शिवम सेवा समिति के प्लास्टिक मुक्त भंडारे में हजारों श्रद्धालु ले रहे प्रसादी
आज होगी भव्य खाटू श्याम भजन संध्या
✓शिवम सेवा समिति के प्लास्टिक मुक्त भंडारे में हजारों श्रद्धालु ले रहे प्रसादी
✓सेवा कार्य के लिए पूर्व सैनिक संगठन ने किया शिवम सेवा समिति का सम्मान
✓आज होगी भव्य खाटू श्याम भजन संध्या
परिधि न्यूज बैतूल

पूर्व सैनिक संगठन ने शिवम सेवा समिति के सेवा कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समिति का सम्मान किया। पूर्व सैनिक संगठन ने शिवम सेवा समिति के प्लास्टिक मुक्त बैतूल और कैंसर जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए इसमें पूरी तरह सहयोग देने की घोषणा की है। संगठन ने कहा कि समिति का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है और पूर्व सैनिक संगठन इस मुहिम में कदम से कदम मिलाकर चलेगा। प्लास्टिक के उपयोग को खत्म करने और कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि समाज को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित बनाया जा सके।उल्लेखनीय है कि महाशिवरात्रि पर भोपाली (छोटा महादेव) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए तीन दिवसीय महाभंडारा आयोजित किया गया है। खास बात यह है कि इस महाभंडारे के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त बैतूल और रक्तदान जागरूकता की अनूठी मुहिम चलाई जा रही है। समिति ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक की बजाय पत्तल दोने और कागज के गिलास का उपयोग किया है, जिससे न सिर्फ स्वच्छता बनी रहे बल्कि पर्यावरण को भी कोई हानि न हो।

समिति के इस सेवा भाव को देखते हुए पूर्व सैनिक संगठन ने समिति के सक्रिय कार्यकर्ता रक्कू शर्मा का विशेष रूप से सम्मान किया। शिवम सेवा समिति हर साल भोपाली मेला एवं अन्य तीर्थ स्थलों पर जाने वाले भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन करती है। इस वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर यह 16वां भंडारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं।समिति ने सभी शिवभक्तों, माताओं-बहनों और किसान भाइयों से अपील की है कि वे इस महाभंडारे में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सेवा और भक्ति का पुण्य लाभ लें।
आज होगी भव्य खाटू श्याम भजन संध्या

आज 27 फरवरी को भंडारा स्थल पर भक्तों के लिए विशेष भजन संध्या आयोजित की जाएगी। गुरुवार रात 7 बजे से बाबा श्याम का दरबार सजेगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक हर्ष शर्मा (नागपुर, महाराष्ट्र) अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। इस दौरान विशाल भंडारा अनवरत जारी रहेगा, जिससे भक्तगण भगवान शिव और खाटू श्याम की भक्ति में लीन होकर प्रसादी ग्रहण कर सकें।