प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद निगम- मंडलों में होगी नियुक्तियां, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को मिल सकती है नियुक्ति

परिधि न्यूज भोपाल/बैतूल
मध्यप्रदेश में निगम मंडलों में नेताओं की नियुक्तियों का इंतजार थोड़ा और लंबा हो गया है। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही निगम-मंडलों में नेताओं को एडजस्ट किया जाएगा। हालांकि, जिन्हें नियुक्तियां मिलना है, उनकी लिस्ट तैयार है।जिन 8 नेताओं के नाम लगभग तय है, उनमें से तीन बीजेपी, दो कांग्रेस से बीजेपी में शामिल नेता हैं तो एक सिंधिया समर्थक और दो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले नेता हैं।पार्टी सूत्रों का कहना है कि नए सदस्य बनाने के अभियान के बाद अब संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बूथ और मंडल स्तर के चुनाव के बाद जिला और प्रदेश परिषद् के चुनाव होंगे। निगम मंडल की नियुक्तियों में संगठन की राय अहम होती है इसलिए अभी जिन नेताओं के नाम तय है, उन्हें दिसंबर तक का इंतजार करना पड़ेगा।वहीं, दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी इसकी एक वजह है। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम भी 8 प्रमुख नामों में शामिल है।
दूसरी बार के विधायक, 2007 में बैतूल के सांसद भी रहे हेमंत

हेमंत खंडेलवाल बैतूल से दूसरी बार के विधायक हैं। इससे पहले 2007 में वे बैतूल के सांसद भी रह चुके हैं। चुनाव मैनेजमेंट में माहिर कहे जाने वाले हेमंत खंडेलवाल पार्टी कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सूत्र कहते हैं कि प्रदेश संगठन के चुनाव में कोषाध्यक्ष के पद पर किसी और की नियुक्ति हो सकती है, इसलिए खंडेलवाल को निगम-मंडल में एडजस्ट किया जा सकता है।