पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कलेक्टर से की रेत मंडी के लिए भूमि आवंटन की मांग
✓पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कलेक्टर से की रेत मंडी के लिए भूमि आवंटन की मांग
परिधि न्यूज बैतूल

पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कलेक्टर बैतूल को एक आवेदन पत्र प्रस्तुत कर जिले में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए रेत मंडी स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस संबंध में उन्होंने 2 एकड़ भूमि आवंटित करने की मांग की है। सुखदेव पांसे ने कहा कि बैतूल जिले में व्यापारियों और संबंधित पक्षों के लिए रेत मंडी का संचालन आवश्यक है, जिससे व्यापार सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने सुझाव दिया कि यह मंडी शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थापित की जाए, ताकि व्यापारियों को अधिकतम सुविधा मिल सके और यातायात व्यवस्था पर कोई प्रभाव न पड़े।
उन्होंने बताया कि रेत मंडी के संचालन से व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही इससे जुड़े सभी कार्यों में दक्षता आएगी। पांसे ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेगा और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त कार्रवाई करेगा। इस आवेदन की प्रतिलिपि मुख्य डायरेक्टर खनिज, राजस्व मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन भोपाल, जिला खनिज अधिकारी बैतूल और नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर को भी भेजी गई है। संपर्क के लिए सेंड सप्लायर संघ और डंपर यूनियन जिला बैतूल के अध्यक्ष राजकुमार दीवान (यादव) का उल्लेख किया गया है, जिन्होंने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस प्रस्ताव पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और बैतूल जिले में व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने के लिए यह योजना कब तक मूर्त रूप लेती है।
