भीमपुर के लिए कीमती सौगात: राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने किया करीब 4-6 लाख रूपये कीमत की सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जांच मशीन “गजेल” का शुभारंभ
✓भीमपुर के लिए कीमती सौगात: राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने किया करीब 4-6 लाख रूपये कीमत की सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जांच मशीन “गजेल” का शुभारंभ
परिधि न्यूज बैतूल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा बुधवार को भीमपुर में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम के दौरान अत्याधुनिक सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया जांच मशीन “गजेल” का शुभारंभ किया गया। यह मशीन जनजातीय बाहुल्य भीमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थापित की जाएगी।यह आधुनिक मशीन सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया जैसी आनुवांशिक रक्त संबंधी बीमारियों की त्वरित एवं सटीक जांच में सहायक होगी। मशीन के माध्यम से लगभग 10 मिनट में जांच परिणाम प्राप्त किए जा सकेंगे, जिससे समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।“गजेल” मशीन अत्याधुनिक त्वरित जांच तकनीक आधारित सुविधा है, जिसे भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से मान्यता प्राप्त है तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा अनुमोदित किया गया है। मशीन की सहायता से कम समय में अधिक मरीजों की जांच संभव होगी तथा डिजिटल एवं स्वचालित रिपोर्ट प्रणाली के माध्यम से जांच प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।कार्यक्रम में दौरान केंद्रीय मंत्री जनजातीय मामले दुर्गादास उईके, उपाध्यक्ष जन अभियान परिषद मोहन नागर, विधायक भैंसदेही महेंद्र सिंह चौहान, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, सदस्य अनुसूचित जनजाति आयोग मंगल सिंह धुर्वे, आयुक्त नर्मदापुरम श्रीकांत बनोठ, पुलिस महानिरीक्षक मिथलेश कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष जिला पंचायत हंसराज धुर्वे, अध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर भैयालाल इरपाचे , उपाध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्रीमती प्रेमलता कास्दे , सरपंच ग्रामपंचायत भीमपुर मानसिंह नर्रे तथा कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
गैज़ेल थैलीसीमिया मशीन की मुख्य विशेषताएं
➡️तेज परिणाम: यह मशीन केवल 8 मिनट में हीमोग्लोबिन के प्रकार (HbA, HbF, HbS, HbA2) की मात्रा का पता लगा लेती है।
➡️थैलेसीमिया का पता लगाना: यह बीटा थैलेसीमिया (माइनर, मेजर) और वाहक (trait) की स्पष्ट पहचान करने में सक्षम है।
➡️पोर्टेबल और आसान: यह कॉम्पैक्ट और हल्की मशीन है जिसे कहीं भी आसानी से ले जाया जा सकता है। इसे बिना बिजली के भी दिनभर बैटरी पर चलाया जा सकता है।
➡️डिजिटल कनेक्टिविटी: इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ और जीपीएस जैसी सुविधाएं हैं, जिससे डेटा को क्लाउड पर स्टोर या प्रिंट किया जा सकता है।
गैज़ेल (Gazelle) एचबी वेरिएंट टेस्ट सिस्टम की कीमत
गैज़ेल (Gazelle) एचबी वेरिएंट टेस्ट सिस्टम की कीमत मॉडल, डीलर और प्लेटफॉर्म के आधार पर लगभग ₹2,50,000 से ₹6,50,000 के बीच होती है। इस
➡️मार्केट और डिस्ट्रीब्यूटर मूल्य: इंडियामार्ट (IndiaMart) जैसे प्लेटफॉर्म्स और सर्जिकल डीलर्स के माध्यम से इसकी कीमत ₹2,50,000 से ₹2,80,000 तक होती है।
➡️सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) मूल्य: सरकारी या संस्थागत खरीद के लिए, गैज़ेल (Gazelle GZ-100) पॉइंट-ऑफ़-केयर डिवाइस का एमआरपी (MRP) लगभग ₹6,50,000 है, जो GeM पोर्टल पर डिस्काउंट के बाद ₹5,00,000 के आसपास उपलब्ध होती है।
चर्चा में कार्यक्रम

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल बैतूल में वर्तमान में hplc मशीन का उपयोग हो रहा है।बहरहाल भीमपुर सहित जिले में चर्चा है कि एक मशीन के शुभारंभ के लिए डिजाइन किए गए कार्यक्रम में करोड़ रुपए से अधिक खर्च किया गया।इस समय जब सोना न खरीदने, पेट्रोल डीजल बचाने के लिए प्रधान सेवक देशवासियों से अपील कर रहे है ऐसे में तपती दुपहरी में गैजेल मशीन के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर लोग कह रहे है इतने में तो बैतूल के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को दो दो गैजेल मिल जाती ।