वन विभाग के प्रयासों ने अनुशासन और प्रतिभा निखारने का काम किया: हेमंत खंडेलवाल
वन समिति सदस्यों को रोजगार के नए अवसर, कौशल उन्नयन के बाद नियुक्ति पत्र और लाइसेंस वितरित
✓वन विभाग के प्रयासों ने अनुशासन और प्रतिभा निखारने का काम किया: हेमंत खंडेलवाल
✓वन समिति सदस्यों को रोजगार के नए अवसर, कौशल उन्नयन के बाद नियुक्ति पत्र और लाइसेंस वितरित
✓दक्षिण बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने किया संबोधित
✓कौशल उन्नयन प्रशिक्षण से 26 युवाओं को प्लेसमेंट, 11 हजार 800 से 18 हजार रुपये तक का वेतन

✓वन विभाग ने दिलाया रोजगार, 371 समिति सदस्यों को मिला प्रशिक्षण, 241 को प्लेसमेंट
✓विधायक और सांसद ने वन विभाग की पहल को सराहा, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना
परिधि न्यूज बैतूल

दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल के अंतर्गत वन समिति सदस्यों के कौशल उन्नयन प्रशिक्षण उपरांत रोजगार हेतु नियुक्ति पत्र और लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस वितरण कार्यक्रम का आयोजन 21 दिसंबर को वन विद्यालय बैतूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय दुर्गादास उईके, केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद बैतूल-हरदा-हरसूद उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और कार्यक्रम की अध्यक्षता सुश्री बासु कनौजिया, वन संरक्षक बैतूल वृत्त ने की। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती तरुणा वर्मा, अनुदेशक वन विद्यालय बैतूल ने किया। वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल (सा.) विजयानंतम टी.आर. ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों को विस्तृत रूप से प्रस्तुत किया।
— 30 वन समिति सदस्यों को मिला रोजगार का अवसर—

इस रोजगार उन्मुख कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 वन समिति सदस्यों को रोजगार हेतु नियुक्ति पत्र और लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए गए। प्रशिक्षण के उपरांत 26 प्रशिक्षणार्थियों को राधा एंटरप्राइजेज लिमिटेड, पीथमपुर, इंदौर में 11 हजार 800 रुपये मासिक वेतन पर नियुक्ति मिली है। तीन महीने बाद यह वेतन बढ़कर 15 हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह हो जाएगा।
— 371 सदस्यों का कौशल उन्नयन, 241 को मिला प्लेसमेंट—

दक्षिण बैतूल सामान्य वनमंडल में अब तक कुल 371 वन समिति सदस्यों को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 241 सदस्यों को विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट मिला है, जबकि 130 प्रशिक्षणार्थी स्वरोजगार से जुड़े हुए हैं। विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे ने संबोधित करते हुए वन विभाग की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, वन विभाग द्वारा दिए गए प्रशिक्षण और रोजगार अवसर हमारे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। यह वनों की सुरक्षा के साथ ग्रामीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल ने कहा, वन विभाग के प्रयासों ने बच्चों का अनुशासन और प्रतिभा निखारने का काम किया है। यह कार्यक्रम प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी लागू किया जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए पैसा एक्ट लागू किया गया है। 63 हजार जनजातीय गांवों के विकास के लिए 80 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वन विभाग केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपवनमंडलाधिकारी आमला (सा.) बिरेन्द्र पटेल, उपवनमंडलाधिकारी बैतूल सामान्य श्रेयस श्रीवास्तव, उपवनमंडलाधिकारी भैसदेही (सा.) देवानंद पांडेय, उपवनमंडलाधिकारी मुलताई (सा.) संजय साल्वे, परिक्षेत्र अधिकारी, स्टाफ, वन समिति सदस्य और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रीमती तरुणा वर्मा द्वारा सभी अतिथियों और प्रशिक्षणार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ किया गया।