PARIDHI BREAKING: पॉलिटेक्निक छात्र के साथ 5 बदमाशों ने की मारपीट, चाकू की नोक पर छीना मोबाइल
✓अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध शिकायत करने पहुंचे छात्रों ने सोनाघाटी पुलिस चौकी पर दिया आधे घंटे तक धरना
परिधि न्यूज बैतूल

जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है।पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार करती है और अगली घटना हो जाती है। आज रविवार शाम को करीब 7.30 बजे पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के एक छात्र के साथ 5 बदमाशों ने मारपीट की और चाकू दिखाकर मोबाइल छीन लिया।छात्र छुट्टियां खत्म होने के बाद आज अपने गांव से वापस कॉलेज लौट रहा था उस दौरान झगड़िया मार्ग पर उसे अज्ञात बदमाशों ने घेर लिया।कॉलेज पहुंचे पीड़ित छात्र ने अन्य छात्रों के साथ सोनाघाटी चौकी पहुंचकर शिकायत की। छात्र के साथ हुई मारपीट से आक्रोशित छात्रों ने आधे घंटे तक चौकी के सामने धरना भी दिया। फिलहाल इस मामले में अपराध पंजीबद्ध नहीं किया गया लेकिन चौकी प्रभारी उत्तम मस्तकार तस्दीक में जुट गए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पॉलिटेक्निक कॉलेज में करीब 4 माह पहले प्रवेश पाने वाले प्रथम वर्ष के छात्र के साथ आज शाम अज्ञात बदमाशों ने घेराबंदी कर मारपीट की,उसे चाकू दिखाकर डराया और मोबाइल छीन कर भाग गए।कॉलेज प्राचार्य डॉ अरुण सिंह भदौरिया ने बताया कि वे बैतूल में नहीं है छात्रों ने कॉल पर उन्हें सूचना दी है। छात्रों को शिकायत के लिए चौकी भिजवाया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रों ने यहां आधे घंटे तक धरना प्रदर्शन किया।शिकायत पर समाचार लिखे जाने तक अपराध दर्ज नहीं किया गया था।
देर रात तक कॉलेज के पास रहता है बाहरी लोगों का जमावड़ा
गौरतलब है कि पॉलीटेक्निक कॉलेज से कुछ फीट की दूरी पर अतिक्रमण कर संचालित की जा रही चाय की दुकानों पर शहर के आवारा तत्वों का देर रात तक जमावड़ा रहता है।इस संबंध में पुलिस को पूर्व में शिकायत भी की गई थी।चाय की दुकान पर मादक एवं नशीले पदार्थ की बे रोकटोक बिक्री होती है। कॉलेज लगने और छूटने के टाइम पर छात्राओं को भी मनचले बदमाशों की वजह से परेशान होना पड़ता है। शाम के समय कॉलेज के आसपास के माहौल की वजह से परिसर में रहने वाले परिवार भी बाहर निकलने से कतराते है।छात्र छात्राओं में भी असुरक्षा एवं डर बना रहता है।
इनका कहना…
सूचना मिली है,अभी अपराध दर्ज नहीं किया है, उसी मामले की तस्दीक कर रहे है।छात्र शिकायत के लिए आए थे।कोई धरना नहीं दिया।
उत्तम मस्तकार, प्रभारी, सोनाघाटी चौकी