कलेक्टर, एसपी और विधायक से सैनिक की मां ने मांगा न्याय, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
✓कलेक्टर, एसपी और विधायक से सैनिक की मां ने मांगा न्याय, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
परिधि न्यूज बैतूल

जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम बरसाली में देश की सेवा कर रहे सैनिक चंद्रप्रकाश यादव और उनके परिवार के साथ दबंगों द्वारा मारपीट और जमीन पर कब्जा करने की घटना के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर सैनिक की मां दुर्गावती यादव ने कलेक्टर, एसपी, थाना प्रभारी और विधायक से न्याय की गुहार लगाई है।
दुर्गावती यादव ने पत्र में लिखा है कि उनका बेटा चंद्रप्रकाश यादव जम्मू-कश्मीर में तैनात है और देश की सेवा के लिए अपनी जान जोखिम में डालता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को सेना में भेजा ताकि देश सुखी हो सके, लेकिन अब उनका परिवार दबंगों की बर्बरता का शिकार हो रहा है। दुर्गावती यादव ने आरोप लगाया कि मुरली पिता रामचरण यादव, लवकेश उर्फ लल्लू यादव, दिलीप यादव पिता मोहन यादव, रोहित यादव पिता हरीराम यादव और 50 से अधिक लोग ट्रैक्टर और जेसीबी लेकर उनके खेत में घुस आए। जब परिवार ने विरोध किया तो उन पर हमला किया गया।
– यह है मामला

घटना के मुताबिक, ग्राम सचिव मुरलीधर यादव, उनके बेटे लवकेश उर्फ लल्लू यादव, दिलीप यादव, रोहित यादव और उनके साथ 50 से अधिक लोगों ने जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर सैनिक चंद्रप्रकाश यादव के खेत में घुसकर कब्जा करने की कोशिश की। सैनिक ने जब उन्हें कोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाया, तो उन्होंने आदेश को फाड़कर परिवार के साथ मारपीट की।घटना के दौरान सैनिक चंद्रप्रकाश यादव, उनकी पत्नी और माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सैनिक ने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं और हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे। जमीन का विवाद सिविल कोर्ट में लंबित है और उस पर स्टे ऑर्डर जारी है। इसके बावजूद दबंगों ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। उन्होंने बताया इस मामले में शिकायत के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वीडियो में दबंगों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं, जिसमें वे बेखौफ होकर मारपीट कर रहे हैं। दुर्गावती यादव ने प्रशासन से अपील की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाए।
