अब भीख मांगना हो गया?
सरकार ने किसानों के लिए कोई राहत नहीं दी, किसान खाद-बीज के लिए भटक रहे किसान, किसानों को खाद और बीज तक नहीं मिल रहा है। कर्ज के बोझ तले दबे किसान आत्महत्या तक करने को मजबूर है। क्या अन्नदाताओं को उनका हक मांगना भीख मांगना कहलाएगा? भाजपा ने किसानों 2700 के गेहूं, 3100 धान, 6000 सोयाबीन के देने के जो वादे किये थे उनका हक मांगना क्या भीख मांगना कहलाता है?
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की भीषण समस्या है महिलाएँ दो – तीन किलोमीटर से पानी ला रही है।
समाज के कमजोर वर्गों को उनका हक नहीं मिल रहा, 4-4, 6-6 महीने से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांग पेंशन लंबित है। बीजेपी सरकार बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के अधिकारों को भीख कहकर उनका अपमान कर रही है।
जिले में आई आई टी एवं आई आई एम की स्थापना करना चाहिए: निलय डागा

पूर्व विधायक निलय डागा ने कहा कि जनता के वोट से विधायक बनते हैं और समस्या के निराकरण के लिए जनता उनके पास आयेंगे और उनकी समस्या का निराकरण उन्हे करना चाहिए न कि उनका अपमान करना चाहिए । भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर हैं। बैतूल सांसद अब केन्द्र में राज्य मंत्री हैं उन्हे इस जिले में आई आई टी एवं आई आई एम की स्थापना करना चाहिए।
भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन – हेमंत वागद्रे

बैतूल जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीजेपी सरकार के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता के हक और अधिकारों के लिए कांग्रेस पार्टी निणार्यक लड़ाई लड़ेगी। इसी कडी में कांग्रेस पार्टी द्वारा 6 मार्च 2025 को ब्लाक स्तर पर मप्र शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला दहन किया जायेगा, जिसमें ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों सहित ब्लाक, मण्डलम एवं सेक्टर के पदाधिकारीगण और कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। वहीं 8 मार्च को कांग्रेस के जिला प्रभारी-सहप्रभारी,पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशियों एवं कांग्रेसजनों की मौजूदगी में जिला मुख्यालयों पर धरना एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंत्री प्रहलाद पटेल से इस्तीफे की मांग की जायेगी। आगामी 10 मार्च को मप्र कांग्रेस के प्रभारी श्री हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष श्री हेमंत कटारे सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा राजधानी भोपाल में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया गया है। वहीं 11 से 15 मार्च तक कांग्रेस के मोर्चा संगठन/ विभागों के अध्यक्षगणों द्वारा मप्र शासन के विभागीय मंत्रियों से विभाग संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जायेगा।
प्रदेश के सभी जिलों के जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ जंगी प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के इस्तीफे की मांग करेगी। तथा यह भी मांग करेगी कि मुख्यमंत्री और मंत्री प्रहलाद पटेल प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगे अन्यथा जनता के विरोध के लिए तैयार रहें। महिलाओं, गरीबों, किसानों, छात्रों और बुजुर्गों को उनका हक नहीं मिला तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
उक्त पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमन्त वागद्रे , पूर्व विधायक निलय डागा , आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम , संभागीय प्रवक्ता हेमन्त पगारिया , कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अनुराग मिश्रा , जिला प्रवक्ता मोनू वाघ , जिला आई टी सेल अध्यक्ष अतुल शर्मा, शहर अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया , राजेश गावण्डे , सरफराज खान, राजा सोनी उपस्थित थे।