बैतूल के बेटे-बहु ने विश्व में फिर परचम लहराया, शीर्ष 2% वैज्ञानिको की सूचि में लगातार दूसरी बार शामिल
✓बैतूल के बेटे-बहु ने विश्व में फिर परचम लहराया, शीर्ष 2% वैज्ञानिको की सूचि में लगातार दूसरी बार शामिल
गौरी बालापुरे पदम/ परिधि न्यूज बैतूल
बैतूल में जन्मे व पले-बढ़े फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ आशीष बड़िये पिता स्व. डॉ. दिलीप बड़िये व उनकी पत्नी डॉ. नीति (कपूर) बड़िये को एक बार फिर (लगातार दूसरे वर्ष) स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं और एल्सेवियर द्वारा प्रकाशित शीर्ष 2% विश्व वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है।
वर्त्तमान में दोनों महाराष्ट्र के नागपुर स्थित शासकीय फोरेंसिक विज्ञान संस्थान में वरिष्ठ श्रेणी सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।16 सितंबर 2024 को प्रकाशित नवीनतम सूची में भारत के 5351 शोधकर्ताओं/वैज्ञानिकों के नाम शामिल हैं। “लीगल व फोरेंसिक मेडिसिन” उपक्षेत्र में युवा दंपत्ति देश में शीर्ष 10 में शुमार है (क्रमशः 5वां और 4था स्थान)।
डॉ. नीति के वर्तमान में 30 एच-इंडेक्स के साथ 20578 स्कोपस साइटेशन हैं। जबकि डॉ. आशीष के 35 एच-इंडेक्स के साथ 21945 स्कोपस साइटेशन हैं।विभिन्न प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पत्रिकाओं में इनके 60 उच्च प्रभाव वाले स्कोपस/डब्ल्यूओएस अनुक्रमित शोध प्रकाशित हैं।_ (नेचर, द लैंसेट, नेचर मेडिसिन, जर्नल ऑफ फॉरेंसिक एंड लीगल मेडिसिन, फॉरेंसिक साइंस रिसर्च, मेडिसिन साइंस एंड द लॉ, इजिप्टियन जर्नल ऑफ फॉरेंसिक साइंस, इंटरनेशनल जर्नल ऑफ लीगल मेडिसिन, बीएमसी रिपोर्ट्स, फ्रंटियर्स इन जेनेटिक्स, आदि).

स्प्रिंगर पब्लिकेशन (इंटरनेशनल) द्वारा “ए टेक्स्टबुक ऑफ़ फॉरेंसिक साइंस” नामक पुस्तक* व सीआरसी प्रेस-टेलर और फ्रांसिस ग्रुप (इंटरनेशनल) द्वारा “फॉरेंसिक माइक्रोस्कोपी: ट्रुथ अंडर द लेंस” नामक पुस्तक का संपादन इन्होने किया है। इन्होने विभिन्न प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रकाशकों (एल्सेवियर, स्प्रिंगर, सीआरसी प्रेस, स्टेटपर्ल्स, नोवा, इत्यादि..) द्वारा प्रकाशित विभिन्न पुस्तकों में 35 से अधिक अध्याय प्रकाशित किये है।
दो पेटेंट भी है दर्ज
उनके नाम 2 पेटेंट दर्ज हैं [ जिनमें से 1 प्रकाशित तथा 1 दायर है] नागपुर पेटेंट फेस्ट-2023 में इन्हे महाराष्ट्र राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्ते सर्वश्रेष्ठ पेटेंट पुरस्कार (टॉप-10) प्राप्त हुआ है। फॉरेंसिक साइंस से संबंधित विभिन्न पहलुओं और विषयों पर पूरे भारत में पुलिस अधिकारियों, लोक अभियोजकों (पब्लिक प्रॉसिक्यूटर्स) और अनेक कॉलेजों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों को अनेक व्याख्यान दिए गए।
फोरेंसिक उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाजे गए डॉ आशीष
डॉ. आशीष बड़िये विगत लगभग 13 वर्षो से शासकीय फोरेंसिक विज्ञान संस्थान, नागपुर में फॉरेंसिक साइंस विषय में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। वह लगभग 11 वर्ष फोरेंसिक साइंस विभाग के प्रमुख रहे है। वह वर्त्तमान में राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय, नागपुर में बोर्ड ऑफ स्टडीज-फोरेंसिक साइंस के अध्यक्ष भी हैं। अंतर्राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान सम्मेलन 2023, नई दिल्ली में फोरेंसिक उत्कृष्टता पुरस्कार (Forensic Excellence Award) से व राष्ट्रीय सम्मेलन 2019, सागर, मध्य प्रदेश में युवा वैज्ञानिक पुरस्कार (Young Scientist Award) से सम्मानित किया गया।
ग्लोबल वूमेन अचीवर अवार्ड से सम्मानित है डॉ नीति
डॉ. नीति विगत लगभग 12 वर्षो से शासकीय फोरेंसिक विज्ञान संस्थान, नागपुर में फॉरेंसिक साइंस विषय में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 8 वर्षों तक EVS विभाग की प्रमुख के रूप में काम किया है। वह वर्त्तमान में राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय, नागपुर में बोर्ड ऑफ स्टडीज-फोरेंसिक साइंस की सदस्य भी हैं। उन्हें भारत के माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हाथों 10वें वार्षिक नागपुर शिखर सम्मेलन 2023 में “ग्लोबल वूमेन अचीवर अवार्ड” से सम्मानित किया गया है।