Betul and MP Latest News

35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, तीन घायल, दो के हाथ-पैर टूटे

✓35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, तीन घायल, दो के हाथ-पैर टूटे

✓मोड़ पर अनियंत्रित होने से हुआ हादसा, जिला अस्पताल में उपचार जारी

परिधि न्यूज भैंसदेही

 

शनिवार देर रात लगभग 2 बजे भैंसदेही-आठनेर रोड पर गुदगांव और धामनगांव के बीच एक मोड़ पर एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भैसदेही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि दो युवकों को हाथ-पैर टूट गए। यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ।

बताया गया है कि कार में सवार युवक एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमरावती लौट रहे थे। गुदगांव के पास मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वह लगभग 10 फीट ढलान पार करते हुए सडक़ से करीब 20 फीट दूर स्थित कुएं में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवार एक युवक ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 3 बजे कुएं से बाहर निकलने में सफलता पाई।उसने खेतों में सो रहे स्थानीय ग्रामीणों को आवाज लगाकर मदद मांगी। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भैंसदेही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब पांच घंटे के बचाव अभियान के बाद कार में फंसे दो अन्य युवकों को भी बाहर निकाला जा सका। कुएं में लगभग तीन फीट पानी था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे में एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि दूसरे के पैर में गंभीर चोट आई है। एक युवक कार के गेट में फंसा हुआ था, जिसे काफी प्रयासों के बाद बाहर निकाला गया।

घायलों की पहचान राहुल पिता गजानंद (36) निवासी अडवी, जिला अमरावती; कृष्णा बोकदे पिता प्यारेलाल (36) निवासी कन्नौद और सत्यम तोमर निवासी मुरैना के रूप में की गई है। बचाव कार्य में एसआई आशीष कुमरे, आरक्षक परसराम लोखंडे, आरक्षक नरेंद्र, अमर सिंह चौहान, शैलेंद्र मोरे, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक अड़लक, वासु बारस्कर, उमेश मस्की, रमेश बारस्कर, दशरथ दवंडे, सोनु अड़लक, राजा मस्की, किशोर राने, नामदेव बारस्कर सहित गुदगांव और धामनगांव के ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेत मालिक अनिल बारस्कर ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.