सुबह स्कूल के लिए निकले छटवी – चौथी कक्षा के दो बच्चे, स्कूल पहुंचे न घर..!
टाहली तक पैदल फिर लिफ्ट लेकर चिचोली पहुंच गए ये बच्चे
✓सुबह स्कूल के लिए निकले छटवी – चौथी कक्षा के दो बच्चे, स्कूल पहुंचे न घर..!
✓पुलिस चार घंटे करती रही मशक्कत,चिचोली से दादी लेकर आई वापस
✓टाहली तक पैदल फिर लिफ्ट लेकर चिचोली पहुंच गए ये बच्चे
परिधि न्यूज बैतूल


गुरुवार सुबह स्कूल जाने का कहकर निकले दो बच्चे न स्कूल पहुंचे न ही वापस घर। देर रात जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पुलिस की मदद ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चों को ढूंढना शुरु किया और करीब चार घंटे तक मशक्कत भी की। दोनों बच्चे चिचोली में परिजनों को मिले जहां से एक बच्चे को दादी ने चिचोली पहुंचकर घर ले आई। इधर बच्चे की चौथी के बच्चे की मां और 6 वी के बच्चे के पिता ने बैतूल बाजार पुलिस को बच्चो के गुम होने की सूचना दे दी। चार घंटे की मशक्कत के बाद जब एक बच्चे का बडोरा के भीमनगर में दादी के पास होने की जानकारी मिली तो बैतूल बाजार पुलिस ने करीब 11 बजे बच्चे को दादी के घर से दस्तयाब किया और मां को सूचना दी। करीब 12 बजे बच्चे को मां के सुपुर्द कर एक टीम को चिचोली रवाना किया गया ताकि दूसरे बच्चे को वापस लाकर पिता के सुपुर्द किया जा सके। बच्चों के गुम होने की जानकारी मिलते ही एसपी श्री झारिया ने पुलिस को तत्परता से एवं गंभीरता से बच्चों की तलाश के लिए निर्देशित किया था। परिधि न्यूज से चर्चा में श्री झारिया ने बताया कि दोनों बच्चे सुरक्षित है और अपने परिजनों के साथ है।
यह है पूरा मामला
बडोरा निवासी कक्षा 6वीं एवं कक्षा 4थी में पढऩे वाले दो छात्र गुरुवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले लेकिन दोनों न तो स्कूल पहुंचे और न ही छुट्टी के समय घर पहुंचे। जब रात तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने बैतूल बाजार पुलिस को सूचना दी। एसपी निश्छल झारिया के निर्देशन में बैतूल बाजार पुलिस ने तत्परता से दोनों बच्चों की तलाश शुरु कर दी थी। इसी बीच एक बच्चे की दादी को बच्चों के चिचोली में होने की जानकारी मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार 6वीं में पढऩे वाले बच्चा कक्षा चौथी के बच्चे को टीसी निकालने के बहाने चिचोली ले गया था।ये बच्चे टाहली तक पैदल ही पहुंचे यहां से किसी से लिफ्ट लेकर ये दोनों चिचोली पहुंचे थे। चिचोली में कक्षा 6 वी में पढ़ने वाले बच्चे की बुआ रहती है। इधर चिचोली से जब कक्षा चौथी के बच्चे के परिजनों को कॉल आया तो यहां से दादी ने चिचोली पहुंचकर बच्चे को बैतूल वापस लाया।इधर शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने दादी के घर से एक बच्चे को दस्तयाब कर रात 12 बजे एक टीम को दूसरे बच्चे को लाने के लिए चिचोली भेजा है।बैतूल बाजार पुलिस ने एक बच्चे को समझाईश दी और मां के साथ घर भेज दिया। कक्षा 6वीं का छात्र खबर लिखे जाने तक चिचोली में अपनी बुआ के घर था। इधर बच्चों के सकुशल होने जानकारी मिलने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
इनका कहना…
दोनों बच्चे सकुशल है। पुलिस को सूचना मिलते ही बच्चों की तलाश शुरु कर दी गई थी।
निश्छल झारिया, एसपी बैतूल