सड़क दुर्घटनाओं में कमी हेतु जागरूकता अभियान
ऑटो चालकों और बस ऑपरेटरों का संयुक्त प्रशिक्षण सत्र आयोजित
✓सड़क दुर्घटनाओं में कमी हेतु जागरूकता अभियान का आयोजन
परिधि न्यूज बैतूल

पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक मध्य प्रदेश में आयोजित सड़क सुरक्षा माह के तहत किया जा रहा है।इसी क्रम में यातायात थाना परिसर में ऑटो चालकों और बस ऑपरेटरों का संयुक्त प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। सत्र के दौरान सड़क सुरक्षा उपायों और यातायात के सुगम संचालन पर विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में वाहन चालकों दिए निर्देश

प्रशिक्षण के दौरान नियमित रूप से नाम-पट्ट (नेमप्लेट) और निर्धारित वर्दी पहनने,वाहनों के बीमा, फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने,शराब पीकर वाहन न चलाने,वाहनों में पात्रता से अधिक सवारी न बैठाने और सवारियों के साथ अभद्र व्यवहार न करने,स्कूली बच्चों के परिवहन वाले ऑटो में सेफ्टी जाली लगाने और अग्निशामक यंत्र रखने,बस स्टॉपेज के अतिरिक्त अन्यत्र सवारियां न बैठाने,बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों में पैनिक बटन लगाने और सवारियों को इसके उपयोग की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।इसके अतिरिक्त, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और हाईवे पर गलत दिशा में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही, वाहन चालकों को बताया गया कि नेशनल हाईवे के मेडियन को तोड़कर वाहन न निकालें।तेज गति से वाहन न चलाएं।ग्रामीण सड़कों और हाईवे जंक्शन पर रुककर यातायात के नियमों का पालन करें।पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया ने अपील की है कि सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप दिया जाए और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए। यह अभियान समाज में यातायात नियमों और सुरक्षा उपायों की जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।