25वीं अखिल भारतीय फिंगरप्रिंट डायरेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश का दबदबा
सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट आबिद अंसारी ने किया प्रदेश का प्रतिनिधित्व देश में दूसरा स्थान ...बैतूल को उम्दा पुलिसिंग के लिए मिल रही शाबाशी

✓ऑल इंडिया डायरेक्टर्स कॉन्फ्रेंस: सीन ऑफ क्राइम इन्वेस्टिगेशन में मध्य प्रदेश को द्वितीय स्थान
✓सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट आबिद अंसारी ने राष्ट्रीय स्तर पर बैतूल को दिलाया सम्मान
परिधि न्यूज बैतूल


नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (NCRB) द्वारा 30-31 जनवरी 2025 को आयोजित 25वीं अखिल भारतीय फिंगरप्रिंट डायरेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में मध्य प्रदेश पुलिस ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए सीन ऑफ क्राइम इन्वेस्टिगेशन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस महत्वपूर्ण सम्मेलन की अध्यक्षता गृह राज्य मंत्री, भारत सरकार माननीय नित्यानंद राय ने की। साथ ही NCRB निदेशक श्री आलोक रंजन (भा.पु.से.), संयुक्त निदेशक श्री संजय माथुर (भा.पु.से.) सहित विभिन्न राज्यों के पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, डायरेक्टर्स एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मध्य प्रदेश पुलिस व बैतूल के लिए गौरव का क्षण

मध्य प्रदेश राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, भोपाल के मार्गदर्शन में बैतूल जिले के फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित किया गया था।पुलिस अधीक्षक बैतूल, निश्चल एन. झरिया के नेतृत्व में निरीक्षक अंसारी ने अपने सर्वश्रेष्ठ सॉल्वड केस का पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया, जिसमें फिंगरप्रिंट साइंस के माध्यम से अपराध सुलझाने की उनकी उत्कृष्ट तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
बैतूल जिले के अपराध अनुसंधान में अहम योगदान
निरीक्षक आबिद अंसारी ने अपने कार्यकाल में बैतूल जिले में फिंगरप्रिंट तकनीक के माध्यम से कई जघन्य अपराधों के मामलों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2024 में ही बैतूल के माननीय न्यायालय द्वारा 5 आपराधिक प्रकरणों में 8 अपराधियों को आजीवन कारावास एवं 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी।इन मामलों में अपराधियों की पहचान एवं उन्हें न्यायिक सजा दिलाने में निरीक्षक अंसारी के वैज्ञानिक विश्लेषण और विशेषज्ञ मत को निर्णायक आधार माना गया।
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश (बैतूल) को द्वितीय स्थान

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के सीन ऑफ क्राइम इन्वेस्टिगेशन एक्सपर्ट्स ने अपने सर्वश्रेष्ठ सॉल्वड केस प्रस्तुत किए। विशेषज्ञ पैनल द्वारा “Role of Fingerprint Science in Crime Investigation” विषय पर मध्य प्रदेश (बैतूल) के मामले को द्वितीय स्थान प्रदान किया गया।इस उपलब्धि के लिए गृह राज्य मंत्री, भारत सरकार, निदेशक NCRB एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षक आबिद अंसारी को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर बैतूल जिले को विशेष स्थान
NCRB द्वारा आयोजित बेस्ट सॉल्वड केस प्रदर्शनी में देशभर के विभिन्न राज्यों के मामलों को प्रदर्शित किया गया था। मध्य प्रदेश से केवल बैतूल जिले के एक मामले – थाना झल्लार के केरपानी हनुमान मंदिर में चोरी का प्रकरण – इस प्रदर्शनी का हिस्सा बना। इसे निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा फिंगरप्रिंट तकनीक से सुलझाया गया था, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
बधाई एवं सराहना
पुलिस अधीक्षक बैतूल निश्चल एन. झरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित जिले एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षक आबिद अंसारी को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी और उनके कार्य की सराहना की।
आधुनिक अनुसंधान और निष्कर्ष
इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस में देश की प्रतिष्ठित फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटीज, जैसे – अमेठी, जयपुर, दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता के वरिष्ठ प्रोफेसरों एवं PhD शोधार्थियों द्वारा क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन में नवीनतम तकनीकों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।ऑल इंडिया डायरेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में बैतूल जिले के फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने मध्य प्रदेश पुलिस का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से अपराध अनुसंधान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है