Betul and MP Latest News

फेसबुकिया प्यार चढ़ा परवान:नेपाल से अपनी दुल्हनिया ब्याह लाया दादूढाना का योगेश

जीप से नेपाल के धर्मपुर पहुंची बारात, विदेशी बहुरानी को लेकर आज लौटी

✓फेसबुकिया प्यार चढ़ा परवान:नेपाल से अपनी दुल्हनिया ब्याह लाया दादूढाना का योगेश

✓जीप से नेपाल के धर्मपुर पहुंची बारात, बहुरानी को लेकर आज लौटी
गौरी पदम/मनोहर अग्रवाल
परिधि न्यूज बैतूल


सोशल मीडिया ने भले ही रिश्तों को दूर कर दिया है लेकिन कुछ मामलों में सोशल मीडिया अनजाने लोगों को ऐसे संबंध में भी बांधने में सफल रहा जिन्हें भारत में सात जन्मों का बंधन कहा जाता है। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती की वजह से आज एक युवक और युवती का प्यार परवान चढ़ा और विजयादशमी पर दोनों ने सात फेरे लिए। बारात बैतूल जिले के आदिवासी ग्राम दादूढाना से देश की सीमा लांघकर नेपाल पहुंची और यहां से रीति रिवाज से विवाह बंधन में बंधने के बाद वर-वधु बैतूल लौटे। 16 अक्टूबर को नेपाल के धर्मपुर से दादूढाना आई विदेशी बहू का पूरे गांव ने स्वागत सत्कार किया। गृह प्रवेश की रस्म निभाई गई। वर-वधु जीवन की इस नई शुरुआत से बेहद खुश है।
फेसबुक पर दोस्ती के बाद शादी तक पहुंचा रिश्ता

middle post add

झल्लार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत केरपानी के अंतर्गत आने वाले ग्राम दादूढाना निवासी 25 वर्षीय योगेश पिता मनोहर नागले गुजरात की एक कंपनी में जॉब करता है। दो वर्ष पहले योगेश की दोस्ती फेसबुक पर नेपाल के धर्मपुर में रहने वाली अनिता पिता जंग बहादूर डोगरा से हुई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होते रही और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया। परिधि न्यूज से चर्चा में योगेश ने बताया कि उसने अपने प्रेम संबंध के बारे में परिवार से बिना कुछ छुपाए बातचीत की और अनिता से शादी करने का प्रस्ताव रखा। बेटे की खुशी के लिए माता-पिता रिश्ते के लिए मान गए।
बैतूल से 1300 किमी जीप से गई बारात

योगेश की बारात में उसके करीबी 6 रिश्तेदार शामिल हुए। दादूढाना से नेपाल के धर्मपुर जिला कंचनपुर तक बारात जीप से पहुंची, इसके पहले योगेश ने सभी के नेपाल जाने के संबंधी दस्तावेज की प्रक्रिया पूरी कराई। 1300 किमी का सफर कर बाराती धर्मपुर पहुंचे और यहां रीति-रिवाज से अनिता के साथ योगेश का विवाह सम्पन्न हुआ। योगेश ने बताया कि 14 अक्टबूर को वे नेपाल पहुंचे और 16 अक्टूबर को सुबह दादूढाना वापस आए। पूरे गांव में विदेशी लडक़ी से शादी करने की चर्चाएं हो रही है। गृह प्रवेश के बाद अपनी नई नवेली दुलहन को योगेश ने पड़ोसियों से मिलवाया और अपने खेत की गन्ना बाड़ी दिखाई।
पुलिस को देनी चाहिए जानकारी: एसपी

नेपाल की युवती से भारत के युवक के विवाह के संबंध में एसपी निश्छल झारिया से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि नवयुगल को अपने विवाह संबंधी दस्तावेज सहित अन्य दस्तावेज संबंधित थाने या डीएसबी कार्यालय में जमा कराने चाहिए। ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.