PARIDHI BREAKING NEWS: रात एक बजे छत के रास्ते घर में घुसे 5 नकाबपोश मां – बेटी के साथ मारपीट कर धमकाया, 5 लाख नगदी सहित करीब 3 लाख के जेवर चुराकर हुए फरार
✓रात एक बजे छत के रास्ते घर में घुसे 5 नकाबपोश, मां- बेटी के साथ मारपीट कर धमकाया, 5 लाख नगदी सहित करीब 3 लाख के जेवर चुराकर हुए फरार
परिधि न्यूज बैतूल

बीती रात चक्कर रोड स्थित एक आवास में अज्ञात नकाबपोशों ने हमला बोल दिया छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने 5 लाख नगदी सहित 3 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवरों पर हाथ साफ किया। सूचना मिलते ही डायल हंड्रेड मौके पर पहुंची वहीं अगले दिन शुक्रवार शाम 4:00 बजे डॉग स्क्वायड एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने मौके का निरीक्षण किया और बारीकी से पड़ताल की। कोतवाली पुलिस द्वारा मामला पंजीबद्ध कर चोरों की तलाश एवं बारीकी से पड़ताल की जा रही है।


गुरुवार शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे चक्कर रोड स्थित दिनेश पिता किशनलाल परिहार के नव निर्मित आवास में 5 अज्ञात नकाबपोश छत के रास्ते दाखिल हुए। लोहे की रॉड, सब्बल के साथ चोरों ने पहले नशे की हालत में एक कमरे में सो रहे घर मालिक दिनेश को पलंग से नीचे खींचा और उस पलंग पेटी में छुपाकर रखे 5 लाख रुपए पर हाथ साफ कर दिया।
दूसरे कमरे में सो रही मां – बेटी को किया घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश पिता किशन लाल परिहार 56 वर्ष बीती रात चक्कर रोड स्थित अपने नवनिर्मित मकान में सो रहे थे वहीं दूसरे कमरे में उनकी पत्नी सुनीता एवं 8 वर्षीय बेटी सो रही थी। रात करीब 1:00 बजे कुछ लोगों ने घर का गेट जोर से ठोकना शुरू किया। सुनीता को किसी के घर में घुसने का आभास हो गया था, उसने तत्काल ही कुछ परिचितों को कॉल करना शुरू कर दिया था।
सुनीता ने सबसे पहले डायल 100 को कॉल किया लेकिन कॉल की फॉर्मेलिटी पूरी करने में वह हड़बड़ा गई और कॉल कट कर दिया। इस बीच एक और परिचित को उसने कॉल किया तब तक चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हो चुके थे।सबसे पहले नकाबपोश चोरों ने नशे की हालत में सो रहे दिनेश के कमरे से 5 लाख की चोरी की और कमरे को बाहर से बंद कर दिया।उसके बाद सुनीता के बेडरूम में पहुंचे चोरों ने पलंग पर सो रही 8 वर्षीय बेटी को पैर पकड़कर पलंग से खींचा और नीचे गिरा दिया। सुनीता से मोबाइल छीनकर उसे तोड़ दिया और सिम भी अपने पास रख ली। एक चोर ने सुनीता के गले पर लोहे की चीज रखकर नगदी और सोने चांदी के जेवर की जानकारी मांगी। पैसे न होने का कहने पर बेटी को जान से मारने की धमकी देते रहे। दोनों मां बेटी को उसी कमरे में एक कोने में बिठाकर पहले कमरे की तलाशी ली और इसके बाद दोनों को कमरे में बंद कर दिया। चोर तीसरे बेडरूम से लॉकर, पेटी और अलमारी में रखे सोने चांदी के करीब 3 लाख रुपए के जेवर, बैंक पासबुक, ए टी एम, रजिस्ट्री एवं ई स्कूटी की चाबी भी साथ ले गए।इस बीच एक लोहे की सब्बल चोर छोड़ गए।

पहली मंजिल का चल रहा काम इसलिए आसानी से घर में घुसे चोर

दिनेश परिहार और उसका परिवार 3 नवंबर को ही गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद इस घर में रहने लगा है। घर की पहली मंजिल का काम चल रहा है जिसकी वजह से बाहरी सीढ़ी से चोर आसानी से छत पर और यहां से सीधे घर में घुस गए।कुछ दिनों पहले ही दिनेश ने एक प्लाट का सौदा डेढ़ करोड़ रुपए में किया है।पत्नी से छुपाकर इस राशि में से 5 लाख रुपए उसने अपने पास रख लिए थे। जो चोर ले उड़े। सुनीता ने बताया कि चोरों ने मां और बेटी दोनो के साथ मारपीट भी की।चोर उसके कानो की बाली भी नोचने लगे थे डरकर उसने अपने हाथ से बाली और नाक की लौंग तक निकाल कर उन्हें दे दी। सुनीता के पति दिनेश शराब पीने के आदि है।जिस तरह से आसानी से इतनी बड़ी चोरी को अंजाम दिया गया उससे कयास लगाए जा रहे है कि चोरों को घर के बारे में पूरी जानकारी पहले से थी।
सीसीटीवी कैमरे को किया डेमेज, डीवीआर ले गए साथ

चोर कितने शातिर थे इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने घर में प्रवेश करने के बाद सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। चोरी के घर में घुसने की सूचना डायल 100 को मिलने के बाद करीब रात 2 बजे डायल 100 मौके पर पहुंची।
कोतवाली टी आई रविकांत डहरिया ने भी निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।शुक्रवार शाम 4 बजे डॉग स्क्वायड एवं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे।पुलिस अज्ञात नकाबपोशों की तलाश में जुटी है।
इनका कहना…
चक्कर रोड स्थित एक आवास में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। डॉग एवं फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है।चोरों की तलाश की जा रही है।
रविकांत डहरिया, टी आई कोतवाली बैतूल